
Huawei ने पिछले महीने ही टेक मंच पर अपनी नोवा सीरीज़ का विस्तार करते हुए एक साथ तीन नए स्मार्टफोन पेश किए थे। कंपनी की ओर से Nova 5, Nova 5i और Nova 5 Pro को अंर्तराष्ट्रीय बाजार में लॉन्च किया गया था जो फिलहाल चीनी बाजार में सेल के लिए उपलब्ध है। लॉन्च के बाद एक बार फिर यह सीरीज़ चर्चा में है। अब इसी सीरीज़ का एक और नया स्मार्टफोन Nova 5i Pro सामने आया है। Nova 5i Pro को टेना पर देखा गया है जहां फोन की स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हुआ है।
Huawei Nova 5i Pro को चीनी सर्टिफिकेशन्स साइट टेना पर लिस्ट किया गया है। टेना पर यह फोन SPN-AL00/TL00 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट हुआ है जहां फोन की स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हुआ है। Nova 5i Pro की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यहां हुआवई के इस आगामी स्मार्टफोन को 2340 × 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.26 इंच की आईपीएस डिसप्ले पर पेश किया गया है। लिस्टिंग में फोन का डायमेंशन 156.1×73.9×8.3एमएम बताया गया है।
फोन की अन्य स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो Huawei Nova 5i Pro को एंडरॉयड 9.0 पाई आधारित ईएमयूआई पर पेश किया जा सकता है। टेना पर इस फोन में 2.2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर दिए जाने की बात कही गई है। लिस्टिंग के अनुसार Nova 5i Pro को 8जीबी रैम और 6जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया जा सकता है तथा फोन में 128जीबी और 256जीबी की इंटरनल स्टोरेज देखने को मिल सकती है।
Nova 5i Pro के बैक पैनल पर 4 रियर कैमरा सेंसर्स देखने को मिल सकते हैं। टेना के मुताबिक इस फोन में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर दिया जाएगा। इसके साथ ही फोन में 8 मेगापिक्सल का सेकेंडरी और 2 मेगापिक्सल का तीसरा कैमरा सेंसर देखने को मिल सकता है। टेना के अनुसार Nova 5i Pro में सेल्फी के लिए 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
Huawei की ओर से हालांकि अभी तक Nova 5i Pro के लॉन्च संबंधी कोई भी जानकारी नहीं दी गई है लेकिन उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही इस स्मार्टफोन से पर्दा उठाएगी और टेक मंच पर पेश कर देगी।






















