
Huawei कंज्यूमर बिजनेस ग्रुप ने इंडिया में आखिरकार आकर्षक कीमत के साथ अपने नए मिड रेंज स्मार्टफोन Huawei Y9s को लॉन्च कर दिया है। इस डिवाइस को कुछ समय पहले अमेजन इंडिया पर देखा गया था। वहीं, आज डिवाइस को ऑफिशियल तौर पर पेश कर दिया गया है। हुआवई वाई9एस की खासियत की बात करें तो इसमें अल्ट्रा फुल व्यू डिसप्ले है। इस डिवाइस को मिडनाइट ब्लैक और ब्रीदिंग क्रिस्टल कलर ऑप्शन के साथ 20 हजार रुपये से कम कीमत में पेश किया है। आइए आगे जानते हैं वाई9एस की कीमत, स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स से जुड़ी सभी जानकारी।
कीमत और उपलब्धता
हुआवई वाई9एस को 19,990 रुपए में लॉन्च किया गया है। वहीं, अगर बात करें उपलब्धता की तो डिवाइस को एक्सक्लूसिव तौर पर अमेजन इंडिया पर 19 मई से बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा फोन के साथ कंपनी ने कई लॉन्च ऑफर पेश किए हैं। डिवाइस की खरीद पर ग्राहकों को 1,000 रुपए का अमेजन पे कैशबैक और 9 महीने के लिए नो-कॉस्ट ईएमआई का ऑफर मिल रहा है। इसके अलावा यूजर्स को 1,500 रुपए का एक्सचेंज ऑफर भी है।
Huawei Y9s की स्पेसिफिकेशन्स
अगर बात करें फोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की तो इसमें आपको 91 प्रतिशत स्क्रीन टू बॉडी रेशियो वाली अल्ट्रा फुलव्यू डिसप्ले मिलेगा जो कि 1,080 x 2,340 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.59-इंच की फुलएचडी+ ओएलईडी स्क्रीन सपोर्ट करता है। वहीं, डिवाइस 2.2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ हुआवई के ही किरीन 710 चिपसेट के साथ आता है। फोन में 6 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज दी गई है।
फोटोग्राफी के लिए Huawei Y9s के बैक पैनल एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही फोन के रियर पैनल पर एफ/2.4 अपर्चर वाला 8-मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस और एफ/2.4 अपर्चर वाला ही 2-मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर मौजूद है। वहीं सेल्फी के लिए Huawei Y9s एफ/2.2 अपर्चर वाला 16-मेगापिक्सल का पॉप-अप कैमरा सपोर्ट करता है।
Huawei Y9s डुअल सिम फोन है जो 4जी एलटीई सपोर्ट करते हैं। सिक्योरिटी व फोन अनलॉकिंग के लिए जहां Huawei Y9s साईड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करता है वहीं पावर बैकअप के लिए Huawei Y9s में 4,000एमएएच की बैटरी दी गई है। यह स्मार्टफोन एंडरॉयड 9 पाई आधारित ईएमयूआई 9.1 पर पेश रन करता है।



















