
GenZ को शायद ज्यादा जानकारी ना हो लेकिन आज से तकरीबन 10 साल पहले भारतीय बाजार में इंडियन मोबाइल कंपनियों का बोलबाला था। इन कंपनियों में एक नाम Karbonn Mobiles का भी था। साल 2019-2020 के दौरान Karbonn Titanium S10 ब्रांड का आखिरी स्मार्टफोन लॉन्च हुआ था जिसके बाद कॉर्बन के फोन आने बंद हो गए। लेकिन यह मोबाइल कंपनी अब फिर से बाजार में वापिसी कर रही है। ब्रांड का Karbonn ZenZ Pro स्मार्टफोन सामने आया है जिसकी कई अहम स्पेसिफिकेशन्स पर से भी पर्दा उठा गया है।
Karbonn ZenZ Pro
कॉर्बन का नया फोन बेंचमार्क प्लेटफॉर्म गीकबेंच पर स्पॉट हुआ है। यहां स्मार्टफोन के नाम Karbonn ZenZ Pro का भी खुलासा हो गया है। जो गीकबेंच लिस्टिंग सामने आई है वह 27 अगस्त की है। फोन के नाम से प्रतीत होता है कि कंपनी का टारगेट अब यंग जेनरेशन को लुभाने का है। हमारा अनुमान है कि यह अपकमिंग लावा स्मार्टफोन बजट सेग्मेंट में आएगा जिसकी कीमत 10,000 रुपये के करीब हो सकती है।
बेंचमार्क स्कोर की बात करें तो इस अपकमिंग स्मार्टफोन लावा ज़ेनज़ी प्रो को सिंगल-कोर टेस्ट में 422 प्वाइंट्स मिले हैं। वहीं मल्टी-कोर बेंचमार्क स्कोर 1525 प्राप्त हुआ है। गीकबेंच पर यह मोबाइल लेटेस्ट Android 16 OS के साथ लिस्ट हुआ है। वहीं बेंचमार्क प्लेटफॉर्म पर Karbonn ZenZ Pro 6GB RAM के साथ सामने आया है। यह मोबाइल का टॉप वेरिएंट हो सकता है। शायद मार्केट में यह मोबाइल 4GB RAM पर भी लॉन्च कर दिया जाएगा।
Karbonn ZenZ Pro के मदरबोर्ड सेक्शन में k69v1_64 कोडनेम लिखा गया है। यह मीडियाटेक की MT6769 सीरीज से जुड़ा मॉडल है जो मार्केट में MediaTek Helio G80 भी हो सकता है। अगर हीलियो जी80 की ही बात करें तो यह 4G Smartphone का मोबाइल चिपसेट है जो 1.8GHz से लेकर 2.0GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। फोन से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा।
मोबाइल मार्केट में कंपटीशन
इस दिनों Fire-Boltt और Mivi जैसे ब्रांड्स भी भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। और अब Karbonn की वापिसी के बाद इंडियन मोबाइल यूजर्स के पास चुनने के लिए एक और ऑप्शन उपलब्ध हो जाएगा जो कहीं न कहीं मार्केट में कंपटीशन भी बढ़ाएगा। बढ़ी प्रतिस्पर्धा का असर स्मार्टफोन की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है और उम्मीद कर सकते हैं कि बाजार में सस्ते मोबाइल फोन की गिनती भी बढ़ जाएगी।
Jio के साथ साझेदारी
गौरतलब है कि Karbonn Smartphones बेशक बनने बंद हो चुके हैं लेकिन यह कंपनी पूरी तरह से बंद नहीं हुई है। पिछले कुछ सालों में Reliance Jio के साथ मिलकर यह 4G Feature Phone लॉन्च कर चुकी है। इनमें JioBharat A1 Karbonn और JioBharat K1 Karbonn शामिल हैं। इन बटन वाले मोबाइल में जियो सर्विसेज का भी लाभ मिलता है।










