सस्ते स्मार्टफोन Karbonn Rebel और Karbonn Rebel Pro होने वाले हैं इंडिया में लॉन्च, कम रेट पर मिलेगी बड़ी 7000mAh बैटरी

Join Us icon

देसी मोबाइल कंपनी Karbonn ने बीते दिनों ही अनाउंस किया था कि वह स्मार्टफोन बाजार में फिर से वा​पसी कर रही है और कम कीमत पर बढिया मोबाइल लेकर आएगी। वहीं आज ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon पर अपकमिंग कार्बन स्मार्टफोन के नाम, फोटो और स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हो गया है। ब्रांड द्वारा दो मोबाइल फोन लॉन्च किए जा रहे हैं जिनके नाम Karbonn Rebel और Karbonn Rebel Pro हैं। इन अपकमिंग सस्ते 5जी फोन की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।

Karbonn Rebel

सबसे पहले कार्बन रेबल की बात करें तो ब्रांड की ओर से खुलासा कर दिया गया है कि यह कम कीमत में बड़ी बैटरी वाला फोन बनेगा। पावर बैकअप के लिए इस स्मार्टफोन में तगड़ी 7000mAh बैटरी दी गई है जिसके साथ 18W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा। कंपनी ने बताया है कि यह फास्ट चार्जर और यूएसबी टाईप-सी केबल फोन के साथ ही मिलेगी। गौरतलब है कि यह एआई वाला फोन है जिसमें इनबिल्ट Gemini का सपोर्ट दिया गया है।

Karbonn Rebel स्मार्टफोन को 6.75-इंच की HD+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया जाएगा। यह पंच-होल स्टाइल वाली स्क्रीन है जिसपर 90Hz रिफ्रेश रेट और 650nits ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलेगा। यह सस्ता 5जी फोन प्योर एंड्रॉयड 16 वर्जन पर लाया जा रहा है जिसमें 2 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 2 साल की सिक्योरिटी अपडेट मिलेगी। वहीं फोन को धूल और पानी से बचाने के लिए इसे IP64 रेटिंग से लैस किया जाएगा।

Karbonn Rebel Pro

जैसा कि नाम से ही पता चलता है रेबल प्रो सीरीज का बड़ा मॉडल होगा। हमारा अनुमान है कि यह 20 हजार से कम का 5G फोन बनकर आ सकता है। इस मोबाइल में 6.7-इंच की एचडी+ पंच-होल स्क्रीन दी गई है जो ब्रांड के मुताबिक 120Hz रिफ्रेश रेट और 720nits ब्राइटनेस आउटपुट प्रदान करेगी। कंपनी द्वारा शेयर की गई फोटो से खुलासा हुआ है कि इस मोबाइल के लोवर फ्रेम पर यूएसबी टाईप सी पोर्ट, स्पीकर और 3.5एमएम हेडफोन जैक लगाया गया है।

Karbonn Rebel Pro में पावर बैकअप के लिए 6000mAh बैटरी दी गई है जिसके साथ 20W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलेगा। यह मोबाइल भी प्योर एंड्रॉयड 16 ओएस पर लॉन्च किया जाएगा जिसमें कंपनी 2 जेनरेशन की एंड्रॉयड अपग्रेड और 2 साल की सिक्योरिटी अपडेट मिलेगी। चर्चा है कि कार्बन रेबल प्रो को Unisoc T8200 ऑक्टाकोर प्रोसेसर पर लॉन्च किया जा सकता है और इसमें भी Gemini का सपोर्ट मिलेगा।

कंपनी के सीईओ और एमडी प्रदीप जैन के अनुसार नए कार्बन स्मार्टफोन Gen Z को फोकस करके बनाए जा रहा है जो सस्ते स्मार्टफोंस चाहते हैं और कंटेंट क्रिऐट करना पसंद सकते हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार 2 नवंबर को Karbonn Rebel और Karbonn Rebel Pro इंडिया में लॉन्च होंगे और दिवाली के मौके पर भारतीय बाजार में सेल के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here