
कुछ समय पहले सैमसंग ने जानकारी दी थी कि वह जल्द ही ए सीरीज के अंदर नए फोन लॉन्च करने वाली है। अब तक कंपनी अपनी एम और एस सीरीज़ के अंदर हैंडसेट लॉन्च कर चुकी है। लीक के माध्यम से मिली खबर के अनुसार सैमसंग गैलेक्सी ए50, गैलेक्सी ए30 और गैलेक्सी ए20 को कंपनी सबसे पहले लॉन्च करेगी। कुछ दिन पहले हमने सैमसंग गैलेक्सी ए50 और गैलेक्सी ए20 की एक्सक्लूसिव जानकारी दी थी। वहीं, अब सामने आई जानकारी के अनुसार गैलेक्सी ए सीरीज़ को 28 फरवरी को लॉन्च किया जाएगा।
इस बात की जानकारी सैम मोबाइल द्वारा सामने आई है। सैमसंग मेंबर्स ऐप में एक नोटिस से यह बात सामने आई है कि भारत में सैमसंग गैलेक्सी ए-सीरीज़ से 28 फरवरी 2019 को पर्दा उठेगा। मेंबर्स ऐप आमतौर पर नए सॉफ्टवेयर अपडेट और लेटेस्ट ऑफर्स के नोटिफिकेशन देता है, लेकिन अब ऐप में एक नोटिस से गैलेक्सी ए-सीरीज़ के भारत में लॉन्च होने की तारीख का पता चला है।
जानें क्या है फर्क सैमसंग के गैलेक्सी एस10, गैलेक्सी एस10+ और गैलेक्सी एस10ई में
मेंबर्स ऐप में मौजूद नोटिस में एक बात गौर करने वाली है वह यह है कि कंपनी कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई में इवेंट का आयोजन करेगी। कंपनी मेंबर्स ऐप के यूजर्स को अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करने के लिए कह रही है ताकि उन्हें उनके शहर में हो रहे लॉन्च इवेंट के लिए इनवाइट मिल सके।
कुछ समय पहले रिपोर्ट सामने आई थी कि मार्च से जून तक सैमसंग हर महीने एक नए गैलेक्सी ए-सीरीज़ के स्मार्टफोन को उतारेगी। वहीं, कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि सैमसंग गैलेक्सी ए-सीरीज़ के अंतर्गत गैलेक्सी ए10, गैलेक्सी ए30 और गैलेक्सी ए50 को उतारा जाएगा।
उम्मीद की जा रही है कि नए मॉडल इनफिनिटी-वी और इनफिनिटी-यू डिस्प्ले पैनल के साथ आ सकते हैं। हाल में आई रिपोर्ट के अनुसार गैलेक्सी ए50 में 6.14—इंच की सुपर एमोलेड स्क्रीन देखने को मिल सकती है। फोन का स्क्रीन रेजल्यूशन फुल एचडी प्लस होगा और कंपनी इसे 19:9 आसपेक्ट रेशियो में इसे पेश कर सकती है। वहीं हमें जो खबर मिली है उसके अनुसार इसे भी कंपनी वी शेप इनफिनिटी के साथ पेश करेगी जैसा कि सैमसंग गैलेक्सी एम20 में देखने को मिला था।
26 मार्च को आ रही है हुआवई पी30 सीरीज़, सैमसंग को मिलेगी सीधी टक्कर
इसके अलावा 91मोबाइल्स को सैमसंग गैलेक्सी ए20 के डिजाइन के बारे में कुछ और जानकारी मिली थी। जैसे इस फोन में में दो सिम के साथ एक माइक्रोएसडी कार्ड स्लॉट दिया जाएगा। वहीं गैलेक्सी एम20 और एम10 की तरह ही गैलेक्सी ए20 में भी आपको वी शेप नॉच देखने को मिलेगी। वहीं हमें जो खबर मिली है उसके अनुसार कंपनी का ए सीरीज ऑफलाइन स्टोर के लिए हो सकता है। गौरतलब है कि हाल में लॉन्च सैमसंग गैलेक्सी एम10 और गैलेक्सी एम20 को कंपनी ने ऑनलाइन स्टोर में पेश किया था वहीं गैलेक्सी ए सीरीज के नए फोन ऑफलाइन स्टोर में होंगे।





















