
Samsung ने पिछले साल ‘गैलेक्सी ए’ सीरीज़ के तहत Samsung Galaxy A12 स्मार्टफोन लॉन्च किया था। यह मोबाइल फोन 4GB RAM, 48MP Camera और 5000mAh Battery के साथ आया था जो MediaTek Helio P35 चिपसेट पर काम करता है जिसका लॉन्च प्राइस 12,999 रुपये था। वहीं अब खबर आ रही है कि सैमसंग इस गैलेक्सी फोन का एक और नया मॉडल लाने की तैयारी कर रही है और इस नए Samsung Galaxy A12 में Samsung Exynos 850 प्रोसेसर देखने को मिलेगा।
Samsung Galaxy A12 की जानकारी डीलएंडटेक वेबसाइट के जरिये सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक सैमसंग इस फोन का नया मॉडल अपने खुद के बनाए गए एक्सनॉस 850 चिपसेट से लैस कर बाजार में उतारेगी। यह नया वर्ज़न SM-A127F मॉडल नंबर के साथ आएगा तथा प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में 4×2.0 GHz Cortex-A55 + 4×2.0 GHz Cortex-A55 प्रोसेसर दिए जाने की बात कही गई है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस फोन में माली-जी52 जीपीयू देखने को मिलेगा। गौरतलब है कि पहले से मौजूद गैलैक्सी ए12 का हीलियो चिपसेट 12एनएम फेब्रिकेशन पर काम करता है तथा नए मॉडल का एक्सनॉस 850 चिपसेट 8एनएम तकनीक से लैस है।
Samsung Galaxy A12 की स्पेसिफिकेशन्स
बताया जा रहा है कि नए गैलेक्सी ए12 की अन्य स्पेसिफिकेशन्स पुराने मॉडल जैसी ही होगी। इस मोबाइल फोन को 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 720 x 1500 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.5 इंच की एचडी+ टीएफटी इनफिनिटी ‘वी’ डिसप्ले सपोर्ट करता है। यह मोबाइल फोन डुअल सिम सपोर्ट के साथ आता है जो 4जी वोएलटीई पर काम करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ सिक्योरिटी के लिए फोन साईड पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। यह भी पढ़ें : इंडिया आ रहा है Samsung का कम कीमत वाला सस्ता 5G फोन Galaxy A22, Redmi – Realme की बढ़ेगी मुसीबत
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Samsung Galaxy A12 क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ 5 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस, 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस और 2 मेगापिक्सल का ही डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह फोन 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। वहीं पावर बैकअप के लिए इस फोन में 15वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस 5,000एमएएच की बैटरी दी गई है।






















