
OPPO ने 2 सितंबर को इंडिया में अपनी ‘एफ सीरीज़’ का विस्तार करते हुए दो नए स्मार्टफोन OPPO F17 और OPPO F17 Pro लॉन्च किए थे। इनमेें से ओपो एफ17 की कीमत जहां अभी सामने आनी बाकी है वहीं ओपो एफ17 प्रो 22,990 रुपये की कीमत पर आज यानि 7 सितंबर से देश में बिक्री के लिए उपलब्ध हो रहा है। एफ17 सीरीज़ के बाद अब खबर आ रही है कि ओपो टेक मंच पर अपनी ‘ए सीरीज़’ में भी नया स्मार्टफोन जोड़ने की तैयारी कर रही है और इस नए फोन फोन को OPPO A93 नाम के साथ लॉन्च किया जाएगा।
OPPO A93 की जानकारी प्रसिद्ध टिपस्टर इवान ब्लास ने शेयर की है। इवान ने अपने ट्वीटर हैंडल पर ओपो ए93 की कुछ फोटोज़ शेयर की है जिनमें फोन के लुक और डिजाईन का खुलासा हुआ है। फोटो में ओपो ए93 पूरी तरह से भारत में लॉन्च हुए ओपो एफ17 प्रो जैसा प्रतीत हो रहा है। फोन में डुअल पंच-होल डिसप्ले दी गई है। फ्रंट पैनल के तीन किनारें जहां पूरी तरह से बेजल लेस हैं वहीं नीचे की ओर हल्का सा बॉडी पार्ट दिया गया है। स्क्रीन के उपरी बाईं ओर ‘पिल शेप’ में दो होल मौजूद हैं। फोन के बैक पैनल पर उपरी दाईं ओर क्वॉड रियर कैमरा सेटअप लगा है जो स्क्वायर शेप में फिट है।

ओपो ए93 की इन फोटोज़ के सामने आने के बाद माना जा रहा है कि ओपो भारत में लॉन्च हुए OPPO F17 Pro स्मार्टफोन को ग्लोबल मार्केट में OPPO A93 नाम के साथ लॉन्च कर सकती है। इवान द्वारा शेयर की गई फोटोज़ में फोन के ब्लैक और ब्लू कलर वेरिएंट्स भी नज़र आए हैं और ओपो एफ17 प्रो भी इंडिया में Magic Blue, Matte Black और Metallic White कलर में लॉन्च किया गया है। बता दें कि इंडिया में ओपो एफ17 प्रो को 8 जीबी रैम पर लॉन्च किया गया है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है।
ओपो एफ17 प्रो की ही बात करें तो इस फोन को कंपनी की ओर से 2400 x 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.43 इंच की फुलएचडी+ सुपर एमोलेड डुअल पंच-होल डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। एफ17 प्रो की स्क्रीन 180हर्ट्ज़ टच सेंपलिंग रेट और 60हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करती है। यह फोन एंडरॉयड 10 पर लॉन्च हुआ है जो कलरओएस 7.2 के साथ काम करता है। वहीं 2.2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ फोन में मीडियाटेक हीलियो पी95 चिपसेट दिया गया है।
OPPO F17 Pro डुअल सेल्फी कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के फ्रंट पैनल पर एफ/2.4 अपर्चर वाले 16 मेगापिक्सल के प्राइमरी सेंसर के साथ 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह फोन के बैक पैनल क्वॉड रियर कैमरा दिया गया है जिसमें एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, एफ/2.2 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेस, एफ/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल मोनो लेंस और इतने ही अपर्चर वाला 2एम मोनो लेंस मौजूद है। यह फोन 30वॉट VOOC फ्लैश चार्ज 4.0 टेक्नोलॉजी से लैस 4,015एमएएच बैटरी सपोर्ट करता है।



















