
OPPO कंपनी कल यानि 16 जनवरी को भारत में अपनी ‘एफ सीरीज़’ का विस्तार करते हुए नया स्मार्टफोन OPPO F15 लॉन्च करने जा रही है। ओपो के इस नए स्मार्टफोन को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के साथ ही शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट और अमेजन पर भी प्रोडक्ट पेज बना कर लिस्ट किया जा चुका है। OPPO F15 के लॉन्च के लिए कंपनी किसी ईवेंट का आयोजन नहीं कर रही है बल्कि लाईव स्ट्रीमिंग के साथ सॉफ्ट लॉन्च के जरिये यह डिवाईस भारतीय बाजार में कदम रखेगा। यदि आप भी ओपो एफ15 का इंतजार कर रहे हैं तो फोन लॉन्च को अपने घर बैठे-बैठे अपने फोन पर लाईव देख सकते हैं।
OPPO F15 का लॉन्च ईवेंट कल 16 जनवरी को दोपहर 12 बजे शुरू होगा। अपने फैन्स के लिए कंपनी ने इस ईवेंट को इंटरनेट पर लाईव दिखाने की तैयारी की है। OPPO के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और ट्वीटर के साथ ही ओपो एफ15 के लॉन्च को यू-ट्यूब पर लाईव देखा जा सकेगा। इसके साथ-साथ कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी OPPO F15 के लॉन्च ईवेंट को लाईव देखा जा सकता है। यहां आपको बता दें कि यह स्मार्टफोन भारतीय बाजार की ऑनलाईन शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट व अमेज़न के साथ ही रिटेल स्टोर्स पर भी सेल के लिए उपलब्ध होगा।
ऐसी होगी लुक
OPPO F15 को फुलव्यू वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर पेश किया जाएगा। फोन की स्क्रीन तीन किनारों से जहां बेजल लेस होगी वहीं नीचे की ओर थोड़ा चिन पार्ट मौजूद रहेगा। डिसप्ले के उपरी ओर ‘यू’ शेप वाली नॉच दी जाएगी जिसमें फोन का सेल्फी कैमरा फिट होगा। बता दें कि OPPO ने इस फोन की यह नॉच को काफी नैरो रखा है। फोन के बैक पैनल की बात करें तो ओपो एफ15 क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करेगा जो पैनल पर उपरी दाईं ओर स्थित होगा। यह कैमरा सेटअप पैनल से बाहर उभरा हुआ होगा।
कैमरा सेटअप के दाईं ओर ‘Designed For F-Series’ लिखा गया है तथा इसके दाईं फ्लैश सेटअप मौजूद है। ओपो एफ15 के बैक पैनल पर ही नीचली दाईं ओर OPPO की ब्रांडिंग दी गई है। फोन के दाएं पैनल पर जहां पावर बटन दिया गया है वहीं बाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर के साथ सिम स्लॉट मौजूद है। OPPO F15 के लोवर पैनल पर यूएसबी टाईप सी पोर्ट मौजूद है जिसके बाईं ओर 3.5एमएम जैक तथा दाईं ओर स्पीकर दिया गया है।
ये होगी स्पेसिफिकेशन्स
OPPO F15 को 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर बनाया गया है जो 6.4 इंच की वॉटरड्रॉप एमोलेड डिसप्ले सपोर्ट करता है। डिसप्ले की सुरक्षा के लिए कंपनी ने फोन को कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 से प्रोटेक्ट किया है। ओपो एफ15 सिक्योरिटी और फोन अनलॉकिंग के लिए इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट 3.0 सेंसर सपोर्ट करेगा जो कंपनी के दावेनुसार महज़ 0.32 सेकेंड में ही फोन को अनलॉक करेगा। OPPO F15 की मोटाई महज़ 7.9एमएम होगी तथा फोन का वज़न 172ग्राम होगा।
Are you ready to #FlaunItYourWay? @RannvijaySingha and @TechnicalGuruji are coming to launch the stylish and stunning #OPPOF15! Don't forget to tune in on 16th January at 12 PM. Stay tuned for more!https://t.co/MjgJT21Mi3 pic.twitter.com/qYMaQR2XRH
— OPPO India (@oppomobileindia) January 15, 2020
OPPO F15 को क्वॉड रियर कैमरे के साथ लॉन्च किया जाएगा जिसमें प्राइमरी सेंसर 48 मेगापिक्सल का होगा। बता दें कि अन्य कैमरा सेंसर्स में वाइड एंगल लेंस और मैक्रो लेंस भी शामिल रहेंगे। कंपनी द्वारा बताया गया है कि यह स्मार्टफोन VOOC Flash Charge 3.0 तकनीक के साथ बाजार में कदम रखेगा तथा फोन में 4,000एमएएच की बैटरी दी जाएगी। ओपो का कहना है कि यह फोन सिर्फ 5 मिनट के चार्ज में ही यह फोन 2 घंटे का टॉक टाईम देगा। OPPO F15 को इंडिया में 8 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया जाएगा जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करेगा। बता दें कि भारतीय बाजार में इस फोन की कीमत 20,000 रुपये से कम होगी।


















