
इंडियन स्मार्टफोन मार्केट इन दिनों कई बड़े बदलावों की साक्षी बन रही है। एक ओर जहां फोन प्राइक हाइक के चलते फिर से 4GB RAM Smartphones चलन में आने लगे हैं। वहीं दूसरी ओर कई नए मोबाइल ब्रांड भी बाजार में एंट्री ले रहे हैं। Fire-Boltt के फोन लॉन्च हो चुके हैं और Mivi व Karbonn जैसे ब्रांड्स भी नए मोबाइल ला रहे हैं। इस लिस्ट में एक और नया नाम Philips का भी जुड़ गया है। फिलिप्स का 5जी फोन इंडिया में लॉन्च हो गया है जिसे आज 1 सितंबर से ही खरीदा जा सकता है।
Philips 5G फोन का प्राइस
कंपनी की ओर से इस नए 5जी फोन को Philips S7221 5G नाम के साथ पेश किया गया है। शॉपिंग साइट अमेजन पर यह स्मार्टफोन सेल के लिए उपलब्ध हो गया है। यह मोबाइल दो मेमोरी वेरिएंट्स में आया है। बेस वेरिएंट में 6GB RAM + 128GB Storage दी गई है जिसका सेलिंग प्राइस 21,499 रुपये है। वहीं फिलिप्स 5जी फोन के टॉप वेरिएंट को 8GB RAM + 128GB Storage के साथ 23,498 रुपये में सेल के लिए लिस्ट किया गया है। इस फिलिप्स के फोन को अमेजन से Blue, Black और Grey कलर में परचेज किया जा सकता है।
Philips S7221 5G स्पेसिफिकेशन्स
फिलिप्स एस7221 5जी स्मार्टफोन को एंड्रॉयड 16 पर लाया गया है। प्रोसेसिंग के लिए इस मोबाइल में Unisoc T765 चिपसेट दिया गया है। यह 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसेर है जो 2.3गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस मोबाइल में ARM Mali-G57 MC2 जीपीयू मौजूद है। कंपनी ने इसे 6जीबी रैम और 8जीबी रैम पर लॉन्च किया है।
Philips S7221 5G फोन को 720 x 1600 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.67-इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह पंच-होल स्टाइल वाली स्क्रीन एलसीडी पैनल पर बनी है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट दिया गया है। इस फोन स्क्रीन के चारों ओर हल्के बेजल्स मौजूद हैं। बताते चलें कि इस मोबाइल का डायमेंशन 16.8 x 7.8 x 0.8 सेंटीमीटर और वजन 200 ग्राम है।
फिलिप्स एस7221 5जी स्मार्टफोन के बैक पैनल पर OnePlus 15 जैसी लुक देने वाला रियर कैमरा सेटअप लगा है। इस कैमरा मॉड्यूल में एलइडी फ्लैश से लैस 64 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो सेकेंडरी सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह Philips का 5जी स्मार्टफोन 16 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
पावर बैकअप के लिए Philips S7221 5G मोबाइल को 5700mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है जो लंबा बैकअप देने की क्षमता रखती है। फिलहाल चार्जिंग क्षमता की जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन कंपनी ने इसे यूएसबी टाईप सी पोर्ट से लैस किया है। बताते चलें कि यह IP64 रेटिंग वाला फोन है जो इसे डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन प्रदान करती है।










