
Realme ने इसी महीने अपनी तकनीक का प्रदर्शन करते हुए अंर्तराष्ट्रीय बाजार में नया 5G फोन पेश था। इस फोन को Realme 7 5G नाम के साथ यूरोप में लॉन्च किया गया था जिसके लिए कंपनी ने दावा किया था यह यूरोपियन बाजार में मौजूद सबसे सस्ते 5जी स्मार्टफोंस में से एक है। रियलमी के इस बड़े कदम के बाद अब खबर सामने आ रही है कि रियलमी कंपनी OPPO की ही तरह Ace मोनिकर वाले स्मार्टफोन पर काम कर रही है जो Realme Ace टाईटल के साथ टेक मंच पर कदम रख सकता है।
Realme Ace से जुड़ी यह बड़ी खबर गिज़मोचाइना वेबसाइट ने पब्लिश की है। वेबसाइट रिपोर्ट के अनुसार ओपो ऐस सीरीज़ की तरह ही अब रियलमी भी ‘ऐस सीरीज़’ के स्मार्टफोन को बाजार में ला सकता है। OPPO Ace2 इस सीरीज़ का आखिरी फोन था ऐसे में माना जा रहा है कि रियलमी द्वारा लॉन्च किए जाने वाले इस फोन का नाम Realme Ace3 हो सकता है। डिजाईन और स्पेसिफिकेशन्स के मामले में भी इसे ओपो द्वारा लॉन्च किए गए ऐस स्मार्टफोंस जैसा बताया जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार कथित Realme Ace3 स्मार्टफोन को क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 875 चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा। गौरतलब है कि यह चिपसेट क्वॉलकाम के सबसे पावरफुल चिपसेट में से एक है और 5G कनेक्टिविटी सपोर्ट करता है। फोन को लेकर कहा गया है कि यह फास्ट चार्जिंग के साथ बाजार में आएगा तथा 65वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट या फिर 125वॉट अल्ट्राडार्ट फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी रियलमी ऐस स्मार्टफोन में देखने को मिल सकता है। बहरहाल अभी फोन से जुड़ी अन्य जानकारियों को इंतजार करना होगा, क्योंकि यह लॉन्च अभी दूर है।
Realme 7 5G
रियलमी 7 5जी की बात करें तो इस फोन को 2400 × 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.5 इंच की फुलएचडी+ एलसीडी पंच-होल डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। फोन की स्क्रीन 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 180हर्ट्ज़ टच सेंपलिंग रेट पर काम करती है। यह नया रियलमी 7 स्मार्टफोन एंडरॉयड 10 आधारित रियलमी यूआई पर लॉन्च हुआ है जो आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक डायमनसिटी 800यू चिपसेट पर रन करता है। इसी तरह ग्राफिक्स के लिए इस फोन में माली-जी57 एमसी3 जीपीयू दिया गया है। यह भी पढ़ें : इंडिया का सबसे अफॉर्डेबल 5जी फोन Motorola Moto G 5G सिर्फ 20,999 रुपये में हुआ लॉन्च
फोटोग्राफी के लिए रियलमी 7 5जी फोन क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस, 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस और 2 मेगापिक्सल का ही ब्लैक एंड व्हाईट लेंस सपोर्ट करता है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन के फ्रंट पैनल पर 16 मेगापिक्सल का पंच-होल कैमरा दिया गया है।
Realme 7 5G डुअल सिम फोन है जो डुअल मोड 5जी के साथ ही 4जी एलटीई भी सपोर्ट करता है। रियलमी ने अपने नए फोन को डॉल्बी एटमॉस और हाईरेज आडियो तकनीक से लैस कर बाजार में उतारा है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के साईड पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं पावर बैकअप के लिए यह फोन 30वॉट फास्ट चार्जिग तकनीक से लैस 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करता है।




















