Realme C100 5G रिटेलर वेबसाइट पर हुआ लिस्ट, 144Hz डिस्प्ले और 7000mAh बैटरी के साथ आएगा फोन

Realme जल्द ही अपनी C-series में नया 5G स्मार्टफोन लॉन्च कर सकता है। दरअसल आधिकारिक ऐलान से पहले ही Realme C100 5G को यूरोप की रिटेलर वेबसाइट Gomibo और Belsimpel पर देखा गया है। इन प्लेटफार्म पर फोन के अहम स्पेसिफिकेशन और कीमत शेयर की गई है। जिससे लगता है कि कंपनी इस डिवाइस को जल्द बाजार में पेश कर सकती है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
रिटेलर वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार Realme C100 5G में 6.8-इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया जा सकता है, जिसका रिजॉल्यूशन 1570 × 720 पिक्सल हो सकता है। खास बात यह है कि इस बजट सेगमेंट फोन में 144Hz का हाई रिफ्रेश रेट मिलने की बात सामने आई है। जो इसे स्मूद स्क्रॉलिंग और बेहतर गेमिंग अनुभव देने में मदद कर सकता है।
परफॉरमेंस के लिए Realme C100 5G फोन में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया जा सकता है, जो Mali-G57 MC2 GPU के साथ आ सकता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो लिस्टिंग के अनुसार फोन Android 16 के साथ आ सकता है। वेबसाइट पर ColorOS 16 भी दिख रहा है, लेकिन संभावना है कि यह किसी एरर की वजह से हो सकता है। क्योंकि फोन में कंपनी Realme UI वर्जन दे सकती है। स्टोरेज के मामले में डिवाइस 4GB RAM के साथ 128GB और 256GB इंटरनल स्टोरेज विकल्पों में आ सकता है। इसके अलावा माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाने का सपोर्ट भी दिया जा सकता है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो Realme C100 5G में 50MP का मेन रियर कैमरा दिए जाने की जानकारी दी गई है। जिसमें 10x हाइब्रिड जूम का सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 5MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
बैटरी इस फोन की सबसे बड़ी खासियतों में से एक हो सकती है। लिस्टिंग के अनुसार Realme C100 5G में 7000mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जो लंबे समय तक उपयोग के लिए बढ़िया साबित हो सकती है। हालांकि फिलहाल चार्जिंग स्पीड के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन वेबसाइट पर यह जरूर बताया गया है कि बॉक्स में चार्जर शामिल होगा।
कनेक्टिविटी फीचर्स की बात करें तो Realme C100 5G फोन में ड्यूल-बैंड Wi-Fi (2.4GHz और 5GHz), Bluetooth 5.3 और GPS सपोर्ट दिया जा सकता है। इसके अलावा इसमें सिंगल मोनो स्पीकर और MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन मिलने की भी जानकारी सामने आई है। डिजाइन के मामले में फोन के ग्रीन और पर्पल कलर ऑप्शन में आने की बात देखी गई है। इसका डायमेंशन 166.38mm × 78.13mm × 8.45mm और वजन लगभग 212 ग्राम बताया गया है।
कीमत की बात करें तो फ्रांस में 4GB + 128GB वैरियंट को €237 यानी लगभग 25,000 रुपये और 4GB + 256GB मॉडल को €256 करीब 27,100 रुपये में लिस्ट किया गया है। हालांकि अलग-अलग यूरोपीय देशों में इसकी कीमत थोड़ी अलग रखी जा सकती है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही ब्रांड इसे आधिकारिक तौर पर बाजार में ला सकता है। हम आपको आगे भी इसके बारे में अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।