12GB रैम, 5800mAh बैटरी, 50MP कैमरा के साथ सस्ते में लॉन्च हुआ REDMI Note 15, जानें चाइना प्राइस

Xiaomi की सब ब्रांड Redmi ने चीन में अपनी नई REDMI Note 15 Pro सीरीज के साथ REDMI Note 15 5G स्मार्टफोन भी लॉन्च किया है। यह फोन कम बजट में डिजाइन और परफॉर्मेंस दोनों के लिए अच्छा लग सकता है। यह उन यूजर्स के लिए खास हो सकता है जो स्लिम, हल्के और पावरफुल मिड-रेंज स्मार्टफोन की तलाश में हैं। आइए, आगे आपको Note 15 की कीमत और स्पेसिफिकेशंस विस्तार से बताते हैं।
Redmi Note 15 में 6.77-इंच का FHD+ AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इस पर 120Hz रिफ्रेश रेट, 240Hz टच सैंपलिंग रेट और 2160Hz टच सैंपलिंग रेट प्रदान किया गया है। यह डिस्प्ले 3200 निट्स तक पीक ब्राइटनेस दे सकता है। जिससे आउटडोर कंडीशंस में भी ब्राइट और शार्प विज़ुअल्स देखने को मिल सकते हैं। यही नहीं डिवाइस की बॉडी सिर्फ 7.35mm स्लिम और 178 ग्राम वजन वाली है। जिसे इसे Note 15 सीरीज का सबसे हल्का और कॉम्पैक्ट मॉडल माना जा सकता है।
परफॉर्मेंस के लिए Redmi Note 15 में Qualcomm Snapdragon 6s Gen 3 चिपसेट लगाया गया है। यह 6nm प्रोसेस पर बेस्ड है। इसमें ग्राफिक्स के लिए Adreno 619 GPU लगा है। स्टोरेज के लिए 6GB, 8GB और 12GB तक की LPDDR4X RAM और 128GB/256GB UFS 2.2 स्टोरेज मिल जाएगा। ऑपरेटिंग सिस्टम के मामले में यह फोन Android 15 पर आधारित Xiaomi HyperOS 2 पर काम करता है।
कैमरा की बात करें तो Redmi Note 15 में बैक पैनल पर 50MP Light Fusion 400 सेंसर लगाया गया है। जिसके साथ 2MP डेप्थ सेंसर है। वहीं, फ्रंट में 8MP सेल्फी कैमरा मौजूद है। कैमरा सेटअप भले ही Pro मॉडल्स की तरह एडवांस नहीं लग रहा हो लेकिन बेसिक फोटोग्राफी के लिए यह अच्छा साबित हो सकता है। बैटरी के मामले में 5800mAh की बैटरी दी गई है जो 45W फास्ट चार्जिंग और 18W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट से लैस है। इसके अलावा फोन में स्टेरियो स्पीकर्स, Dolby Atmos, इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और इन्फ्रारेड सेंसर जैसी कई सुविधाएं हैं। साथ ही फोन IP66 रेटिंग के साथ आता है जो इसे डस्ट और स्प्लैश से बचा सकता है।
Redmi Note 15 फोन Midnight Black, Sky Blue और Star White कलर्स में आता है। इसके 6GB+128GB मॉडल की कीमत 999 युआन करीब 12,100 रुपये, 8GB+128GB वैरियंट की 1,099 युआन करीब 13,300 रुपये, 8GB+256GB मॉडल 1,299 युआन तकरीबन 15,700 रुपये और 12GB+256GB वाला टॉप मॉडल 1,499 युआन यानी करीब 18,200 रुपये का है।
यदि Redmi Note 15 के विकल्प की बात करें तो यह कीमत और स्पेक्स के अनुसार बाजार में मौजूद iQOO Z10 Lite, Realme Narzo 70x और Poco X6 Neo जैसे स्मार्टफोंस से मुकाबला कर सकता है। इन फोंस में भी 120Hz AMOLED डिस्प्ले और 5G प्रोसेसर हैं, लेकिन Redmi Note 15 अपने हल्के डिजाइन, 5800mAh बड़ी बैटरी और स्लिम प्रोफाइल की वजह आगे रह सकता है। हालांकि कैमरा सेटअप Pro मॉडल्स जितना अच्छा नहीं मिलेगा। इसलिए अगर आप बेहतर कैमरा और परफॉर्मेंस चाहते हैं तो Note 15 Pro या Note 15 Pro+ चुन सकते हैं। जबकि आपका बजट 15,000 से 18,000 रुपये से कम है तो नोट 15 को चुना जा सकता है। वहीं, हमें इसके इंडिया लॉन्च के लिए इंतजार करना होगा। जो आने वाले महीनों में हो सकता है। हमारे साथ बनें रहें।