
9 अक्टूबर की तारीख इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्री के लिए बेहद अहम रही है। शुरू से ही बिल्कुल मुफ्त वॉयस कॉल देने वाली Reliance Jio ने यह घोषणा करते हुए पूरे बाजार को चौंका दिया था कि अब कंपनी वॉयस कॉल के लिए पैसे वसूलेगी। Reliance Jio द्वारा वॉयस कॉल के पैसे लिए जाने की खबर न सिर्फ Jio कस्टमर्स बल्कि अन्य कंपनी के यूजर्स के लिए भी चौंका देने वाली रही। Jio अब ऑफनेटवर्क वॉयस कॉल करने पर 6 पैसे प्रति मिनट के हिसाब से शुल्क वसूलेगी। लेकिन यदि आप भी Jio ग्राहक हैं तो आपको बता दें कि अभी भी Jio नेटवर्क पर बिना कोई पैस दिए बिल्कुल मुफ्त में वॉयस कॉल की जा सकती है।
Reliance Jio ने सार्वजनिक घोषणा करते हुए बताया है कि कुछ Jio ग्राहक अभी भी मुफ्त में वॉयस कॉलिंग की सुविधा का लाभ उठा पाएंगे। Jio के अनुसार ऐसे यूजर जिन्होंने 9 अक्टूबर या उससे पहले अपने Jio नंबर पर रिचार्ज कराया है तो उस पैक की वैधता तक वह ग्राहक पूरे देश में हर तरह की वॉयस कॉल फ्री में कर सकेगा। ये वॉयस कॉल ऑन नेटवर्क तथा ऑफ नेटवर्क दोनों पर काम करेगी तथा रोमिंग के दौरान भी इनकमिंग व आउटगोइंग पूरी तरह से फ्री रहेगी। मौजूदा प्लान खत्म होने तक Jio यूजर्स को कोई भी शुल्क नहीं चुकाना होगा।
An important update for all Jio users. pic.twitter.com/TR04y92wmC
— Reliance Jio (@reliancejio) October 10, 2019
6 पैसा प्रति मिनट होगा चार्ज
Reliance Jio द्वारा कंपनी के ग्राहकों का मौजूदा प्लान समाप्त हो जाने के बाद नए रिचार्ज के साथ ही हर 1 मिनट के 6 पैसे वसूले जाएंगे। सभी रीचार्ज पर आईयूसी टॉप-अप वाउचर के माध्यम से 6 पैसा प्रति मिनट की मौजूदा आईयूसी दर से चार्ज लिया जाएगा। जब तक कि TRAI जीरो टर्मिनेशन चार्ज व्यवस्था लागू नहीं करती यह चार्ज लिया जाएगा। Jio नंबरों और लैंडलाईन नंबरों पर तो ये कॉलिंग पहले की तरह फ्री ही रहेगी लेकिन Airtel और Vodafone Idea नंबर पर कॉल करने के लिए 6 पैसे प्रति मिनट का चार्ज देना होगा।
जानें क्या है इंटरकनेक्ट यूसेज चार्ज
इंटरकनेक्ट यूसेज चार्ज (IUC) एक मोबाइल टेलिकॉम ऑपरेटर द्वारा दूसरे को भुगतान की जाने वाला प्राइस है। जब एक टेलीकॉम ऑपरेटर के ग्राहक दूसरे ऑपरेटर के ग्राहकों को आउटगोइंग मोबाइल कॉल करते हैं तब IUC का भुगतान कॉल करने वाले ऑपरेटर को देना पड़ता है। दो अलग-अलग नेटवर्क के बीच ये कॉल मोबाइल ऑफ-नेट कॉल के रूप में जानी जाती हैं। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा IUC शुल्क निर्धारित किए जाते हैं और वर्तमान में यह 6 पैसे प्रति मिनट हैं।
ये हैं नए प्लान्स
अन्य कंपनियों के नेटवर्क पर कॉलिंग के लिए Reliance Jio ने 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक के टॉप अप वाउचर भी जारी किए हैं। 10 रुपये वाले प्लान में दूसरे नंबर पर 124 मिनट कॉलिंग की जा सकेगी। वहीं 20 रुपये वाले प्लान में 249 मिनट, 50 रुपये वाले प्लान में 656 मिनट और 100 रुपये वाले प्लान में 1,362 मिनट कॉलिंग की जा सकेगी।
हर प्लान पर मिलेगा फ्री डाटा
Jio अपने ग्राहकों को टॉप वाउचर के बदले फ्री में डाटा देगी। 10 रुपये वाले प्लान के साथ 1 जीबी डाटा, 20 रुपये के साथ 2 जीबी डाटा, 50 रुपये के साथ 5 जीबी डाटा और 100 रुपये वाले प्लान के साथ 10 जीबी डाटा दिया जाएगा।




















