
कोरियन कंपनी सैमसंग अंर्तराष्ट्रीय मंच पर अपनी गैलेक्सी ए सीरीज़ के दो स्मार्टफोन गैलेक्सी ए50 और गैलेक्सी ए30 को लॉन्च कर चुकी है। ये दोनों ही स्मार्टफोन आने वाले दिनों में भारतीय बाजार में भी उतार दिए जाएंगे। गैलेक्सी ए50 और गैलेक्सी ए30 के लॉन्च से पहले ही अब इसी सीरीज़ के एक और स्मार्टफोन गैलेक्सी ए10 की खबरे भी सामने आ रही है। एक ताजा लीक में गैलेक्सी ए10 की रेंडर ईमेज को शेयर किया गया है जिसमें फोन की डिसप्ले और इसके डिजाईन की अहम जानकारी प्राप्त हुई है।
सैमसंग गैलेक्सी ए10 की रेंडर ईमेज को स्लैशलीक द्वारा शेयर किया गया है। इस रेंडर ईमेज में एक ओर जहां फोन के फ्रंट व बैक पैनल के साथ ही इसके साईड पैनल्स को भी दिखाया गया है वहीं साथ ही फोन के टीपीयू कवर की फोटो भी इंटरनेट पर अपलोड की गई है। फोटो के सामने आने से पता चला है कि सैमसंग गैलेक्सी ए10 को भी गैलेक्सी ए50 व गैलेक्सी ए30 जैसी ही डिसप्ले पर लॉन्च करेगी।
सैमसंग गैलेक्सी ए10 डिजाईन
गैलेक्सी ए10 के फ्रंट पैनल की बात करें तो इस फोन को इनफिनिटी यू डिसप्ले पर बना दिखाया गया है। फोन के फ्रंट पैनल पर कोई भी फिजिकल बटन नहीं दिया गया है। फोन के तीन किनारें जहां पूरी तरह से बेजल लेस है वहीं नीचे की ओर हल्का सा बॉडी पार्ट मौजूद है। गैलेक्सी ए10 की डिसप्ले के उपर ‘यू’ शेप की छोटी सी नॉच दी गई है, जिसमें सेल्फी कैमरा मौजूद है।
सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ के इस आगामी स्मार्टफोन के बैक पैनल पर सिंगल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। रियर कैमरा फोन के बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है तथा इसके ठीक नीचे फ्लैश लाईट मौजूद है। सामने आई फोटो में गैलेक्सी ए10 के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं दिखाया गया है। ऐसे में हो सकता है कि सैमसंग इस फोन को अंडर-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस कर बाजार में उतारे। वहीं दूसरी ओर यह भी माना जा रहा है कि कम बजट में लॉन्च होने वाले इस फोन में सिर्फ फेस अनलॉक फीचर दिया जा सकता है।
गैलेक्सी ए10 के दाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर तथा पावर बटन दिया गया है। फोन के उपरी हिस्से पर 3.5एमएम जैक के लिए एक होल दिया गया है। वहीं नीचे पैनल पर भी यूएसबी पोर्ट के साथ दो गोल होल नज़र आए हैं। गैलेक्सी ए10 के बाएं पैनल पर सिम स्लॉट दिया गया है जिसे सिम इजेक्टर पिन के जरिये खोला जा सकेगा।
सैमसंग गैलेक्सी ए10 स्पेसिफिकेशन्स
अब तक सामने आए लीक्स के अनुसार सैमसंग का यह फोन 6.2-इंच की एचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च किया जाएगा। गैलेक्सी ए10 में कंपनी की ओर से 3जीबी की रैम मैमोरी तथा 32जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जा सकती है। चर्चा है कि यह फोन एंडरॉयड 9 पाई आधारित होगा तथा सैमसंग के ही एक्सनॉस 7884 चिपसेट पर रन करेगा। वहीं पावर बैकअप के लिए गैलेक्सी ए10 में 4,000एमएएच की बैटरी दी जा सकती है।




















