
Samsung आने वाले 16 मार्च को इंडिया में अपनी ‘गैलेक्सी एम’ सीरीज़ के तहत नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy M21 लॉन्च करने वाली है। यह एक लो बजट डिवाईस होगा जो क्वॉड रियर कैमरे के साथ आएगा। गैलेक्सी एम21 के लॉन्च से पहले ही आज सैमसंग ने अंर्तराष्ट्रीय बाजार में अपना एक और लो बजट स्मार्टफोन ऑफिशियल कर दिया है। कंपनी की ओर से यह फोन ‘गैलेक्सी ए’ सीरीज़ में जोड़ा गया है जिसने Samsung Galaxy A11 नाम के साथ एंट्री ली है। गैलेक्सी ए11 सैमसंग के सबसे सस्ते पंच-होल डिसप्ले वाले स्मार्टफोंस में से एक है।
Samsung Galaxy A11 को कंपनी की ओर से वियतनाम में पेश किया गया है। सैमसंग ने अपनी वेबसाइट पर फोन का प्रोडक्ट पेज बनाते हुए इसे ऑफिशियल किया है। कंपनी की ओर से हालांकि अभी फोन की कीमत से पर्दा नहीं उठाया गया है लेकिन यह तय है कि Samsung Galaxy A11 को लो बजट में ही उतारेगी। यह फोन अभी वियतनाम में सेल के लिए उपलब्ध होगा जिसके बाद भारत व अन्य बाजारों में एंट्री लेगा। गौरतलब है कि सैमसंग गैलेक्सी ए11 कंपनी का सबसे सस्ता पंच-होल डिसप्ले वाला स्मार्टफोन होगा।
Samsung Galaxy A11
सैमसंग गैलेक्सी ए11 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह स्मार्टफोन 1560 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.4 इंच की एचडी+ टीएफटी इनफिनिटी ओ डिसप्ले पर बना है। फोन की स्क्रीन तीन ओर से जहां बेजल लेस है वहीं नीचे की ओर थोड़ा चौड़ा चिन पार्ट दिया गया है। फोन डिसप्ले के उपरी बाईं ओर पंच-होल मौजूद है और इसी में फोन का सेल्फी कैमरा फिट है।
Samsung Galaxy A11 को एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 10 पर पेश किया गया है जो सैमसंग यूआई के साथ काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। सैमसंग ने अभी फोन में मौजूद चिपसेट का खुलासा नहीं किया है, वहीं उम्मीद है कि यह फोन कंपनी के ही एक्सनॉस चिपसेट के साथ इंडियन मार्केट में लॉन्च होगा।
यह भी पढ़ें : कॉल करने पर बजती है Corona की घंटी ? तो ऐसे पाएं छुटकारा
सैमसंग गैलेक्सी ए11 को वेबसाइट पर दो वेरिएंट्स में लिस्ट किया गया है। फोन के बेस वेरिएंट में 2 जीबी की रैम मैमोरी दी गई है जिसके साथ यह फोन 32 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। वहीं दूसरे वेरिएंट में 3 जीबी रैम मैमोरी के साथ 32 जीबी की ही इंटरनल स्टोरेज मौजूद है। ये दोनों ही वेरिएंट माइक्रोएसडी कार्ड सपोर्ट करते हैं जिसके जरिये फोन की मैमोरी को 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Samsung Galaxy A11 ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही फोन में एफ/2.2 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड सेंसर और एफ/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी के लिए यह फोन एफ/2.0 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
यह भी पढ़ें : Redmi Note 7 Pro में हुआ ब्लास्ट, गुरूग्राम में हुआ बुरा हादसा, युवक बाल-बाल बचा
Samsung Galaxy A11 डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं पावर बैकअप के लिए यह फोन 15वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली 4,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करता है। सैमसंग का यह फोन ब्लू, व्हाईट, ब्लैक और रेड कलर में सेल के लिए उपलब्ध होगा।























