
Samsung ने जून महीने में भारतीय बाजार में अपनी ‘गैलेक्सी ए सीरीज़’ को बढ़ाते हुए नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy A31 लॉन्च किया था। 6 जीबी रैम और 5,000एमएएच बैटरी से लैस यह फोन कंपनी की ओर से सिर्फ 21,999 रुपये की कीमत पर बाजार में उतारा गया था, जिसे फीचर्स व स्पेसिफिकेशन्स के चलते काफी पसंद किया जा रहा है। फोन की बढ़ती मांग को देखने हुए सैमसंग ने अपने फैन्स को एक बड़ा तोहफा दिया है। फोन लॉन्च के एक महीने के भीतर ही सैमसंग ने Galaxy A31 की कीमत सीधे 1,000 रुपये कम कर दी है।
Samsung Galaxy A31 की कीमत में 1,000 रुपये की कटौती कर दी गई है। यह फोन 21,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च हुआ था लेकिन अब सैमसंग इसे 1,000 रुपये सस्ते में बेच रही है। हालांकि यह स्थाई प्राइस कट है या फिर कंपनी की ओर से दिया जा रहा मुफ्त का डिस्काउंट यह साफ नहीं हो पाया है, लेकिन सैमसंग फोन पंसद करने वाले लोगों के लिए Galaxy A31 स्मार्टफोन खरीदने का यह शानदार मौका है। सैमसंग गैलेक्सी ए31 को कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट के साथ ही शॉपिंग साइट अमेज़न व फ्लिपकार्ट से भी 20,999 रुपये में खरीदा जा सकता है।
Samsung Galaxy A31
सैमसंग गैलेक्सी ए31 की बात करें तो इस फोन को कंपनी की ओर से 2400 x 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.4 इंच की फुलएचडी+ सुपर एमोलेड इनफिनिटी-यू डिसप्ले सपोर्ट करता है। फोन का डायमेंशन 73.1 x 159.3 x 8.6 एमएम और वज़न 185 ग्राम है। सैमसंग ने इस फोन को इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस किया है तथा साथ स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए ग्लास कोटिंग भी की गई है।
Samsung Galaxy A31 को एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 10 पर बनाया गया है जो आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक के हीलियो पी65 चिपसेट पर रन करता है। इंडियन मार्केट में इस फोन को 6 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। माइक्रोएसडी के जरिये मैमोरी को 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : 7 जुलाई को इंडिया में लॉन्च होगा POCO M2 Pro, फ्लिपकार्ट पर होगी सेल
फोटोग्राफी के लिए Samsung Galaxy A31 क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ एफ/2.0 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस, एफ/2.4 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर और एफ/2.4 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस सपोर्ट करता है। इसी तरह सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए सैमसंग गैलेक्सी ए31 में एफ/2.2 अपर्चर वाला 20 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सेंसर मौजूद है।
Samsung Galaxy A31 एक डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही इस फोन में 3.5एमएम जैक भी दिया गया है। वहीं पावर बैकअप के लिए सैमसंग गैलेक्सी ए31 में 15वॉट क्विक चार्ज सपोर्ट वाली 5,000एमएएच की बैटरी दी गई है। Samsung की ओर से इस फोन को भारत में ब्लू, व्हाईट और ब्लैक कलर वेरिएंट में लॉन्च किया गया है जो अब 20,999 रुपये की कीमत पर सेल के लिए उपलब्ध है।






















