
91मोबाइल्स ने पिछले हफ्ते ही Samsung के आने वाले स्मार्टफोन Galaxy A51 की फोटोज़ शेयर की थी। ये फोटोज़ फोन की मैन्युफैक्चरिंग स्टेज़ की थी, जिसमें फोन के इंटरनल पैनल को दिखाया गया था। फोन की फोटोज़ शेयर करने के लिए साथ ही हमनें बताया था कि सैमसंग की नोएडा स्थित फैक्ट्री में Galaxy A51 का निर्माण शुरू हो चुका है और बेहद जल्द यह स्मार्टफोन बाजार में दस्तक दे देगा। वहीं आज Samsung Galaxy A51 की रेंडर ईमेज भी सामने आ गई है। इन फोटोज़ को टेक वेबसाइट प्राइस बाबा द्वारा शेयर किया गया है, जिनमें फोन के फ्रंट व बैक दोनों पैनल्स का फुलव्यू मिल रहा है।
ऐसी होगी लुक
Samsung Galaxy A51 को पंच-होल डिसप्ले पर बना दिखाया गया है। फोन में बेजल लेस स्क्रीन दी गई है जिसके उपर की ओर बिल्कुल बीच में छोटा सा होल मौजूद है। इस होल में ही फोन का सेल्फी कैमरा फिट किया गया है। सामने आई फोटो में Galaxy A51 के डिसप्ले चारों ओर से फुल बेजल लेस दिखाई गई है। फोन के बैक पैनल की बात करें तो यहां क्वॉड रियर कैमरा सेटअप मौजूद है।
Galaxy A51 का रियर कैमरा सेटअप पैनल के उपरी बाईं ओर दिया गया है। इस सेटअप में चार लेंस दिए गए हैं जो L-शेप में फिट हैं। तीन सेंसर जहां एक ही लाईन में लगे हैं वहीं चौथा सेंसर नीचे से दाईं ओर स्थित है। इस चौथे सेंसर के उपर फ्लैश लाईट लगाई गई है। Samsung Galaxy A51 के बैक पैनल से फिंगरप्रिंट सेंसर नदारद है तथा यहां नीचे की ओर Samsung की ब्रांडिंग लगी हुई है।
Samsung Galaxy A51 के लोवर पैनल पर बीच में यूएसबी टाईप सी पोर्ट दिया गया है। इस पोर्ट के दाईं ओर 3.5एमएम जैक दिया गया है तथा बाईं ओर स्पीकर ग्रिल मौजूद है। गैलेक्सी ए51 के दाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर और पावर बटन लगे हुए हैं तथा बाएं पैनल पर सिम स्लॉट मौजूद है। Samsung Galaxy A51 को फोटोज़ में काफी ग्लॉसी दिखाया गया है जिसके बाद यह माना जा सकता है कि इस फोन का बैक पैनल पर भी ग्लास लेयर वाला होगा।
स्पेसिफिकेशन्स
Samsung Galaxy A51 की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो अभी तक सामने आए लीक्स के अनुसार यह फोन 6.5 इंच की सुपर एमोलेड डिसप्ले पर लॉन्च किया जाएगा। इस फोन में इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर देखने को मिल सकता है। चर्चा है कि यह स्मार्टफोन एंडरॉयड के सबसे नए ओएस एंडरॉयड 10 पर पेश किया जाएगा जो वनयूआई 2.0 आधारित होगा। वहीं प्रोसेसिंग के लिए Galaxy A51 में सैमसंग का ही एक्सनॉस 9611 चिपसेट देखने को मिल सकता है।
Galaxy A51 के बैक पैनल पर मौजूद रियर कैमरा सेटअप में प्राइमरी कैमरा सेंसर 48 मेगापिक्सल का हो सकता है। इसके साथ ही फोन के बैक पैनल पर 12 मेगापिक्सल का वाईड एंगल लेंस, 12 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस और 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर दिया जा सकता है। वहीं रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह स्मार्टफोन 32 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा सपोर्ट करेगा। Samsung Galaxy A51 को 4,000 एमएमएच की पावरफुल बैटरी पर लॉन्च किया जा सकता है।



















