
साल के तीन महीने बीत चुके हैं और इस दौरान सैमसंग भारत समेत वैश्विक मंच पर भी खुद को हिट साबित कर चुकी है। सैमसंग ने गैलेक्सी एस10 सीरीज़ को पेश कर जहां हाईएंड डिवाइस वाले फ्लैगशिप सेग्मेंट में खुद का सिक्का मजबूत किया है वहीं गैलेक्सी एम सीरीज़ को लाकर सैमसंग ने लो बजट सेग्मेंट में भी सफलता पाई है। इनके साथ साथ सैमसंग ने साल 2019 की शुरूआत से ही अपनी गैलेक्सी ए सीरीज़ को मजबूत रखा है और इसमें गैलेक्सी ए50, गैलेक्सी ए30, गैलेक्सी ए20 और गैलेक्सी ए10 जैसे फोन लॉन्च किए हैं। वहीं अब सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ को और भी मजबूत करने जा रही है। कल यानि 10 अप्रैल को सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ से जुड़ा एक बड़ा ईवेंट आयोजित कर रही है और इस ईवेंट के मंच से सैमसंग के एक से ज्यादा स्मार्टफोन टेक मंच पर दस्तक दे सकते हैं।
सैमसंग विश्व के तीन शहरों में एक ही दिन इस ईवेंट को आयोजित कर रही है। यह ईवेंट बैंकॉक, मिलान और साओ पॉलो में होगा। सैमसंग ने हालांकि अभी तक यह नहीं बताया है कि इस ईवेंट में गैलेक्सी ए सीरीज़ का कौन सा फोन लॉन्च किया जाएगा लेकिन चर्चा है कि कंपनी गैलेक्सी ए90, गैलेक्सी ए80 या गैलेक्सी ए60 नाम से कोई फोन मार्केट में ला सकती है। अपने इंडियन फैन्स के लिए सैमसंग इस ईवेंट के लाईव दिखाने वाली है जो सीधे बैंकॉक से प्रसारित होगा। सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ के इस लॉन्च को भारतीय समयानुसार शाम 5 बजकर 30 मिनट पर देखा जा सकेगा।
सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ के इस ईवेंट को लाईव देखने के लिए यहां क्लिक करें : सैमसंग गैलेक्सी ईवेंट लाईव
सैमसंग गैलेक्सी ए60 स्पेसिफिकेशन्स
गैलेक्सी ए60 की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो लीक्स के मुताबिक यह स्मार्टफोन 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली 6.3-इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च हो सकता है। एंडरॉयड 9 पाई के साथ यह फोन आक्टा-कोर प्रोसेसर और सैमसंग के ही एक्सनॉस चिपसेट पर रन करेगा। लीक्स के अनुसार यह फोन 6जीबी रैम मैमोरी और 8जीबी रैम मैमोरी के साथ 64जीबी मैमोरी तथा 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज पर लॉन्च किया जा सकता है। फोन के बैक पैनल पर 16-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर तथा 8-मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस तथा 5-मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर देखने को मिल सकता है।
गैलेक्सी ए60 में सेल्फी के लिए 32-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सेंसर दिया जा सकता है जो पंच-होल में मौजूद होगा। टेना पर बताया गया है कि गैलेक्सी ए60 में पावर बैकअप के लिए 3,410एमएएच की बैटरी दी जा सकती है। लिस्टिंग के अनुसार सैमसंग गैलेक्सी ए60 को ब्लैक, ब्लू और आरेंज कलर वेरिएंट में बाजार में उतारा जा सकता है।
सैमसंग गैलेक्सी ए90 स्पेसिफिकेशन्स
गैलेक्सी ए90 को लेकर कहा जा रहा है कि यह सैमसंग का पहला पॉप-अप सेल्फी कैमरे वाला स्मार्टफोन होगा। वहीं फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा दिया जा सकता है। लीक्स के अनुसार गैलेक्सी ए90 48-मेगापिक्सल के प्राइमरी कैमरा सेंसर के साथ एक कैमरा सेंसर अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस होगा तथा तीसरा सेंसर डेफ्थ सेंसिंग तकनीक या टेलीफोटो लेंस के रूप में सामने आएगा। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि सैमसंग अपने आगामी स्मार्टफोन गैलेक्सी ए90 को क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 7150 चिपसेट पर लॉन्च करेगी। आपको जानकार हैरानी होगी कि चिपसेट बनाने वाली कंपनी क्वालकॉम ने अभी स्नैपड्रैगन 7150 चिपसेट को लॉन्च तक नहीं किया है।
लीक्स के अनुसार गैलेक्सी ए90 को सैमसंग 8जीबी की रैम मैमोरी से लैस कर बाजार में उतारेगी। इस फोन वेरिएंट में 8जीबी रैम के साथ 256जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जा सकती है। इसी तरह गैलेक्सी ए90 के दूसरे वेरिएंट को 6जीबी रैम मैमोरी व 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज के साथ लॉन्च किया जा सकता है। वहीं लीक्स की मानें तो गैलेक्सी ए90 में पावर बैकअप के लिए 5,000एमएएच की बड़ी व पावरफुल बैटरी दी जा सकती है। जो 25वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट से लैस होगी। गौरतलब है कि यह भी माना जा रहा है कि यह स्मार्टफोन गैलेक्सी ए80 नाम के साथ भी लॉन्च हो सकता है।
ध्यान रहें उपरोक्त सभी स्पेसिफिकेशन्स लीक्स के आधार पर ही बताई गई है। सैमसंग ने अभी तक फोन के नाम और स्पेसिफिकेशन्स की पुष्टि नहीं की है।























