
Samsung अपनी ‘गैलेक्सी एम’ सीरीज़ के नए स्मार्टफोन पर काम कर रही है जिसे Samsung Galaxy M51 नाम के साथ लॉन्च किया जाएगा। यह फोन को लेकर कहा गया है कि यह एम सीरीज़ का अभी तक का सबसे पावरफुल फोन होगा और यह स्मार्टफोन इंडियन मार्केट के जरिये ही ग्लोबल टेक मंच पर डेब्यू करेगा। खबर है कि Samsung Galaxy M51 सितंबर महीने में भारत में लॉन्च होगा। लेकिन कंपनी की घोषणा से पहले ही यह फोन सर्टिफिकेशन्स साइट एफसीसी पर लिस्ट हो गया है जहां से गैलेक्सी एम51 की कई अहम डिटेल्स इंटरनेट पर लीक हो गई है।
Samsung Galaxy M51 को एफसीसी पर स्पॉट किया गया है जहां यह फोन SM-M515F मॉडल नंबर के साथ लिस्ट हुआ है। सामने आए लीक में फोन सेटिंग्स के ‘अबाउट फोन’ सेक्शन को दिखाते हुए स्क्रीनशॉट शेयर किया गया है। इस स्क्रीनशॉट में दो आईएमईआई नंबर मौजूद है जो फोन की डुअल सिम कनेक्टिविटी को दर्शाते हैं। इस लीक में खुलासा हुआ है कि सैमसंग गैलेक्सी एम51 में 25वॉट चार्जिंग सपोर्ट दिया जाएगा। उम्मीद है कि फोन बॉक्स में यह चार्जर भी साथ ही दिया जाएगा। फोन को एफसीसी पर वाई-फाई, एनएफसी, ब्लूटूथ और 4G कनेक्टिविटी से लैस दिखाया है।
Samsung Galaxy M51
सैमसंग गैलेक्सी एम51 को कुछ दिनों पहले वाई-फाई अलायंस पर लिस्ट किया गया था जहां फोन में एंडरॉयड 10 ओएस के साथ ही ब्लूटूथ v5.0 और 2.4गीगाहर्ट्ज़ और 5गीगाहर्ट्ज़ फ्रिक्वेंसी बैंड वाले वाई-फाई की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा सैमसंग का यह आगामी स्मार्टफोन बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर भी लिस्ट हो चुका है और यहां Samsung Galaxy M51 को 8 जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया था।
गीकबेंच लिस्टिंग में पता चला था कि यह फोन 1.80गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर पर काम करेगा। वहीं मदरबोर्ड की जगह sm6150 लिखा गया है। लिस्टिंग में चिपसेट की डिटेल तो साफ नहीं पाई है लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि यह फोन क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 730 चिपसेट पर लॉन्च किया गया जा सकता है।
Samsung Galaxy M51 को लेकर चर्चा है कि यह फोन लुक व डिजाईन के मामले में कंपनी के फ्लैगशिप फोन Galaxy S10 Lite जैसा होगा। फोन में बेजल लेस पंच होल डिसप्ले के साथ ही क्वॉड रियर कैमरा देखने को मिल सकता है। चर्चा है कि फोन के रियर कैमरा सेटअप में प्राइमरी सेंसर 64 मेगापिक्सल का होगा। बहरहाल अभी फोन की पुख्ता स्पेसिफिकेशन्स का इंतजार किया जा रहा है। गौरतलब है कि पहले यह फोन जून महीने में लॉन्च किए जाना था, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से अब यह लॉन्च तीन महीने आगे खिसक गया है।
Samsung Galaxy M41
यहां लगे हाथ आपको बता दें कि सैमसंग की इसी सीरीज़ में लॉन्च होने वाला गैलेक्सी एम41 भी हाल ही में सर्टिफिकेशन्स साइट 3सी पर देखा गया है। इस वेबसाइट पर सैमसंग गैलेक्सी एम41 को 6,800एमएएच की बड़ी व पावरफुल बैटरी से लैस दिखाया गया है। इस वेबसाइट का मॉडल नंबर EB-BM415ABY है जो Li-ion battery है। इस 3सी लिस्टिंग ने एक ओर जहां इस बात को फिर से हवा दे दी है कि गैलेक्सी एम41 का निर्माण अभी भी सैमसंग द्वारा किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर यह खुलासा भी हो गया है कि Samsung Galaxy M41 को 6,800एमएएच की दमदार बैटरी के साथ लॉन्च किया जाएगा।





















