तीन बार मुड़ने वाला Samsung Galaxy Z Tri Fold 5 दिसंबर को हो सकता है लॉन्च! देखें फोटो

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/11/samsung-galaxy-z-trifold.jpg

सैमसंग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। बीते कई दिनों से लीक सामने आ रहे थे कि कंपनी ट्राई फोल्ड फोन यानी तीन बार मुड़ने वाला मोबाइल बना रही है। वहीं अब इसकी लॉन्च डेट को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। कोरियन वेबसाइट The Chosun Daily ने अपनी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट पब्लिश करते हुए दावा किया है कि सैमसंग ट्राई फोल्ड फोन 5 दिसंबर को लॉन्च हो सकता है। इस फोन का नाम Samsung Galaxy Z TriFold बताया गया है।

इंडस्ट्री सोर्स का हवाला देते हुए कोरियन वेबसाइट ने लिखा है कि Samsung Galaxy Z TriFold 5 दिसंबर को लॉन्च हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स की इंटरनल टीम ने यह तय कर लिया है कि वो 5 दिसंबर 2025 को कंपनी का पहला ट्राई फोल्ड फोन टेक मंच पर पेश कर देंगे। हालांकि इस फोन का वास्तविक नाम अभी कंफर्म नहीं हो पाया है लेकिन, अनुमान लगाया जा रहा है कि सैमसंग का तीन बार मुड़ने वाला फोन गैलेक्सी ज़ेड ट्राईफोल्ड नाम के साथ लाया जा सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार सैमसंग की ओर से एक पब्लिक ईवेंट आयोजित किया जाएगा जिसके मंच से कथित Galaxy Z TriFold मार्केट में एंट्री लेगा। फोन का नाम, स्पेसिफिकेशन्स, प्राइस और उपलब्धता की जानकारी भी 5 दिसंबर को ही ऑफिशियल की जाएगी। याद दिला दें कि जुलाई महीने में यह Samsung TriFold smartphone कंपनी प्रेजिडेंट द्वारा शोकेस किया जा चुका है। हमें संदेह है कि कंपनी शायद 5 दिसंबर को फोन स्पेक्स तो बता देगी लेकिन इसकी बिक्री अगले साल ही शुरू करेगी। वहीं यह मोबाइल इंडिया में बिकेगा या नहीं, इस बारे में अभी कुछ पुख्ता कहना मुश्किल है।

यह तो साफ है कि सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड ट्राईफोल्ड महंगा होगा। लेकिन बीते दिनों सामने आए लीक की बात करें तो इसका प्राइस 4.5 मिलियन कोरियन वॉन बताया गया है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार 2,71,750 रुपये के करीब है। यानी यह सैमसंग का फोन ढाई लाख से भी ज्यादा प्राइस का होगा। इतने रुपये में आप तकरीबन 225 ग्राम सोना खरीद सकते हैं। वो भी 24 कैरेट गोल्ड!

Samsung Galaxy Z TriFold के डिजाइन, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह तीन बार फोल्ड होने वाला फोन 6.5-इंच की आउटर डिस्प्ले पर लाया जा सकता है। वहीं जब फोन को पूरी तरह से अनफोल्ड करने पर यूजर्स को 10-इंच की फ्लेक्सिबल डिस्प्ले मिल सकती है। लीक्स के अनुसार फोन जब बंद (फोल्ड) होगा तो इसकी मोटाई 14mm के करीब होगी। वहीं फोन खोलने (अनफोल्ड) पर इसकी थिकनेस 4.2mm हो जाएगी।

सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड ट्राईफोल्ड में QXGA+ Dynamic AMOLED 2X Infinity Flex डिस्प्ले लगाई जा सकती है। इसपर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट, 368पीपीआई और 2600निट्स पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट दिया जा सकता है। वहीं पावर बैकअप के लिए इस फोन में 5,600mAh battery दिए जाने की बात सामने आ रही है जिसके साथ 25वॉट फास्ट चार्जिंग और वायरलेस पावरशेयर टेक्नोलॉजी का सपोर्ट भी मिल सकता है।

तीन बार फोल्ड होने वाले सैमसंग फोन से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आते ही इस खबर को अपडेट कर दिया जाएगा। फिलहाल कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। टेक जगत या मोबाइल बाजार से जुड़ी ताजा खबरों को आप 91मोबाइल्स पर सबसे पहले पढ़ सकते हैं।