किताब जैसी स्क्रीन पर लॉन्च हुआ यह नया स्मार्टफोन, मोबाइल में मिलेगा ई-बुक जैसा एक्सपीरियंस

टेक ब्रांड TCL ने अपनी तकनीक का प्रदर्शन करते हुए ग्लोबल मार्केट में नया मोबाइल फोन NxtPaper 70 Pro पेश किया है। यह स्मार्टफोन अमेरिका में चल रहे बड़े टेक इवेंट में CES 2026 के मंच से लाया गया है जो एडवांस NxtPaper 4.0 display टेक्नोलॉजी से लैस है। नेक्स्टपेपर तकनीक क्या है और नया टीसीएल का स्मार्टफोन किन खूबियों से लैस है इसकी डिटेल आप आगे पढ़ सकते हैं।
NxtPaper टेक्नोलॉजी से फोन स्क्रीन को कागज जैसी लुक मिलती है। यह एक तरह की मैट टेक्सचर्ड डिस्प्ले है जिसे देखने पर लगता है जैसे कोई किताब या अखबार पढ़ा जा रहा हो। यह नेक्स्टपेपर तकनीक ब्लू लाइट और ग्लेयर्स को कम करती है जिससे आँखों को नुकसान नहीं पहुंचता है। पेपर जैसी लुक इस स्क्रीन को ई-बुक जैसा एक्सपीरियंस देती है।
इस फोन में कंपनी ने natural light मोड, zero flicker, blue light purification और anti-glare व्यूइंग जैसी 7 आई केयर फीचर्स को शामिल किया है। स्मार्टफोन में डेडिकेटेड NxtPaper key भी लगाई गई है जिसके चलते सिर्फ सिंगल टैप से ही Color Paper, Ink Paper और Max Ink जैसे मोड्स के बीच स्विच किया जा सकता है।
TCL NxtPaper 70 Pro स्मार्टफोन उन यूजर्स के सबसे अधिक काम आएगा जो फोन में कुछ पढ़ना पसंद करते हैं। ई-बुक या ई-मैगजीन पढ़ने का शौक रखने वाले लोग या फिर ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले छात्र लंबे समय तक फोन का इस्तेमाल करेंगे तो भी उनकी आँखों पर बुरा असर नहीं पड़ेगा। इस फोन में 6.9-इंच की फुलएचडी+ स्क्रीन लगाई गई है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट और 900nits ब्राइटनेस भी प्राप्त होती है।
फोन के अन्य फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह मोबाइल MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर पर लॉन्च हुआ है। यह 4नैनोमीटर प्रोसेस पर बना मोबाइल चिपसेट है जो 2.5गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। इस फोन में 8GB RAM के साथ 512GB storage दी गई है।
फोटोग्राफी के लिए यह स्मार्टफोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। मोबाइल के बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल का मेन OIS सेंसर दिया गया है जो 8 मेगापिक्सल सेकेंडरी सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। 30fps 4K video रिकॉर्ड की जा सकती है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस स्मार्टफोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है।
पावर बैकअप के लिए यह TCL NxtPaper 70 Pro को 5,200mAh बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा है। आजकल चल रहे बड़ी बैटरी वाले ट्रेंड के आगे यह कुछ छोटी लग सकती है। कंपनी का दावा है कि Max Ink डिस्प्ले मोड में यह फोन 26 दिन का स्टैंडबाय टाइम दे सकता है। वहीं इस बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए स्मार्टफोन में 33W फास्ट चार्जिंग तकनीक भी मिलती है।
टीसीएल नेक्स्टपेपर 70 प्रो स्मार्टफोन के साथ कंपनी T-Pen stylus भी लेकर आई है जो कई एआई फीचर्स से लैस है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi, Bluetooth 5.4 और NFC भी दिया गया है। यह मोबाइल IP68 सर्टिफाइड है जो इसे पानी व धूल से बचाता है। वहीं फोन के साइड पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर लगाया गया है। विदेशी बाजार में यह Nebula Gold और Stellar Blue कलर में बिकेगा।
TCL NxtPaper 70 Pro ग्लोबल मार्केट में €339 की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। यह 8जीबी रैम + 128जीबी मेमोरी वेरिएंट की कीमत है जो इंडियन करंसी के अनुसार 35,790 रुपये के करीब है। इसी तरह स्मार्टफोन के 8जीबी रैम + 512जीबी स्टोरेज वेरिएंट को €389 यानी तकरीबन 40,900 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है। यह मोबाइल इंडियन में बिकेगा या नहीं इस बारे में अभी कुछ पुख्ता नहीं कहा जा सकता है।