
इंडिया विश्व में सबसे तेजी से उभरता मोबाइल बाजार है। इस समय देश में 1,021.75 मिलियन यानि तकरीबन 102 करोड़ मोबाइल यूजर्स है। पिछले सालों में भारत के मोबाइल बाजार में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखी गई है। इस वृ़द्धि का क्रेडिट सीधे तौर पर Reliance Jio को ही दिया जा रहा है। जियो की एंट्री के बाद ही इंटरनेट डाटा और वॉयस कॉलिंग पैक कीमतें कम हुई है। वहीं अब ट्राई की ताजा रिपोर्ट ने भी साफ कर दिया है कि बीते माह इंडियन टेलीकॉम कंपनियों का उपभोक्ता आधार जहां कम हुआ है वहीं Jio ने अपना यूजर बेस और भी मजबूत कर लिया है।
जियो को फायदा तो वोडाफोन आइडिया और एयरटेल को नुकसान
टेलीकॉम कंपनियों की बात करें तो मार्च महीने में Reliance Jio ने 9.4 करोड़ नए यूजर्स को अपने नेटवर्क से जोड़ा है। जियो ने उपभोक्ता आधार में जहां बढ़ोतरी हुई है वहीं Vodafone Idea और Airtel टेलीकॉम कंपनियों के यूजर्स पहले की अपेक्षा कम हो गए है। ट्राई की रिपोर्ट के अनुसार फरवरी महीने की तुलना में मार्च महीने के अंत तक Vodafone Idea के 14.5 मिलियन उपभोक्ता कम हुए हैं जबकि Airtel ने 15.1 मिलियन यूजर्स को खोया है।

एक महीने में हुए इस भारी फेर-बदल के बाद 31 मार्च 2019 तक Reliance Jio का उपभोक्ता आधार 307.7 मिलियन पाया गया है। यानि जियो नेटवर्क पर कुल 30.7 करोड़ यूजर्स जुड़ चुके हैं। वहीं इस तारीख तक Vodafone Idea नेटवर्क पर कुल 394.8 मिलियन यानि 39.48 करोड़ यूजर्स गिने गए है तथा Bharti Airtel के कुल यूजर्स की संख्या 325.2 मिलियन यानि 32.52 करोड़ आंकी गई है।
मार्च महीने में घटी गिनती
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मार्च महीने की रिपोर्ट पेश की है जिसमें इंडियन मोबाइल बाजार के साथ ही टेलीकॉम कंपनियों का लेखा जोखा भी शामिल है। ट्राई ने बताया है कि मार्च में भारत के कुल मोबाइल ग्राहकों की संख्या 116.18 करोड़ आंकी गई है। आपको हैरानी होगी कि फरवरी 2019 में यह गिनती 118.36 करोड़ थी। यानि एक महीने में 2.18 करोड़ मोबाइल यूजर कम हुए हैं।
ट्राई के अनुसार जियो नेटवर्क पर हुई वृ़द्धि तथा वोडाफोन आइडिया और एयरटेल को हुए नुकसान के बाद न सिर्फ देश के कुल मोबाइल यूजर्स की गिनती कम हुई है। बल्कि साथ ही भारत की टेलीडेन्सिटी भी पहले के अपेक्षा 1.82 फीसदी घट गई है। फरवरी में जहां देश की टेलीडेन्सिटी 91.86 फीसदी थी वहीं मार्च 2019 में इंडिया की टेलीडेन्सिटी गिर कर 90.11 फीसदी तक आ पहुॅंची है।
गॉंवों में घटे ज्यादा यूजर
इस रिपोर्ट में बताया गया है कि फरवरी 2019 में इंडिया के शहरों में 65.65 करोड़ मोबाइल यूजर्स थे जो मार्च 2019 में घट कर 65.04 करोड़ आ पहुॅंचे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मार्च 2019 में मोबाइल ग्राहकों की गिनती 51.13 करोड़ गिनी गई है जो फरवरी 2019 के दौरान 52.71 करोड़ थी। यानि शहरी क्षेत्रों में मोबाइल यूजर्स की संख्या 0.90 प्रतिशत घटी है तथा ग्रामीण ईलाकों में 2.98 प्रतिशत यूजर्स कम हुए है।
एक्टिव यूजर्स की बात करें तो इस समय सबसे ज्यादा एक्टिव यूजर्स Airtel नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। Airtel के 100 प्रतिशत एक्टिव यूजर्स हैं। जब्कि Vodafone Idea के एक्टिव यूजर 93.27 प्रतिशत हैं तथा Reliance Jio के सबसे कम 84 प्रतिशत एक्टिव यूजर्स हैं। लगे हाथ आपको यह भी बता दें कि मार्च 2019 में 5.30 मिलियन यूजर्स ने अपना नेटवर्क बदलने के लिए एमएनपी यानि Mobile Number Portability (MNP) की रिक्वेस्ट डाली थी।























