
Samsung Galaxy Z Fold 8 series का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है जो अब जल्द ही खत्म होने जा रहा है। आज कंपनी ने आधिकारिक तौर पर अनाउंस कर दिया है कि वह आने वाली 22 जुलाई को नए सैमसंग फोल्डेबल फोन लॉन्च करने जा रही है। इसी दिन Galaxy Unpacked ईवेंट के मंच से गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8, गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 वाइड और गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 अल्ट्रा को पेश किया जा सकता है।
Samsung Galaxy Unpacked ईवेंट
सैमसंग कंपनी 22 जुलाई को लंदन में एक बड़े ईवेंट का आयोजन करने जा रही है। इसी ईवेंट के मंच से गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 सीरीज टेक मंच पर दस्तक देगी। यह लॉन्च ईवेंट भारतीय समयानुसार 22 जुलाई की शाम 6 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा जिसे कंपनी वेबसाइट और सैमसंग के यूट्यूब चैनल पर लाइव देखा जा सकेगा। कंपनी की ओर से कहा गया है कि ये अपकमिंग सैमसंग फोल्डेबल फोन एडवांस AI से लैस होकर आएंगे। भारत में Galaxy Z Fold 8 series का रजिस्ट्रेशन पेज भी लाइव कर दिया गया है।
Galaxy Z Fold 8 series का डिजाइन (लीक)
गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड8 वाइड को कंपनी बुक स्टाइल डिजाइन पर नहीं लेकर आएगी। यह काफी हद तक चौकोर शेप में होगा। लीक्स की मानें तो फोन अनफोल्ड करने के बाद 4:3 आस्पेक्ट रेश्यो प्राप्त हो सकता है। लीक के अनुसार यह मेन स्क्रीन का आस्पेक्ट रेश्यो होगा जिसका डिस्प्ले साइज 7.6-इंच हो सकता है। यह QHD+ रेजोल्यूशन वाली डिस्प्ले बताई जा रही है जिसके लिए Dynamic AMOLED 2X पैनल का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं इस स्क्रीन 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट का सपोर्ट भी दिया जा सकता है।

फोल्डेबल स्मार्टफोंस का वजन अक्सर हैवी देखा जाता है। लेकिन इस अपकमिंग सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 फोन का वजन लीक में 201 ग्राम के करीब बताया गया है। डायमेंशन की बात करें तो लीक के अनुसार मोबाइल को फोल्ड करने के बाद इसकी मोटाई 9.7एमएम हो जाएगी और वहीं फोन अनफोल्ड करने के बाद इसकी थिकनेस केवल 4.5एमएम ही रह जाएगी। बताते चलें कि अनफोल्ड करने के बाद Galaxy Z Fold7 की थिकनेस सिर्फ 4.2mm रह जाती है।
Galaxy Z Fold 8 की कवर स्क्रीन का साइज 5.5-इंच बताया जा रहा है। जब फोन को बंद यानी फोल्ड किया जाएगा तो यह सेकेंडरी डिस्प्ले सामने आएगी। लीक की मानें तो यह भी Dynamic AMOLED 2X पैनल पर बनी होगी और इसपर भी 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया जाएगा। इस सैमसंग फोल्ड फोन की कवर स्क्रीन का आस्पेक्ट रेश्यो 16:10 बताया जा रहा है।
Galaxy Z Fold 8 series की स्पेसिफिकेशन्स (लीक)
सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 वाइड को क्वालकॉम के 3नैनोमीटर प्रोसेस पर बने Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। यह ऑक्टा-कोर प्रोसेसर 3.63गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 4.61गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। गौरतलब है कि स्नेपड्रैगन 8 एलिट जेन 5 क्वालकॉम द्वारा लाया गया अभी तक का सबसे पावरफुल मोबाइल प्रोसेसर है।
Samsung Galaxy Z Fold 8 Wide 12GB RAM वाला फोन होगा। यह LPDDR5X RAM हो सकती है जो मल्टीटास्किंग को स्मूथ और फास्ट बनाए रखने में मदद करेगी। लीक के अनुसार यह सैमसंग फोन तीन मेमोरी वेरिएंट्स में मार्केट में लाया जा सकता है जिनमें 256GB, 512GB और 1TB स्टोरेज शामिल हो सकती है। हालांकि उम्मीद कर सकते हैं कि कुछ मार्केट्स में शायद गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 वाइड 16जीबी रैम पर भी लॉन्च कर दिया जाएगा।
कैमरा सेग्मेंट की बात करें तो Galaxy Z Fold 8 Wide के बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इसमें एफ/1.9 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन Ultra Wide एंगल लेंस और एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल Wide लेंस शामिल हो सकता है। फोन की मेन डिस्प्ले और कवर डिस्प्ले दोनों पर 10 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर लगाए जाने की बात सामने आई है जिसका अपर्चर एफ/2.2 बताया गया है।
पावर बैकअप के लिए Samsung Galaxy Z Fold 8 Wide स्मार्टफोन को 4800mAh बैटरी से लैस कर टेक मार्केट में उतारा जा सकता है। लीक्स में बताया जा रहा है कि यह सैमसंग 5जी फोन 45वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया जा सकता है और साथ ही मोबाइल में फास्ट वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया जा सकता है। बहरहाल ये सभी स्पेसिफिकेशन्स अभी सिर्फ लीक में ही सामने आई है लिहाजा इन्हें पुख्ता करार नहीं दिया जा सकता है।











