
पिछले कई महीनों से चली आ रही चर्चा पर विराम लगाते हुए गूगल ने अपने नए पिक्सल फोन से पर्दा उठा दिया है। गूगल पिक्सल 10 सीरीज के तहत कंपनी ने इस बार चार मॉडल पेश किए हैं जिनमें Pixel 10, Pixel 10 Pro, Pixel 10 XL और Pixel 10 Pro Fold शामिल है। गूगल का यह नया फोल्ड फोन Google के सबसे नए Tensor G5 प्रोसेसर पर आधारित है। वहीं फोन में 6.4 इंच के कवर स्क्रीन के साथ 8 इंच का मेन स्क्रीन मिलता है। कंपनी ने इसे 48 एमपी के ट्रिपल कैमरे व 5015 एमएएच की बड़ी बैटरी के साथ पेश किया है।
Google Pixel 10 Pro Fold को भारत में 1,72,999 रुपये के शुरुआती कीमत के साथ लॉन्च किया गया है। इसमें आपको 16 जीबी की रैम मैमोरी के साथ 256 जीबी की स्टोरेज मिलती है।
फोन के डिटेल स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 6.4-इंच की OLED डिस्प्ले है जो 408 पिक्सल डेंसिटी सपोर्ट करता है। इसमें 1080 x 2364 पिक्सल रेजल्यूशन के साथ 120Hz तक का अडैप्टिव स्क्रीन रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। वहीं स्क्रीन पर आपको कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 2 का प्रोटेक्शन मिल जाता है। यह फोन 3000 तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है।
![]()
वहीं फोन के मेन स्क्रीन की बात करें तो कंपनी ने पिछली बार पिक्सल 9 प्रो फोल्ड के तरह की इस बार भी 8-इंच के फोल्डेबल डिस्प्ले का उपयोग किया है जो 2076 x 2152 पिक्सल सपोर्ट करता है। यहां भी OLED पैनल का उपयोग किया गया है जो 373 पिक्सल डेंसिटी के साथ आता है। रही बात रिफ्रेश रेट की तो यहां पर आपको अडैप्टिव स्क्रीन रिफ्रेश रेट मिलता है जो 1-120 Hz तक सपोर्ट करता है। इसके साथ ही इसमें 3000 निट्स तक का पीक ब्राइटनेस मिलता है जिससे कि आप तेज रोशनी में भी आसानी से स्क्रीन पर कंटेंट को देख पाएंगे।
जहां तक फोल्ड के टिकाऊपन की बात है तो इसके लिए कंपनी ने मल्टी एलॉय स्टील आधारित ऐरो स्पेस ग्रेड मजबूत हिंच का उपयोग किया है जो एल्यूमीनियम कवर के साथ आता है। ऐसे में कंपनी का दावा है कि यह फोल्ड लंबे समय तक आपका साथ निभाने में सक्षम है।
जहां तक परफॉर्मेंस की बात है तो गूगल पिक्सल 10 प्रो फोल्ड को कंपनी ने Google Tensor G5 चिपसेट से लैस किया है। यह एक 4 नैनोमीटर फैब्रिकेशन पर बना चिपसेट पर बना प्रोसेसर है। यह एक ऑक्टा कोर प्रोसेसर है जो कि एक सिंगल कोर 3.1 गीगाहर्ट्ज के कोर्टेक्स एक्स4 प्रोसेसर के साथ 2.6 गीगाहर्ट्ज के Cortex-A720 ट्राई कोर प्रोसेसर और 1.92 गीगाहर्ट्ज के Cortex-A520 क्वाड कोर प्रोसेसर से मिलकर बना है। इसके साथ ही सिक्योरिटी के लिए अतिरिक्त टाइटन एम2 प्रोसेसर लैस है। इस फोल्ड फोन को 16 जीबी की रैम मैमोरी के साथ 256 जीबी स्टोरेज के साथ पेश किया गया है।
कैमरे की बात करें तो फोन के रियर पैनल पर ट्रिपल कैमरा सेटअप उपलब्ध है। इसका मेन कैमरा 48 MP का है जो 1/2 इंच के इमेज सेंसर के साथ आता है। वहीं यह सेंसर एफ/1.70 अपर्चर के साथ 82 वाइड एंगल फील्ड ऑफ व्यू सपोर्ट करता है। फोन का दूसरा सेंसर अल्ट्रावाइड कैमरा है जो 10.5 MP का है। इसमें आपको एफ/2.2 अपर्चर साथ 127 डिग्री का बड़ा फील्ड ऑफ व्यू मिलता है। वहीं तीसरा सेंसर 10.8 MP टेलीफोटो लेंस है जो 5x तक के ऑप्टिकल ज़ूम को सपोर्ट करता है। फोन में आपको ऑप्टिकल के साथ इलेक्ट्रॉनिक इमेज स्टेबलाइजेशन मिल जाता है।
गूगल पिक्सल 10 प्रो फोल्ड का फ्रंट और कवर कैमरा 10 MP का दिया गया है दोनों कैमरे एफ/2.2 अपर्चर के साथ 87 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू कैप्चर करते हैं।
कंपनी ने इसे Android 16 के साथ पेश किया है और कंपनी ने 7 साल के ओएस अपडेट का भरोसा दिया है।
इनके अलावा गूगल का यह फोन कई अन्य खूबियों से लैस है। जैसे कि इसमें आपको सेटेलाइट आधारित एसओएस आपातकालीन कॉलिंग मिल जाती है। वहीं यह फोन IP68 सर्टिफिकेशन के साथ आता है जो धूल व पानी से सुरक्षित रहने का भरोसा देता है।
इन सबके अलावा फोन में Wi-Fi 7 के साथ Bluetooth 6 का सपोर्ट मिल जाता है।
पावर बैकअप के लिए गूगल पिक्सल 10 प्रो फोल्ड में 5015 एमएएच की बैटरी दी गई है। यह फोन 30 वॉट की फास्ट चार्जिंग के साथ आता है। वहीं इसमें 15 वॉट का वायरलेस चार्जिंग मिल जाता है। कंपनी ने 30 घंटे से ज्यादा की बैटरी लाइफ का दावा किया है। वहीं बैटरी सेवर मोड में यह फोन 84 घंटे तक का बैकअप देने में सक्षम है।









