
सस्ते स्मार्टफोंस बनाने के लिए प्रसिद्ध टेक ब्रांड टेक्नो मोबाइल ने आज भारतीय बाजार में अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ाते हुए एक और नया स्मार्टफोन पेश किया है। यह नया फोन ‘स्पार्क’ सीरीज़ में जोड़ा गया है जो Tecno Spark 8C नाम के साथ इंडिया में लॉन्च हुआ है। टेक्नो स्पार्क 8सी को सिर्फ 7,499 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है तथा यह सस्ता लो बजट स्मार्टफोन 90Hz 6.6 HD+ Display, 5000mAh Battery और 13MP Camera सपोर्ट करता है।
Tecno Spark 8C
टेक्नो स्पार्क 8सी के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह मोबाइल फोन 6.6 इंच की एचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च हुआ है। फोन की स्क्रीन वॉटरड्रॉप नॉच स्टाईल में बनी है तथा स्क्रीन 480निट्स ब्राइटनेस तथा 269पीपीआई सपोर्ट करती है। Tecno Spark 8C की डिसप्ले 90हर्ट्ज़ की रिफ्रेश रेट और 180हर्ट्ज़ टच सेंपलिंग रेट पर काम करती है। इस फोन का स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 89.3 प्रतिशत का है।
Tecno Spark 8C को एंडरॉयड 11 पर लॉन्च किया गया है जो हाईओएस 7.6 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ UNISOC T606 चिपसेट दिया गया है। इंडियन मार्केट में यह स्मार्टफोन 3 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च हुआ है जो 3 जीबी मैमोरी फ्यूजन फीचर के साथ काम करता है। यानी यह टेक्नो मोबाइल 6 जीबी तक की रैम पर परफॉर्म करने की क्षमता रखता है। वहीं फोन की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 256 जीबी तक बढ़ाया भी जा सकता है।
यह भी पढ़ें : 11GB RAM की पावर के लॉन्च हुआ OPPO A76 4G फोन, मिडरेंज में देगा तगड़ी टक्कर
फोटोग्राफी के लिए टेक्नो स्पार्क 8सी स्मार्टफोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक वाला सेकेंडरी लेंस भी मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए Tecno Spark 8C के फ्रंट पैनल पर 8 मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर दिया गया है जो फ्रंट फ्लैश के साथ काम करता है।
Tecno Spark 8C डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। सिक्योरिटी के लिए इस फोन में फिजिकल फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ ही फेस अनलॉक फीचर भी दिया गया है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए यह टेक्नो मोबाइल 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करता है। कंपनी का दावा है कि सिंगल चार्ज में यह फोन 89 दिनों का स्टेंड बॉय टाईम देने में सक्षम है। यह टेक्नो फोन आईपीएक्स2 स्पलैश रेटिंग के साथ आया है तो डिवाईस को पानी की छींटे पड़ने पर भी सुरक्षित रखता है।
Tecno Spark 8C प्राइस
टेक्नो मोबाइल ने अपने इस नए स्मार्टफोन को इंडिया में एक ही वेरिएंट में लॉन्च किया है। यह मोबाइल फोन 3 जीबी रैम के साथ 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है जिसकी कीमत 7,499 रुपये है। Tecno Spark 8C को शॉपिंग साइट अमेज़न से खरीदा जा सकता है तथा भारतीय बाजार में यह स्मार्टफोन Magnet Black, Iris Purple, Diamond Grey और Turquoise Cyan कलर में सेल के लिए उपलब्ध रहेगा।





















