
इसी माह शाओमी ने मी मैक्स 2 स्मार्टफोन को भारत में लॉन्च किया था और उसी के साथ कंपनी ने फोन के सेल की भी जानकारी दी थी। हालांकि 21 और 22 जुलाई को कंपनी भारत में अपनी वर्षगांठ मना रही थी और उस वक्त यह फोन थोड़े समय के लिए सेल पर था लेकिन आज से इसे आॅनलाइन स्टोर और आॅफलाइन स्टोर से खरीदा जा सकता है। शाओमी मी मैक्स 2 कंपनी का पहला फोन जिसे आॅनलाइन और आॅफलाइन दोनों में एक साथ लॉन्च किया गया है।
शाओमी मी मैक्स 2 को आॅनलाइन स्टोर अमेजन और शाओमी स्टोर से 16,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। वहीं आॅफलाइन स्टोर पर इस फोन की कीमत 17,499 रुपये रखी गई है। हालांकि जैसा कि कंपनी ने जानकारी दी थी कि 27 जुलाई से यह फोन सेल के लिए उपलब्ध होगा। अभी तक कई आॅफलाइन स्टोर पर यह नहीं आया है लेकिन कुछ स्टोर ने इसकी प्रीबुकिंग शुरू कर दी है। इस फोन को आप मी स्टोर से भी खरीद सकते हैं यहां आज 10 बजे से सेल शुरू होने वाली है। अमेजन स्टोर से खरीदारी के लिए यहां क्लिक करें।

शाओमी मी मैक्स 2 फुल मैटल डिजाइन के साथ पेश किया गया है और यह फोन देखने में काफी प्रीमियम अहसास कराता है। एंडरॉयड नुगट आधारित इस फोन को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 625 चिपसेट पर पेश किया गया है और फोन में 2.0गीगाहट्र्ज का आॅक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही 4जीबी रैम के साथ 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है।
फोटोग्राफी के लिए मी मैक्स 2 में डुअल टोन एलईडी फ्लैश के साथ 12-मेगापिक्सल का सोनी आईएमएक्स386 रियर सेंसर दिया गया है तथा सेल्फी के लिए इसमें 5-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा उपलब्ध है। फिंगरप्रिंट सेंसर, डुअल हाईब्रिड सिम व यूएसबी टाईप-सी पोर्ट के साथ ही इसमें 3.0 क्विक चार्ज सपोर्ट वाली 5,300 एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है।



















