
वनप्लस को लेकर बीते दिनों में कई तरह की खबरे सामने आई है जिनमें कंपनी बंद होने तक की बात कही थी। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि वनप्लस कंपनी अगले साल इंडियन मार्केट से एग्जिट कर लेगी और भारत में अपने फोन नहीं बेचेगी। इन सभी खबरों का खंडन करते हुए वनप्लस इंडिया आईओटी बिजनेस हेड वरूण झा ने 91मोबाइल्स से एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसके कुछ प्रमुख अंश आप आगे पढ़ सकते हैं।
इंडिया में लॉन्च होगा नया OnePlus टैबलेट
एक ओर जहां वनप्लस बंद होने की बात हो रही थी, वहीं दूसरी ओर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने साफ शब्दों में कहा दिया है कि वह देश में अपना नया टैबलेट डिवाइस लेकर आ रही है। यह घोषणा उन खबरों को पूरी तरह गलत साबित कर रही है, जिनमें कहा गया था कि वनप्लस के फोन बंद होने वाले है।

वरूण झा ने अभी अपकमिंग वनप्लस टैब का नाम तो रिवील नहीं किया है लेकिन यह जरूर बताया है कि नया OnePlus Tablet साल 2026 के अंत तक इंडिया में लॉन्च हो जाएगा। वहीं वनप्लस टैब के साथ ही कंपनी OnePlus Pad 4 Smart Keyboard भी भारत में लेकर आ रही है जो अगस्त के अंत या सितंबर के शुरुआती दिनों में ही मार्केट में सेल के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
बड़ी डिस्प्ले वाला टैबलेट
iPad mini जैसे कॉम्पैक्ट टैबलेट लाने को लेकर वनप्लस की क्या योजना है? इस सवाल पर वरूण झा ने अपनी बात रखते हुए बताया कि इन दिनों अधिकांश कस्टमर्स को बड़ी स्क्रीन वाले टैबलेट ज्यादा पंसद आ रहे हैं। OTT और सोशल मीडिया का चलन बढ़ गया है वहीं साथ ही बड़ी डिस्प्ले टैबलेट सिर्फ वीडियो देखने के लिए नहीं बल्कि प्रोडक्टिविटी, नोट-टेकिंग, मल्टीटास्किंग और क्रिएटिव काम के लिए भी काफी सहूलियत भरे साबित होते हैं। ऐसे में OnePlus का फोकस बड़े स्क्रीन वाले डिवाइस पर है।

इंडियन मार्केट में OnePlus Tablet सेग्मेंट से जुड़े आंकड़े शेयर करते हुए वरूण झा ने बताया है कि साल 2026 की पहली छमाही में वनप्लस के टैबलेट बिजनेस में 23 प्रतिशत की वार्षिक बढ़ोतरी देखी गई है। कंपनी अधिकारी के अनुसार इस दौरान शॉपिंग साइट अमेजन पर वनप्लस का नाम तेजी से बढ़ने वाले एंड्रॉयड टैबलेट ब्रांड में शुमार रहा है।











