
OPPO एक और मिड-रेंज डिवाइस को A5 सीरीज के तहत लॉन्च करने की योजना बना रहा है। कंपनी ने पिछले महीने चीन में OPPO A5 Pro को लॉन्च किया था। अब कथित OPPO A5 को चीन के TENAA सर्टिफिकेशन प्लेटफॉर्म पर मॉडल नंबर PKQ110 के साथ देखा गया है। इसे लेकर एक टिप्स्टर ने तस्वीरें भी शेयर की हैं। आइए, आगामी OPPO A5 (2025) डिवाइस के बारे में डिटेल्स जानते हैं।
OPPO A5 (2025) की तस्वीरें और स्पेसिफिकेशंस (संभावित)
कथित OPPO A5 के प्रमुख स्पेसिफिकेशंस TENAA वेबसाइट के जरिए सामने आए हैं। खूबियों के अलावा, टिप्स्टर “Experience More” ने कथित OPPO A5 की हैंड्स-ऑन इमेज भी शेयर की हैं। इस डिवाइस में टेक्सचर वाला बैक पैनल है, जिसमें स्क्वायरिकल (चौकोर-गोल) कैमरा मॉड्यूल है। इस मॉड्यूल में तीन कैमरों के लिए कटआउट और एक फ्लैश के लिए कटआउट शामिल है। डिस्प्ले में पतले बेजल्स के साथ टॉप पर पंच होल कैमरा दिया गया है।
नीचे TENAA लिस्टिंग के आधार पर OPPO A5 के स्पेसिफिकेशन दिए गए हैं।
- डायमेंशन: डिवाइस 161.57 मिमी लंबा, 74.47 मिमी चौड़ा और 7.65 मिमी मोटा बताया गया है। इसका वजन लगभग 185 ग्राम होना चाहिए।
- डिस्प्ले: ओप्पो A5 में 6.7 इंच का FHD+ (2412×1080) रिजॉल्यूशन वाला AMOLED डिस्प्ले होगा।
- प्रोसेसर: डिवाइस को पावर देने वाले प्रोसेसर के बारे में अभी भी जानकारी नहीं है, लेकिन TENAA लिस्टिंग से पता चलता है कि यह 2.2GHz प्रोसेसर वाला हो सकता है है जो स्नैपड्रैगन 6 जेन 1 SoC होने की उम्मीद है। चूंकि इसका बड़ा मॉडल Mediatek Dimensity 7300 द्वारा संचालित है, इसलिए हम उम्मीद कर सकते हैं कि ओप्पो A5 में थोड़ा कम पावरफुल चिप होगा।
- सॉफ्टवेयर: डिवाइस के Android 15 पर आधारित ColorOS 15 पर चलने की उम्मीद है।
- स्टोरेज: लिस्टिंग से पता चलता है कि डिवाइस 8GB और 12GB रैम विकल्पों में आएगा और इसमें 256GB और 512GB स्टोरेज होंगे। इस जानकारी के आधार पर, डिवाइस दो, तीन या चार स्टोरेज में आ सकता है।
- कैमरा: इसमें बैक पैनल पर 50MP का प्राइमरी कैमरा और 2MP डेप्थ, मैक्रो या किसी अन्य सेंसर होने का अनुमान है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8MP का कैमरा मिल सकता है।
- बैटरी और चार्जिंग: ओप्पो A5 में 6,500mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है। क्योंकि साइट पर लिस्टिंग में रेटेड वैल्यू 6,330mAh है। यह 45W फास्ट वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट कर सकता है।
बताते चलें कि OPPO तीसरी बार A5 नाम का उपयोग कर रहा है। कंपनी ने 2018 और 2020 में OPPO A5 लॉन्च किया था। ये दोनों फोन बजट सेगमेंट में आते थे और ₹15,000 के अंदर की कीमत पर अच्छे स्पेसिफिकेशंस के साथ पेश किए गए थे। ब्रांड ने पिछले महीने चीन में OPPO A5 Pro भी लॉन्च किया था, लेकिन इसके भारत में लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। इसलिए, यह निश्चित नहीं कहा जा सकता कि आगामी OPPO A5 भारत में लॉन्च होगा या नहीं।









