
लैपटॉप बनाने वाली कंपनी Acer अब अपने Smartphone लेकर ला रही है। बीते महीने ही कंपनी ने टीज़ किया था और अब अपकमिंग मोबाइल फोन की लॉन्च डेट भी बता दी गई है। ब्रांड की ओर से खुलासा कर दिया गया है कि एसर स्मार्टफोन 15 अप्रैल को इंडिया में लॉन्च होंगे। शॉपिंग साइट अमेजन पर माइक्रो साइट लाइव कर दी गई है जहां नए मोबाइल फोंस की जानकारी दी गई है।
Acer Smartphone लॉन्च डेट
एसर अपने मोबाइल फोंस को ‘The Next Horizon’ टैगलाइन के साथ प्रोमोट कर रही है। कंपनी की ओर से अभी आने वाले फोन के नाम या लुक की कोई जानकारी नहीं दी है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन पर डेडिकेटेड पेज लाइव करते हुए सिर्फ लॉन्च डेट का खुलासा किया गया है। एसर स्मार्टफोन इंडिया में 15 अप्रैल को लॉन्च होंगे। इस पेज के जरिये यह जरूर साफ हो गया है कि कंपनी एक से अधिक मोबाइल फोन भारतीय बाजार में उतारने वाली है। इन स्मार्टफोंस में AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक भी देखने को मिलेगी।

मिड बजट होंगे एसर स्मार्टफोन
एसर स्मार्टफोन को भारत में 15 हजार रुपये तक के बजट में लॉन्च किया जा सकता है। बता दें कि हाल ही में लैपटॉप ब्रांड Acer और Indkal Technologies के बीच साझेदारी हुई थी। इस पार्टनरशिप के तहत एसर ब्रांड के स्मार्टफोन को डिजाइन, मैन्युफैक्चर और डिस्ट्रीब्यूट करने का मालिकाना हक इंडकल को दिया गया था। इसी साझेदारी की घोषणा के दौरान कंपनी ने कहा था कि एसर स्मार्टफोन मिड बजट रेंज में लाए जाएंगे। यानी इनकी कीमत 15 हजार से 20 हजार रुपये के बीच रखी जा सकती है।
एसर स्मार्टफोन की लीक स्पेसिफिकेशन्स
चर्चा है कि अपकमिंग एसर स्मार्टफोन में 720 x 1600 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.7-इंच की incell HD+ डिस्प्ले दी जाएगी जिसे गोरिल्ला Glass 5 की प्रोटेक्शन प्राप्त होगी। लीक के अनुसार ये फोन Mediatek Helio प्रोसेसर के साथ पेश किए जा सकते हैं। फोटोग्राफी के लिए 20 मेगापिक्सल डुअल रियर कैमरा तथा 5 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है। वहीं पावर बैकअप के लिए Acer Smartphone में 5,000mAh Battery दिए जाने की बात लीक में सामने आई है।












