
प्रीमियम ईयरबड की जब बात होती है, तो Sony, Bose और Apple जैसे कुछ बड़े नाम ही जहन में आते हैं। परंतु पिछले कुछ सालों में जर्मन कंपनी Sennheiser ने जिस तरह के प्रोडक्ट पेश किए हैं, उसके बाद प्रीमियम ईयरबड में कंपनी का नाम भी शामिल हो गया है। खासकर Sennheiser Momentum True Wireless 4 काफी शानदार प्रोडक्ट था, जिसे कंपनी ने 2024 में लॉन्च किया था। वहीं, अब दो साल बाद कंपनी इसका अपग्रेड वर्जन Sennheiser Momentum True Wireless 5 लेकर आई है और वास्तव में यह कमाल का है। लगभग 20 दिनों के उपयोग के बाद हमने इसका रिव्यू किया और कह सकता हूं कि आप इसे सोनी और एप्पल के ऊपर रखेंगे।
बॉक्स
सबसे पहले बॉक्स की बात करें, तो इसमें चार्जिंग केस के साथ ईयरबड्स मिलेंगे और साथ में ढेर सारे सिलिकॉन ईयर टिप्स हैं, जिन्हें आप अपने कान के साइज के अनुसार उपयोग कर सकते हैं। वहीं, केस में नीचे एक USB-C केबल, मैनुअल और ईयरबड्स की बैटरी बदलने वाला टूल मिलेगा। जी हां! आप सही समझ रहे हैं। मैंने पहली बार किसी TWS का रिव्यू किया है, जिसकी बैटरी बदली जा सकती है।
डिजाइन

Sennheiser Momentum True Wireless 5 को कंपनी ने पुराने मॉडल की तरह ही इन-ईयर डिजाइन में पेश किया है, जो थोड़ा सिलेंड्रिकल शेप में है। हालांकि, केस और TWS दोनों पॉलीकार्बोनेट प्लास्टिक के हैं, जिन्हें मैट फिनिश में दिया गया है। ऐसे में ये हाथ से फिसलते नहीं हैं और न ही कानों से जल्दी गिरते हैं। केस के ऊपर और दोनों बड्स पर सेनहाइजर का लोगो मिलता है, जो मेटल फिनिश में है और दूर से ही दिखता है। कुल मिलाकर, डिजाइन आपको काफी पसंद आएगा और क्वालिटी का अहसास भी कराता है। सबसे अच्छी बात कही जा सकती है कि बैटरी के साथ ही TWS का वजन 7 ग्राम है और केस सिर्फ 62 ग्राम का है। ऐसे में न ही रखने में और न ही उपयोग करने में यह भारी लगता है।
स्पेसिफिकेशन
इस ईयरबड के स्पेसिफिकेशन की बात करें, तो कंपनी ने इसे Bluetooth 6.0 कनेक्टिविटी के साथ पेश किया है। इसके साथ डिवाइस में मल्टीपॉइंट स्विचिंग, गूगल फास्ट पेयर और माइक्रोसॉफ्ट स्विफ्ट पेयर का सपोर्ट मिल जाता है, जो कनेक्टिविटी को आसान बना देते हैं। कंपनी ने इसे IP54 रेटिंग के साथ पेश किया है, जो उपयोग के दौरान पसीने या छोटे-मोटे पानी के छींटों से इसे बचाए रखने में सक्षम है।
इस TWS में 7mm के ट्रू रिस्पॉन्स कस्टम डायनेमिक ड्राइवर का उपयोग किया है और यह 5 Hz से लेकर 21 kHz तक का फ्रीक्वेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट करता है। हालांकि, कह सकते हैं कि साउंड ड्राइवर थोड़े छोटे हैं, लेकिन क्वालिटी या बेस में आपको कहीं कमी नहीं मिलती है।
इस ईयरबड में आपको क्वालकॉम के डायनेमिक aptX Adaptive ऑडियो कोडेक के अलावा AAC, SBC सहित दूसरे प्रचलित फॉर्मेट का सपोर्ट है।
इसके साथ ही 3D Dolby Atmos का सपोर्ट इंटरेक्टिव हेड ट्रैकिंग के साथ मिलता है। इसके साथ ही कंपनी ने इसे हाइब्रिड अडैप्टिव ANC सपोर्ट के साथ दिया है। इतना ही नहीं, आपको बेस्ट साउंड एक्सपीरियंस देने के लिए इसमें 4 माइक्रोफोन के साथ लगभग 8 सेंसर उपलब्ध हैं, जो आपको नॉइज कैंसिलेशन के साथ ही बेहतर ऑडियो क्वालिटी देने का भरोसा देते हैं।
रही बात बैटरी की, तो दोनों TWS में आपको 72 एमएएच की बैटरी मिलती है, जबकि केस के साथ 760 एमएएच की बैटरी मिलती है।
कनेक्टिविटी
एंड्रॉयड फोन में आप सीधे ब्लूटूथ के माध्यम से कनेक्ट कर इस ईयरबड का उपयोग कर सकते हैं। परंतु चूंकि यह प्रीमियम ईयरबड है, ऐसे में ऐप के माध्यम से इसका उपयोग करते हैं, तो मजा अलग आएगा। हां! हमने एप्पल डिवाइस में इसे कनेक्ट किया, तो यह सीधे कनेक्ट होने के बजाय पहले सेनहाइजर का ऐप इंस्टॉल कराता है और फिर कनेक्ट होता है।
कनेक्ट करने में शुरुआत में हमें थोड़ी परेशानी हुई। एक-दो कोशिशों के बाद यह पेयर हुआ, लेकिन एक बार पेयर हो जाने के बाद फिर कोई समस्या नहीं मिली।
परफॉर्मेंस

सब कुछ देखने के बाद अब बात आती है परफॉर्मेंस की, तो वास्तव में यह काफी शानदार है। साउंड एन्हांसमेंट के लिए Sennheiser Momentum True Wireless 5 में कई फीचर्स हैं, लेकिन उनके बिना भी ऑडियो काफी क्लियर है और कहते हैं न, एक-एक ट्यून छनकर सुनाई देती है, वह अनुभव इसमें होता है।
वहीं, जब आप सेनहाइजर का ऐप इंस्टॉल करते हैं, तो इस TWS की उपयोगिता और बढ़ जाती है। आप अपनी जरूरत के अनुसार साउंड को कस्टमाइज कर सकते हैं। इसमें कुछ प्रीसेट इक्वलाइजर हैं, जिनका उपयोग आप अपने मूड के अनुसार कर सकते हैं।
इसके अलावा, आप चाहें तो अपने अनुसार इक्वलाइजर सेट कर सकते हैं। मैंने अपने लिए हाई बेस, हाई ड्रम और मिडियम ट्रेबल को सेट किया था और इसके बाद साउंड में मजा आ गया।
सबसे अच्छी बात यह लगी कि इसमें मैंने फुल साउंड में म्यूजिक सुना और कहीं भी मुझे परेशानी नहीं हुई। कहीं भी ऐसा नहीं लगा कि साउंड मेरे कानों में चुभ रही है। बल्कि एक जैसे सराउंड साउंड का अहसास हुआ।
इन सबके साथ जो अच्छी बात कही जा सकती है, वह यह है कि इस ईयरबड में Dolby Atmos स्पैटियल ऑडियो का सपोर्ट मिलता है और इसके माध्यम से आप बस अपना सिर हिलाकर साउंड को मूव कर सकते हैं। इसकी खूबी यह है कि अगर आप कोई पॉडकास्ट सुन रहे हैं और जिस दिशा में मुड़ते हैं, ऐसा महसूस होगा कि उसी दिशा से आवाज आ रही है।
इन सबके साथ इसमें AI-पावर्ड वॉइस आइसोलेशन फीचर है, जो कॉल के दौरान दूसरे व्यक्ति को साफ और स्पष्ट आवाज का भरोसा देता है।
वहीं, इसका अडैप्टिव नॉइज कैंसलेशन भी काफी अच्छा है और यदि आपके कान में ईयर टिप्स पूरी तरह से फिट होकर सेट हैं, तो जरा भी बाहर की आवाज नहीं आने देते। हां! हमें एक कमी लगी कि ANC बंद कर देने के बाद भी ऐसा लगता है, जैसे एक्टिव है। थोड़ा और क्लियर होना चाहिए था।
दूसरे ईयरबड्स की तरह इसमें भी आपको जेस्चर कंट्रोल मिलेगा, जहां आप प्ले/पॉज के साथ वॉल्यूम कंट्रोल, ANC और दूसरे फीचर्स का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, ऐप में ऑप्शन दिया गया है, जिससे आप जेस्चर कंट्रोल में अपनी सुविधानुसार बदलाव कर सकते हैं।
कुल मिलाकर, परफॉर्मेंस के बारे में कहें, तो काफी मजेदार है। म्यूजिक के दौरान स्पैटियल साउंड और लेफ्ट-राइट चैनल को आप अच्छे से महसूस कर पाएंगे। इसलिए साउंड में तो यही खास है।
कुछ खास है
ऊपर दिए गए फीचर्स के अलावा भी कुछ फीचर्स हैं, जिनका जिक्र करना जरूरी है। इसमें आपको फाइंड हेडफोन का ऑप्शन मिलता है। इसमें GPS इनेबल है, ऐसे में कहीं खो जाने पर आप ऐप के माध्यम से डिवाइस की लोकेशन पता कर सकते हैं। इसके अलावा, इसमें मल्टीपॉइंट सपोर्ट है, जहां आप एक साथ दो डिवाइस से इसे कनेक्ट कर सकते हैं।
इन सबके साथ सबसे अलग बात कही जा सकती है कि डिवाइस की बैटरी डाउन होने पर आप खुद इसकी बैटरी बदल सकते हैं। इसके लिए आपको ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है, बल्कि डिवाइस में दिए गए स्क्रू को खोलना है और बैटरी बदल देनी है। ईयरफोन के साथ दिए गए मैनुअल में इसे अच्छी तरह से बताया गया है।
पावर बैकअप
कंपनी ने Sennheiser के इस ईयरबड के लिए चार्जिंग केस के बिना 12 घंटे और केस के साथ 40 घंटे तक का बैकअप देने का दावा किया है। हालांकि, यह बेस्ट बैकअप नहीं कहा जाएगा। आपको दूसरे TWS के साथ इससे कहीं ज्यादा बैकअप मिलता है, लेकिन जिस तरह के फीचर्स इसमें दिए गए हैं, उनके अनुसार बैटरी की खपत तो थोड़ी ज्यादा रहेगी।
फुल चार्ज होने में इसमें लगभग 1.5 घंटे का समय लगता है। वहीं, कंपनी का दावा है कि सिर्फ आठ मिनट चार्ज करने के बाद आपको लगभग एक घंटे का म्यूजिक प्लेटाइम मिलेगा। आप केस को USB केबल से चार्ज कर सकते हैं, जिसमें वायरलेस चार्जिंग का ऑप्शन भी है।
निष्कर्ष
भारतीय बाजार में Sennheiser Momentum True Wireless 5 ईयरबड की कीमत 29,999 रुपये है। प्राइस को देखकर आप कहेंगे कि काफी महंगा है। परंतु यदि प्रीमियम क्वालिटी के TWS की बात कर रहे हैं, तो इतना प्राइस है। रही बात साउंड क्वालिटी की, तो इसमें कोई शक नहीं कि यह बेहतर है। यह इन-ईयर TWS आपको प्रीमियम क्वालिटी की साउंड प्रदान करने में सक्षम है। इससे पहले मैं म्यूजिक साउंड बॉक्स पर सुना करता था, जिसमें मुझे तेज बेस और हाई ड्रम मिले। परंतु यह पहली बार है, जब मैं म्यूजिक के लिए TWS को बेस्ट कह रहा हूं।
Dolby Atmos स्पैटियल ऑडियो के साथ आपको बेस्ट इक्वलाइजर सेटिंग मिलती है। वहीं, ANC भी कमाल का है। परंतु मैं यही कहूंगा कि भीड़-भाड़ वाले इलाके में ANC के साथ म्यूजिक तभी सुनें, जब आप एक जगह बैठे हों। जिम, घर या ऑफिस में काम के दौरान यह म्यूजिक के साथ बेहतरीन कॉन्सन्ट्रेशन देता है।
बैटरी बैकअप में भी इसे पीछे नहीं कह सकते। बेस्ट नहीं है, लेकिन अच्छा है। एक बार चार्ज करने पर आप औसत उपयोग में केस के साथ पूरा एक सप्ताह निकाल सकते हैं। कॉलिंग के दौरान भी कोई परेशानी नहीं हुई। हां! बाएं जेस्चर कंट्रोल में थोड़ा समय लग रहा था।
सब कुछ देखने के बाद बात आती है खरीदारी की, तो यही कहूंगा कि यदि आप प्रीमियम TWS के शौकीन हैं, तो Sennheiser Momentum True Wireless 5 ईयरबड को जरूर देख सकते हैं।


























