
सस्ता 5जी फोन खरीदने वाले लोगों के लिए टेक ब्रांड एचएमडी ग्लोबल ने नया HMD Vibe 2 5G स्मार्टफोन इंडिया में लॉन्च कर दिया है। HMD Global वही कंपनी है जिसने कई सालों तक Nokia Phones बनाए हैं। अब यह अपनी खुद की ब्रांडिंग वाले फोन लेकर आने लगी है। एचएमडी वाइब 2 कम कीमत वाला 5जी स्मार्टफोन जिसे सिर्फ 9,499 रुपये में खरीदा जा सकता है। इस नए और सस्ते 5जी फोन का प्राइस, ऑफर्स, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
HMD Vibe 2 5G प्राइस और ऑफर
एचएमडी वाइब 2 5जी फोन को इंडिया में दो वेरिएंट्स में लाया गया है। स्मार्टफोन का बेस वेरिएंट 4GB RAM के साथ 64GB Storage सपोर्ट करता है और इसका लॉन्च प्राइस 10,999 रुपये है। वहीं मोबाइल के टॉप वेरिएंट में 4GB RAM के साथ 128GB Storage दी गई है और इसकी कीमत 11,999 रुपये है। फोन की सेल आज 26 मई की दोपहर 12 बजे से शुरू हो रही है।

शुरुआती दिनों में इस सस्ते 5G फोन HMD Vibe 2 को कंपनी 1500 रुपये की छूट के साथ बेचेगी जिसके बाद इस 5जी फोन को 9,499 रुपये में खरीदा जा सकेगा। यह डिस्काउंट बैंक ऑफर के तहत दिया जाएगा जिसमें ICICI, Axis, HDFC, SBI, Kotak, BoB, Yes Bank, Bank of Maharashtra, CSB Bank और AU Small finance bank जैसे बैंक शामिल है।
उपरोक्त किसी भी बैंक के डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने पर डायरेक्ट 1500 रुपये की छूट मिलेगी। सिर्फ इतना ही नहीं, अगर आप UPI transaction से फोन परचेज करेंगे तो भी 1500 रुपये डिस्काउंट प्राप्त होगा। गौरतलब है कि यह ऑफर सीमित समय के लिए ही लाया गया है जिसका फायदा फ्लिपकार्ट पर फिलहाल 31 मई तक ही उठाया जा सकता है। यह सस्ता 5जी फोन Nordic Blue, Peach Pink और Cosmic Lavender कलर में परचेज कर सकते हैं।

HMD Vibe 2 5G स्पेसिफिकेशन्स
एचएमडी वाइब 2 5जी फोन Unisoc T8200 चिपसेट पर लाया गया है। यह 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.1गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.3गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। इस सस्ते 5जी स्मार्टफोन को एंड्रॉयड 16 आधारित Sarvam AI पर लाया गया है। बता दें कि सर्वम एआई एक इंडियन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम है।
HMD Vibe 2 5G फोन को 1600 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.75 इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर पेश किया गया है। यह IPS LCD पैनल पर बनी स्क्रीन है जिसे वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल पर लाया गया है। इस फोन डिस्प्ले पर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 265ppi का सपोर्ट दिया गया है जो इसे बजट के 5जी फोंस में कम ही देखने को मिलती है। वहीं डिस्प्ले प्रोटेक्शन के लिए इसपर 2D ग्लास की एक्स्ट्रा लेयर भी चढ़ाई गई है।

इस सस्ते 5जी फोन की सबसे बड़ी ताकत इसकी बड़ी बैटरी है। पावर बैकअप के लिए इस मोबाइल को 6000mAh battery से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। कंपनी की मानें तो फुल चार्ज के बाद इसपर 24 घंटे तक का कॉलिंग टाइम पाया जा सकता है। यह मोबाइल 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है और यह चार्जर फोन बॉक्स में ही मिल जाएगा।
फोटोग्राफी के लिए एचएमडी का सस्ता 5जी स्मार्टफोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो सेकेंडरी एआई लेंस साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए HMD Vibe 2 5G में 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है। ग्राहकों को इसमें AI scene recognition सहित BeautyMode जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।

HMD Vibe 2 5G स्मार्टफोन को भारतीय बाजार में IP64 रेटिंग पर पेश किया है जो इसे धूल और पानी की बौछारों से बचाने में मदद करती है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें WiFi व Bluetooth 5.0 जैसे विकल्प मौजूद हैं। वहीं फोन अनलॉकिंग और सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर सहित फेस अनलॉक जैसे फीचर्स दिए गए हैं। बताते चलें कि यह सस्ता स्मार्टफोन 8 5G Bands सपोर्ट करता है जिसमें हर कंपनी के नंबर पर फास्ट इंटरनेट मिलेगा।









