
सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने अपने प्रीपेड रिचार्ज पोर्टफोलियो में 202 रुपये का नया प्लान शामिल किया है। यह प्लान उन ग्राहकों के लिए पेश किया गया है, जिन्हें ज्यादा डाटा और अनलिमिटेड कॉलिंग की जरूरत नहीं है। इस प्लान की खासियत है कि इसके साथ ग्राहकों को 1 लाख रुपये तक का फ्री इंश्योरेंस भी मिलता है। कंपनी के इस प्लान में कॉलिंग मिनट्स, SMS और इंटरनेट डाटा जैसे बेनिफिट्स दिए जा रहे हैं। ऐसे में कम इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए यह एक किफायती विकल्प हो सकता है।
BSNL के 202 रुपये वाले प्रीपेड प्लान में 32 दिनों की सर्विस वैलिडिटी मिलती है। इसमें ग्राहकों को कुल 300 मिनट की वॉयस कॉलिंग और 100 SMS मिलते हैं। वहीं, इंटरनेट इस्तेमाल के लिए 5GB डाटा दिया जाता है। डाटा लिमिट खत्म होने के बाद इंटरनेट स्पीड घटकर 40Kbps रह जाती है यानी यह प्लान उन लोगों के लिए ज्यादा उपयोगी है, जिन्हें सीमित कॉलिंग और इंटरनेट की जरूरत होती है।

इस प्लान का सबसे खास फायदा 1 लाख रुपये तक का फ्री इंश्योरेंस कवर है। इसमें पात्र ग्राहकों को दुर्घटना से मौत के लिए 1 लाख रुपये तक और साइबर फ्रॉड के लिए 10,000 रुपये तक का इंश्योरेंस कवर मिलता है। हालांकि इंश्योरेंस के तहत मिलने वाली सुरक्षा, पात्रता और क्लेम की शर्तों की जानकारी रिचार्ज कराने से पहले BSNL से जरूर जांच लेनी चाहिए। ग्राहक इस प्लान को BSNL की आधिकारिक वेबसाइट या BSNL Self Care ऐप के जरिए एक्टिवेट कर सकते हैं।
BSNL के 247 रुपये वाले प्रीपेड प्लान से यह प्लान कैसे अलग है, तो आपको बता दें कि 247 रुपये वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर में 30 दिनों की वैलिडिटी के साथ 50GB डाटा मिलता है। इसके अलावा, ग्राहकों को अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, रोजाना 100 SMS और मेन अकाउंट में 10 रुपये का टॉकटाइम मिलता है।
दोनों प्लान की तुलना करें, तो 202 रुपये वाला रिचार्ज कम कीमत और सीमित इस्तेमाल के लिए है। वहीं, 247 रुपये वाला प्लान उन ग्राहकों के लिए बेहतर हो सकता है, जिन्हें ज्यादा इंटरनेट डाटा और अनलिमिटेड कॉलिंग चाहिए। हालांकि दोनों प्लान में डाटा लिमिट खत्म होने के बाद इंटरनेट स्पीड घटकर 40Kbps हो जाती है।
इसके साथ आपको बात दें कि BSNL के 225 रुपये वाले प्लान की वैलिडिटी पहले 30 दिनों की थी, जिसे घटाकर 28 दिन कर दिया गया है। ऐसे में 202 रुपये वाला नया रिचार्ज कम कीमत में 32 दिनों की वैलिडिटी देता है। कुल मिलाकर, BSNL का 202 रुपये वाला प्लान उन ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें कम डाटा और सीमित कॉलिंग की जरूरत होती है। वहीं, ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले यूजर 247 रुपये जैसे अधिक डाटा वाले प्लान पर विचार कर सकते हैं।










