
BSNL इस साल अपने ग्राहकों के लिए लगातार नए ऑफर और सर्विस पेश कर रहा है। पहले कंपनी ने 1 रुपये का Freedom Plan, महिलाओं की सुरक्षा के लिए Kavach Number और BSNL Satellite Phone जैसी सुविधाएं पेश कीं। अब सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने प्रीपेड यूजर्स के लिए एक और खास पहल की है। BSNL के चुनिंदा प्रीपेड रिचार्ज के साथ अब ग्राहकों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के इंश्योरेंस कवर भी मिलेगा। बता दें कि इस इंश्योरेंस में दुर्घटना से मौत और साइबर फ्रॉड से होने वाले आर्थिक नुकसान को कवर किया गया है।
BSNL रिचार्ज के साथ मिलेगा इंश्योरेंस कवर
बीएसएनएल ने इस सुविधा के लिए सरकारी इंश्योरेंस कंपनी The Oriental Insurance Company Limited यानी OICL के साथ साझेदारी की है। इसके तहत पात्र ग्राहकों को दो तरह का इंश्योरेंस कवर दिया जा रहा है। पहला कवर दुर्घटना के कारण होने वाली मौत के लिए है, जबकि दूसरा ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से होने वाले नुकसान के लिए दिया जाएगा।
दुर्घटना से मौत होने की स्थिति में ग्राहक या उसके परिवार को अधिकतम 1 लाख रुपये तक का कवर मिल सकता है। इसमें सड़क दुर्घटना, जलने, सांप के काटने, बिजली गिरने और करंट लगने जैसी घटनाओं को शामिल किया गया है। ऐसी घटना की जानकारी 48 घंटे के भीतर देनी होगी।
इसके अलावा, साइबर फ्रॉड के मामले में 10,000 रुपये तक का कवर मिलेगा। इसमें फिशिंग, ईमेल स्पूफिंग और ऑनलाइन चोरी जैसे मामलों से होने वाले आर्थिक नुकसान को शामिल किया गया है। इसके लिए BSNL मोबाइल नंबर का बैंक अकाउंट से लिंक होना जरूरी है और फ्रॉड की जानकारी 7 दिनों के भीतर देनी होगी। इंश्योरेंस क्लेम से जुड़ी जानकारी के लिए ग्राहक 1800-11-8485 टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या [email protected] पर ईमेल कर सकते हैं।
अलग से इंश्योरेंस लेने या आवेदन करने की जरूरत नहीं
इस ऑफर की खास बात यह है कि ग्राहकों को इंश्योरेंस के लिए अलग से आवेदन नहीं करना होगा। पात्र रिचार्ज करने के बाद इंश्योरेंस कवर अपने आप एक्टिव हो जाएगा। BSNL के मुताबिक, यह कवर योग्य रिचार्ज के 24 घंटे के भीतर एक्टिव होता है और संबंधित रिचार्ज की वैलिडिटी तक जारी रहता है।
फिलहाल यह सुविधा BSNL के 202 रुपये और 2,449 रुपये वाले प्रीपेड प्लान के साथ उपलब्ध है। दोनों प्लान Special Tariff Voucher यानी STV हैं और इनमें अलग-अलग तरह के बेनिफिट मिलते हैं।
BSNL 202 रुपये वाला प्लान
202 रुपये का BSNL STV 30 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। इसमें ग्राहकों को कुल 300 मिनट की वॉयस कॉलिंग, 5GB हाई-स्पीड डाटा और 100 SMS मिलते हैं। इस रिचार्ज के साथ ही पात्र ग्राहकों को दुर्घटना से मौत के लिए 1 लाख रुपये तक और साइबर फ्रॉड के लिए 10,000 रुपये तक का इंश्योरेंस कवर मिलता है।
BSNL 2,449 रुपये वाला प्लान
2,449 रुपये वाला BSNL प्रीपेड प्लान लंबी वैलिडिटी चाहने वाले ग्राहकों के लिए है। इस प्लान की वैलिडिटी 365 दिनों की है। इसमें लोकल, STD और रोमिंग समेत अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, रोजाना 2GB डाटा और हर दिन 100 SMS मिलते हैं। इस प्लान के साथ भी पात्र ग्राहकों को वही इंश्योरेंस बेनिफिट मिलता है यानी दुर्घटना से मौत होने पर 1 लाख रुपये तक और साइबर फ्रॉड की स्थिति में 10,000 रुपये तक का कवर उपलब्ध है।
किसानों और ग्रामीण ग्राहकों पर खास फोकस
BSNL के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य उन लोगों तक इंश्योरेंस की सुविधा पहुंचाना है, जिनके पास आमतौर पर किसी तरह का इंश्योरेंस कवर नहीं होता है। इसमें किसान, मछुआरे, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले दूसरे ऐसे लोग शामिल हैं, जो अक्सर पारंपरिक इंश्योरेंस सेवाओं से दूर रहते हैं। BSNL का कहना है कि टेलीकॉम रिचार्ज के साथ इंश्योरेंस देने से ऐसे ग्राहकों तक यह सुविधा आसानी से पहुंच सकती है। कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर A. Robert J. Ravi के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उन लोगों तक इंश्योरेंस पहुंचाना है, जिन्होंने शायद इसके बारे में पहले सुना भी न हो।
Jio, Airtel और Vi से अलग क्या है BSNL का ऑफर?
BSNL का यह ऑफर इसलिए भी अलग है, क्योंकि इसमें टेलीकॉम रिचार्ज के साथ इंश्योरेंस कवर जोड़ा गया है। कंपनी के अनुसार, फिलहाल BSNL के अलावा किसी अन्य प्रमुख टेलीकॉम ऑपरेटर के प्रीपेड प्लान में एक साथ दुर्घटना से मौत और साइबर फ्रॉड दोनों तरह का कवर शामिल नहीं है। हालांकि, इंश्योरेंस का लाभ केवल चुनिंदा BSNL रिचार्ज के साथ ही मिलेगा। इसलिए रिचार्ज करने से पहले यह देखना जरूरी है कि संबंधित प्लान इस सुविधा के लिए पात्र है या नहीं। साथ ही, इंश्योरेंस क्लेम के लिए तय नियम और समयसीमा का पालन करना होगा।










