
रिलायंस जियो ने भारत में अपनी 10वीं सालगिरह के अवसर पर Happy New Year 2.0 ऑफर पेश किया है। इस ऑफर में कंपनी ने ₹399 और ₹3,999 के दो प्रीपेड प्लान में अनलिमिटेड 4G और 5G डाटा का फायदा दिया है। इसके अलावा, कम समय के लिए ज्यादा डाटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए ₹15 और ₹25 के अनलिमिटेड 5G ऐड-ऑन पैक भी पेश किए हैं। वहीं, रात में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों के लिए ₹50 का नाइट डाटा पैक भी इस ऑफर का हिस्सा है। इस बार जियो का फोकस सिर्फ रिचार्ज के साथ OTT और डिजिटल सब्सक्रिप्शन देने पर नहीं है, बल्कि डाटा इस्तेमाल की रोजाना सीमा हटाकर ग्राहकों को ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने की सुविधा देना भी है। हालांकि ₹399 और ₹3,999 के प्लान में मिलने वाले अतिरिक्त फायदे अलग-अलग हैं। ऐसे में रिचार्ज करने से पहले दोनों प्लान की वैलिडिटी, सब्सक्रिप्शन और अपनी डाटा जरूरतों की तुलना करना जरूरी है।
Jio Happy New Year 2.0 Offer: क्या हैं नए प्लान?
Happy New Year 2.0 ऑफर के तहत जियो ने दो मुख्य रिचार्ज प्लान और तीन डाटा ऐड-ऑन पैक पेश किए हैं। ₹399 का प्लान 28 दिन और ₹3,999 का प्लान 365 दिन की वैलिडिटी के साथ आता है। दोनों प्लान में अनलिमिटेड 4G और 5G डाटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 SMS मिलते हैं। इनके अलावा, ₹15 और ₹25 के ऐड-ऑन पैक में क्रमशः 1 दिन और 2 दिन के लिए अनलिमिटेड 5G डाटा मिलता है। ₹50 का पैक 28 दिन तक हर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के बीच अनलिमिटेड 4G और 5G डाटा देता है।
Jio का ₹399 वाला प्लान
जियो के ₹399 वाले रिचार्ज प्लान में 28 दिन की वैलिडिटी मिलती है। इस दौरान यूजर को अनलिमिटेड 4G और 5G डाटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 SMS मिलते हैं। इस प्लान की खास बात यह है कि इसके साथ 12 महीने का Canva Pro सब्सक्रिप्शन दिया जा रहा है, जिसकी कीमत 4,000 रुपये बताई गई है। इसके अलावा, प्लान में JioHotstar Mobile + Hollywood, JioGames मोबाइल सब्सक्रिप्शन और JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज मिलता है।

जियो ने इसमें JustDial Lite, Hyperlocal Coupons और Digital Diary जैसे अतिरिक्त फायदे भी मिलते हैं। यह प्लान उन ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकता है जिन्हें हर महीने रिचार्ज कराने में परेशानी नहीं है और वे Canva के प्रीमियम डिजाइन टूल्स, गेमिंग और एंटरटेनमेंट सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। कम वैलिडिटी के बावजूद Canva Pro का मिलना इसे उन यूजर्स के लिए आकर्षक बनाता है जिन्हें इस सब्सक्रिप्शन की जरूरत है।
Jio का ₹3,999 वाला प्लान
जियो के ₹3,999 वाले प्लान में 365 दिन यानी पूरे एक साल की वैलिडिटी मिलती है। इसमें भी अनलिमिटेड 4G और 5G डाटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 SMS शामिल हैं। इस प्लान के साथ 12 महीने का Canva Pro Lite सब्सक्रिप्शन दिया जा रहा है, जिसकी कीमत 1,590 रुपये बताई गई है। इसके अलावा, ग्राहकों को JioHotstar Mobile + Hollywood, FanCode और JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज मिलता है। हालांकि इस प्लान में ₹399 वाले रिचार्ज की तरह Canva Pro नहीं, बल्कि इसका Lite वर्जन दिया गया है। वहीं, JioGames मोबाइल सब्सक्रिप्शन और JustDial Lite जैसे अतिरिक्त फायदे भी इसमें नहीं मिलते हैं।

यह प्लान उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है जो बार-बार रिचार्ज नहीं कराना चाहते और पूरे साल एक ही प्लान के साथ रहना पसंद करते हैं। लेकिन Canva Pro के सभी प्रीमियम फीचर्स इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को रिचार्ज से पहले Pro और Pro Lite के बीच अंतर जरूर देखना चाहिए।
Jio ₹399 vs ₹3,999 प्लान: कौन-सा है बेहतर?
दोनों प्लान में अनलिमिटेड 4G और 5G डाटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और रोजाना 100 SMS मिलते हैं। सबसे बड़ा अंतर वैलिडिटी और अतिरिक्त सब्सक्रिप्शन का है। दोनों प्लान की तुलना करें, तो ₹3,999 का रिचार्ज सालाना वैलिडिटी के लिहाज से सुविधाजनक है। इसकी कीमत को 12 महीनों में बांटें, तो औसतन करीब ₹333.25 प्रति महीना खर्च आता है। वहीं, ₹399 का प्लान हर 28 दिन में रिचार्ज कराने की जरूरत रखता है। हालांकि कम कीमत वाले प्लान में Canva Pro का बेहतर सब्सक्रिप्शन और कुछ अतिरिक्त सेवाएं मिलती हैं। इसलिए केवल सालाना प्लान होने की वजह से ₹3,999 को बेहतर नहीं कहा जा सकता। अगर Canva Pro और JioGames आपके लिए महत्वपूर्ण हैं, तो ₹399 वाला प्लान ज्यादा उपयोगी हो सकता है। वहीं, एक साल की वैलिडिटी और FanCode की सुविधा चाहते हैं, तो ₹3,999 पर विचार कर सकते हैं।
Jio के ₹15 और ₹25 वाले अनलिमिटेड 5G ऐड-ऑन पैक
जियो ने कम समय के लिए ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए दो नए अनलिमिटेड 5G डाटा ऐड-ऑन पैक पेश किए हैं। ₹15 वाले पैक में 1 दिन और ₹25 वाले पैक में 2 दिन की वैलिडिटी मिलती है। इन दोनों पैक के साथ कंपनी अनलिमिटेड 5G डाटा देने का दावा कर रही है। जियो के मुताबिक, इन वाउचर में डाटा डाउनलोड की सीमा, स्पीड थ्रॉटलिंग और इस्तेमाल की कोई सीमा नहीं रखी गई है। ये पैक उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकते हैं जिन्हें किसी खास दिन बड़ी फाइल डाउनलोड करनी है, ऑनलाइन गेम खेलना है या वीडियो स्ट्रीमिंग के लिए अतिरिक्त डाटा चाहिए। ऐसे में उन्हें लंबी वैलिडिटी वाला महंगा रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, इन पैक का फायदा लेने से पहले अपनी मौजूदा योजना और ऐड-ऑन की पात्रता MyJio ऐप में जरूर जांच लें।
Jio का ₹50 वाला नाइट डाटा पैक
जियो ने रात में ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए ₹50 का Unlimited Night Data Voucher भी पेश किया है। इस पैक की वैलिडिटी 28 दिन है। इसके तहत हर दिन रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड 4G और 5G डाटा मिलता है। इस दौरान इस्तेमाल किया गया डाटा दिन के डाटा बैलेंस में से कम नहीं होगा।
यह पैक उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जो रात में काम करते हैं, ऑनलाइन गेम खेलते हैं या बड़ी फाइलें डाउनलोड और क्लाउड पर बैकअप करते हैं। हालांकि, जो ग्राहक आमतौर पर दिन में इंटरनेट इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए इस पैक का फायदा सीमित हो सकता है।
डाटा के साथ डिजिटल सब्सक्रिप्शन पर फोकस
Happy New Year 2.0 ऑफर को देखें, तो जियो सिर्फ मोबाइल डाटा और कॉलिंग तक अपनी पेशकश सीमित नहीं रख रहा है। कंपनी Canva, JioHotstar, FanCode, JioGames और JioAICloud जैसी सेवाओं को रिचार्ज के साथ जोड़कर ग्राहकों को अपने डिजिटल इकोसिस्टम में बनाए रखने की कोशिश कर रही है। Canva Pro और Pro Lite जैसे सब्सक्रिप्शन को शामिल करना भी इसी रणनीति का हिस्सा है। इससे जियो का ऑफर केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहता है, बल्कि डिजाइनिंग, कंटेंट तैयार करने और क्लाउड स्टोरेज जैसे इस्तेमाल तक पहुंचता है। वहीं, JustDial Lite और Digital Diary जैसी सेवाएं छोटे कारोबारियों और रोजमर्रा के काम करने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर जोड़ी गई हैं। कंपनी की 10वीं सालगिरह के मौके पर यह ऑफर ग्राहकों को अतिरिक्त डिजिटल सेवाएं देने के साथ उन्हें लंबे समय तक अपने नेटवर्क और सेवाओं से जोड़ने की रणनीति को भी दिखाता है।
हमारी राय में जियो का ₹399 वाला प्लान उन ग्राहकों के लिए ज्यादा आकर्षक है, जो हर महीने रिचार्ज करा सकते हैं और Canva Pro, JioGames तथा JioHotstar जैसे फायदे इस्तेमाल करना चाहते हैं। वहीं, ₹3,999 का सालाना प्लान उन लोगों के लिए सुविधाजनक है जो बार-बार रिचार्ज नहीं कराना चाहते हैं। लेकिन इस प्लान में Canva Pro Lite मिलता है, इसलिए Canva के प्रीमियम फीचर्स की जरूरत वाले यूजर्स को इस अंतर पर ध्यान देना चाहिए।










