
सैमसंग ने आज भारतीय बाजार में अपनी स्मार्टफोंस की खेप को बढ़ाते हुए गैलेक्सी ए सीरीज़ में एक साथ तीन नए स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं। कंपनी की ओर से गैलेक्सी ए10, गैलेक्सी ए30 और गैलेक्सी ए50 को भारतीय बाजार में उतारा गया है। वहीं अब खबर आ रही है कि सैमसंग जल्द ही इसी सीरीज़ के एक और स्मार्टफोन गैलेक्सी ए40 को भी जल्द ही सामने लाने की तैयारी कर रही है। सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ के इस स्मार्टफोन को सैमसंग की आफिशियल वेबसाइट पर देखा गया है।
सैमसंग गैलेक्सी ए40 को सैमसंग की जर्मन वेबसाइट पर लिस्ट किया गया है। इस वेबसाइट पर गैलेक्सी ए40 को एसएम-ए405एफएन/डीएस मॉडल नंबर के साथ दिखाया गया है। माना जा रहा है कि यहां डीएस का मतलब डुअल सिम से है। सैमसंग वेबसाइट पर गैलेक्सी ए40 के प्रोडक्ट पेज पर फोन की अन्य कोई डिटेल नहीं दी गई है। लेकिन माना जा रहा है कि यह फोन भी जल्द ही टेक मंच पर दस्तक दे देगा।

गैलेक्सी ए40 स्पेसिफिकेशन्स
अब तक सामने आए लीक्स के अनुसार सैमसंग गैलेक्सी ए40 को इनफिनिटी यू डिसप्ले पर लॉन्च किया जाएगा। यह फोन एंडरॉयड के सबसे लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 9 पाई पर आधारित होगा तथा प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ सैमसंग का एक्सनॉस 7885 चिपसेट दिया जा सकता है। लीक में बताया गया है कि यह फोन 4जीबी रैम पर लॉन्च होगा।
गैलेक्सी ए सीरीज़ की इंडियन कीमतें
सैमसंग द्वारा आज भारत में लॉन्च किए गए गैलेक्सी ए सीरीज़ के स्मार्टफोंस की बात करें तो कंपनी की ओर से गैलेक्सी ए10 के 3जीबी रैम व 32जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 8,490 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है। इसी तरह गैलेक्सी ए30 के 4जीबी रैम व 64जीबी मैमोरी वेरिएंट को 16,990 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है। सैमसंग के गैलेक्सी ए50 के 4जीबी व 64जीबी मैमोरी वेरिएंट को 19,990 रुपये तथा 6जीबी रैम व 128जीबी मैमोरी वेरिएंट को 22,990 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकता है।


















