
भारतीय मोबाइल बाजार शुरू से ही काफी प्रतियोगी रहा है। यहां चंद रुपये का अंतर बड़ा फासला बना देता है और यही वजह है कि शाओमी ने शुरू से ही प्राइस माध्यम बनाया और कुछ ही सालों में नंबर एक स्मार्टफोन निर्माता बनकर उभरा। शाओमी से सीख लेते हुए सैमसंग ने भी अपनी रणनीति बदली और 2019 में कंपनी ने ‘गैलेक्सी एम’ सीरीज और ‘गैलेक्सी ए’ सीरीज में दमदार फोन पेश किए। शाओमी और सैमसंग के इस बदलाव ने दूसरे निर्माताओं को भी इस ओर मुड़ने को मजबूर कर दिया है। इस कड़ी में नया नाम वीवो का है। आने वाले कुछ महीनों में वीवो पूरी तरह से बदल जाएगा। हाल में आपने गौर किया होगा कि कंपनी ने अपना लोगो बदल दिया है लेकिन अब पूरा प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बदलने वाला है। वीवो भारत में नए वाई, एस, ज़ेड और आईक्यू सीरीज के फोन को पेश करने वाली है। 91मोबाइल्स को इस बारे में एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है जिसमें कंपनी के 2019 के रोडमैप का पता चला है। हमें यह जानकारी वीवो के ही एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर दी है।
क्या है कंपनी का प्लान?

भारत में सैमसंग नंबर एक स्मार्टफोन निर्माता का स्थान गंवा चुका है। पंरतु अब कंपनी पूरी जोर लगा रही है फिर से उसे पाने के लिए। यही वजह है कि सैमसंग ने गैलेक्सी एम और गैलेक्सी ए सीरीज में नए फोन लॉन्च किए हैं। परंतु अब कंपनी को नंबर 2 पर भी चुनौती मिलने वाली है। इस बारे में वीवो के अधिकारी का कहना है कि “वीवो 2019 में सबसे ज्यादा सैमसंग से भिड़ने वाला है। हर सेग्मेंट में कंपनी ने सैमसंग को चुनौती देने का मन बना लिया है। कम बजट में जहां वाई3 फोन होगा। वहीं मध्यम रेंज में वाई5 और ज़ेड सीरीज के माध्यम से वीवो सैमसंग को टक्कर देने वाला है। हां, उंचे सेग्मेंट में कंपनी सैमसंग के साथ वनप्लस के सामने भी खड़ी होने वाली है। इसके लिए आईक्यू फोन को भारत में लॉन्च किया जाएगा।”
कैसे होंगे प्रोडक्ट?

उन्होंने हमें बताया कि “इस बार वीवो ऑफलाइन से लेकर ऑनलाइन हर सेग्मेंट में आने वाला है। आॅनलाइन में मध्यम बजट सेग्मेंट में कंपनी आने वाली है और इसके तहत एस1 मॉडल को लॉन्च किया जाएगा। जबकि वाई3 और वाई5 जैसे मॉडल आॅफलाइन स्टोर के लिए होंगे। हां ज़ेड सीरीज के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। आईक्यू मॉडल में प्रीमियम फोन होंगे।”
कैसा होगा एस1 मॉडल

हाल में वीवो एस1 को लेकर एक लीक आई थी जिसमें दावा किया गया है कि इस फोन के स्पेसिफिकेशन वीवो वी15 के समान ही हैं और भारत में भी इस फोन को लेकर कुछ ऐसी ही आशा की जा रही है। हमें जो जानकारी मिली है उसके अनुसार सैमसंग गैलेक्सी एस1 का प्राइस बेहद ही अग्रेसिव होगा। भारत में इस फोन को 15,000 से नीचे के बजट में पेश किया जाएगा और यह ऑनलाइन एक्सक्लूसिव हो सकता है।
वीवो वाई3 और वाई5
वीवो वाई3 और वाई5 को कंपनी सीधे तौर पर सैमसंग गैलेक्सी एम और गैलेक्सी ए सीरीज के सामने रखने वाली है। शुरुआत में दोनों मॉडल के दो—दो मैमोरी वेरियंट पेश किए जाएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सैमसंग गैलेक्सी वाई3 को कंपनी 10,000 रुपये से लेकर 15,000 रुपये के बीच लॉन्च करने वाली है जबकि वाई5 थोड़ा महंगा होगा। वीवो वाई5 की कीमत 15,000 रुपये से लेकर 20,000 रुपये के बीच होगी। जहां तक स्पेसिफिकेशन की बात है तो इस बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन हमें जो खबर मिली है उसके अनुसार वीवो इन फोंस आपको ट्रिपल कैमरा देखने को मिल सकता है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार हो सकता है कि कंपनी भारत में इसे आईपीएल के दौरान ही लॉन्च कर दे।
गेमिंग फोन आईक्यू

हाल में चीन में वीवो ने अपने सब ब्रांड आईक्यू को पेश किया है। इसके तहत कंपनी ने दमदार स्पेसिफिकेशन वाले गेमिंग फोन पेश किए हैं। वहीं हमें जो जानकारी मिली है उसके अनुसार आईक्यू फोन को भारत में भी लॉन्च किया जाना है। ये फोन मई के अंत या जून में भारत में लॉन्च किए जा सकते हैं। रही बात कीमत की तो भारत में आईक्यू मॉडल की शुरुआत 30,000 रुपये से शुरू हो सकती है।
पुराने मॉडल का क्या होगा

जैसा कि हमनें जानकारी दी है कि कंपनी पूरा पोर्टफोलियो बदलने वाली है ऐसे में पुराने मॉडल या अभी जो मॉडल बाजार में उपलब्ध हैं उनकी कीमत कम करने वाली है। आपने भी गौर किया होगा कि हाल में वाई95 और वाई83 जैसे मॉडल की प्राइस में कटौती की है। परंतु हमें जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार आने वाले दिनों में दूसरे मॉडल का प्राइस भी ड्रॉप होगा और कंपनी भारी छूट देकर इन मॉडल्स को बंद कर देगी। हाल में हमें जानकारी मिली है कि वीवो वी11 प्रो का प्रोडक्शन कंपनी ने बंद कर दिया है और कुछ राज्यों में स्टोर्स पर अब ये फोन उपलब्ध नहीं हैं।















