
टेक कंपनी हुआवई अपनी एन्जॉय स्मार्टफोन सीरीज़ पर काम कर रही है और अगले हफ्ते ही चीनी बाजार में इस सीरीज़ के नेक्स्ट स्मार्टफोंस को पेश कर देगी। खबर है कि हुआवई एन्जॉय 9एस और एन्जॉय 9ई नाम से दो स्मार्टफोन लॉन्च करने की योजना बना रही है। ये स्मार्टफोन हालांकि चीन में ही लॉन्च किए जाएंगे जो आने वाले महीनों में भारत व अन्य बाजारों में दस्तक दे सकते हैं। वहीं लॉन्च से पहले ही हुआवई के एन्जॉय 9एस स्मार्टफोन की फोटो और स्पेसिफिकेशन्स इंटरनेट पर लीक हो गई है जिससे एन्जॉय सीरीज़ के इस आगामी स्मार्टफोन की लुक व डिजाईन के साथ ही अन्य अहम जानकारी भी सामने आ गई है।
हुआवई एन्जॉय 9एस डिजाईन
सबसे पहले एन्जॉय 9एस की लुक की बात करें तो सामने आई फोटो में यह फोन ‘यू’ शेप वाली वॉटरड्रॉप नॉच पर बना दिखाया गया है। फोन के तीन किनारें जहां पूरी तरह से बेजल लेस है वहीं नीचे की ओर हल्का सा बॉडी पार्ट दिया गया है। फोन के बैक पैनल पर बाईं ओर वर्टिकल शेप में ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है जो फ्लैश लाईट से लैस है। फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है। फोन के दाएं पैनल पर जहां वाल्यूम रॉकर और पावर बटन दिया गया है वहीं बाईं ओर सिम स्लॉट मौजूद है। यूएसबी पोर्ट फोटो में दिखाई नहीं दिया है लिहाजा कहना मुश्किल है कि एन्जॉय माइक्रो यूएसबी सपोर्ट करेगा या यूएसबी टाईप-सी।

हुआवई एन्जॉय 9एस स्पेसिफिकेशन्स
एन्जॉय 9एस की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो अब तक सामने आए लीक्स के अनुसार यह फोन 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया जाएगा जो 1080 x 2340 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.21-इंच की फुलएचडी+ आईपीएस एलसीडी डिसप्ले सपोर्ट करेगा। लीक के मुताबिक एन्जॉय 9एस एंडरॉयड के सबसे नए ओएस एंडरॉयड 9.0 आधारित ईएमयूआई 9.0 पर पेश किया जाएगा जो आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ 12एनएम तकनीक पर बने हाईसिलिकॉन किरीन 710 चिपसेट पर रन करेगा। यह भी पढ़ें : देश के टेलीकॉम ग्राहक हुए 120 करोड़ के पार, जियो ने जोड़े सबसे ज्यादा 93 लाख यूजर
लीक के अनुसार एन्जॉय 9एस को हुआवई द्वारा 4जीबी रैम मैमोरी पर पेश किया जाएगा जो 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करेगा तथा माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये स्टोरेज को 128जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। बहरहाल उम्मीद है कि हुआवई इस फोन के एक से ज्यादा वेरिएंट बाजार में उतारेगी। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो हुआवई एन्जॉय 9एस के फ्रंट पैनल पर मौजूद नॉच में 8-मेगापिक्सल का सेल्फी कमरा दिया जा सकता है जो एआई तकनीक से लैस होगा।

एन्जॉय 9एस ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 24-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, 16-मेगापिक्सल का वाईड एंगल लेंस और 2-मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर देखने को मिल सकता है। फोन के बैक पैनल पर जहां फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह फोन फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए एन्जॉय 9एस में 3,400एमएएच की बैटरी देखने को मिल सकती है। यह भी पढ़ें : शाओमी के सस्ते फोन्स को टक्कर देने आ रहे वीवो के स्मार्टफोन्स, स्पेसिफिकेशन्स के साथ गीकबेंच पर हुए स्पॉट
गौरतलब है कि हुआवई की ओर से अभी तक एन्जॉय 9एस की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी नहीं दी गई है। कंपनी आने वाली 25 मार्च का चीन में एक ईवेंट का आयोजन करने जा रही है और इसी ईवेंट के मंच से एन्जॉय 9एस टेक बाजार में कदम रख सकता है। खबर है कि इस दिन एन्जॉय 9एस के साथ ही हुआवई की ओर से एन्जॉय 9ई स्मार्टफोन तथा नया टैबलेट मीडियापैड एम5 यूथ एडिशन भी लॉन्च किया जा सकता है।





















