
रियलमी ब्रांड के तहत पिछले महीने ही कंपनी का नया स्मार्टफोन रियलमी 3 प्रो लॉन्च किया गया था। इस फोन ने बाजार में आते ही सफलता के नए रिकॉर्ड बना दिए। इंडिया लॉन्च के बाद यह फोन सिर्फ 3 बार ही मार्केट में सेल के लिए उपलब्ध हुआ है और रियलमी 3 ने बाजार में आने के तीन हफ्ते बाद ही 5 लाख यूनिट की सेल कर ली है। 3 हफ्ते के अंदर ही 5 लाख से ज्यादा रियलमी 3 फोन बेचे जा चुके हैं। रियलमी की सक्सेस को कंपनी और भी बड़ा करना चाहती है। कंपनी इससे भी शानदार और दमदार फोन रियलमी 3 प्रो लाने की तैयारी में है, जो इसी महीने बाजार में दस्तक दे सकता है। कंपनी ने हालांकि अभी तक इस फोन के लॉन्च की जानकारी नहीं दी है, लेकिन रियलमी 3 प्रो की एंट्री से पहले ही इस फोन की स्पेसिफिकेशन्स लीक के जरिये सामने आ गई है।
रियलमी 3 प्रो से जुड़ी एक खबर इंडियाशॉप्स नाम की वेबसाइट ने लिखी है। इस वेबसाइट ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि उनके पास रियलमी 3 प्रो के लॉन्च से पहले ही इस फोन की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी आ गई है। रियलमी 3 प्रो बाजार में कब लॉन्च होगा यह बात हालांकि वेबसाइट की रिपोर्ट में पुख्ता नहीं बताई गई है लेकिन इस बात की उम्मीद जताई जा रही है कि रियलमी 3 प्रो अप्रैल के तीसरे हफ्ते में 21 तारीख के बाद बाजार में दस्तक दे सकता है।

रियलमी 3 प्रो स्पेसिफिकेशन्स
रियलमी 3 प्रो को लेकर इस रिपोर्ट में बताया गया है कि यह फोन भारत में तीन वेरिएंट्स में लॉन्च किया जाएगा। रियलमी 3 प्रो के सबसे छोटे वेरिएंट में 4जीबी रैम मैमोरी के साथ 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जाएगी। फोन का दूसरा वेरिएंट 4जीबी रैम के साथ 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करेगा। इसी तरह रियलमी 3 प्रो के सबसे बड़े वेरिएंट में 6जीबी की रैम मैमोरी मौजूद रहेगी तथा यह वेरिएंट भी 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करेगा। यह भी पढ़ें : ट्रिपल रियर कैमरा और 5,000 एमएएच बैटरी के साथ इसी महीने लॉन्च होगा वीवो वाई5
रिपोर्ट के मुताबिक रियलमी 3 प्रो को क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 710 चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा। यह चिपसेट 10एनएम तकनीक पर बना होगा जो आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ काम करेगा। लीक के अनुसार रियलमी 3 प्रो को डुअल रियर कैमरा सेटअप पर लॉन्च किया जाएगा। रिपोर्ट में बताया गया है कि रियलमी 3 प्रो का एक बैक कैमरा सोनी आईएमएक्स519 सेंसर से लैस होगा। इसी तरह रियलमी 3 प्रो को लेकर बताया गया है कि इस फोन में वीओओसी 3.0 फास्ट चार्जिंग तकनीक भी दी जाएगी। यह भी पढ़ें : गूगल की वेबसाइट पर दिखा सस्ता Pixel 3a, इन दमदार फीचर्स के साथ देगा दस्तक
आपको बता दें कि रियलमी 3 प्रो को भारत की ब्यूरो आफ इंडियन स्टैंडर्ड (बीआईएस) वेबसाइट पर भी लिस्ट किया जा चुका है। इस वेबसाइट पर रियलमी 3 प्रो को आरएमएक्स1851 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। वहीं कुछ दिनों पहले रियलमी 3 प्रो को थाईलैंड की एनबीटीसी वेबसाइट पर भी इसी मॉडल नंबर यानि आरएमएक्स1851 के साथ लिस्ट देखा गया था। इन दोनों लिस्टिंग ने या साफ कर दिया था कि इसी महीने रियलमी का नया फोन भी टेक मंच पर लॉन्च हो जाएगा।

रियलमी 3
लगे हाथ आपको भारत में हिट जो चुके रियलमी 3 के वेरिएंट्स और कीमत की जानकारी दे दें कि भारत में यह फोन 2 वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। एक वेरिएंट जहां 3जीबी रैम के साथ 32जीबी मैमोरी सपोर्ट करता है वहीं दूसरे वेरिएंट में 4जीबी रैम मैमोरी के साथ 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है। कीमत की बात करें तो रियलमी 3 के 3जीबी रैम व 32जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 8,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है तथा फोन के 4जीबी रैम व 64जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 10,999 रुपये की कीमत पर बाजार में उतारा गया है।


















