
Huawei ने कुछ ही दिनों पहले ही टेक मंच पर अपनी पी40 सीरीज़ को पेश किया था। इस सीरीज़ के तहत हाईएंड फ्लैगशिप फोन Huawei P40 और Huawei P40 Pro लॉन्च किए गए थे। हुआवई का सब-ब्रांड ऑनर भी लगातार नए लॉन्च कर रहा है। वहीं अब हुआवई ने अपनी एक और स्मार्टफोन सीरीज़ के लॉन्च की जानकारी दे दी है। कंपनी की ओर से आज आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी गई है कि कंपनी आने वाली 23 अप्रैल को टेक मंच पर अपनी Huawei Nova 7 सीरीज़ लॉन्च कर देगी।
Huawei Nova 7 सीरीज़ के लॉन्च की जानकारी हुआवई ने चीनी माइक्रोब्लागिंग साइट वेईबो पर दी है। कंपनी ने अपने आधिकारिक वेईबो पर लॉन्च टीज़र पोस्ट करते हुए 23 अप्रैल की घोषणा की है। इस टीज़र में फोन के बैक पैनल को भी दिखाया गया है जिससे यह पता चला है कि हुआवई नोवा 7 सीरीज़ के फोन में कंपनी रेक्टेंग्ल शेप का रियर कैमरा सेटअप देगी जो पैनल के उपनी बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित होगा। उम्मीद है कि इस दिन कंपनी की ओर से Huawei Nova 7, Huawei Nova 7 SE और Huawei Nova 7 Pro स्मार्टफोन लॉन्च किए जाएंगे। 23 अप्रैल को चीन में लॉन्च होने के बाद ये डिवाईस अन्य बाजारों में दस्तक दे सकते हैं।

यह हो सकती है कीमत
हुआवई नोवा 7 सीरीज़ को लेकर पिछले दिनों में कई लीक्स सामने आए हैं। इन्हीं में से एक लीक में इस सीरीज़ की स्पेसिफिकेशन्स के साथ ही प्राइस रेंज का जिक्र भी किया गया था। लीक में सभी फोन मॉडल्स के मूल्य की जानकारी दी गई थी। कीमत की ही बात करें तो लीक के अनुसार Huawei Nova 7 की शुरूआती कीमत 2000 युआन के करीब हो सकती है। यह कीमत भारतीय करंसी अनुसार 21,000 रुपये के करीब है। इसी तरह Huawei Nova 7 SE का मूल्य 3,000 युआन यानि 32,000 रुपये के करीब और Huawei Nova 7 Pro की कीमत 3500 से 4000 युआन के बीच यानि 40,000 रुपये के करीब बताई गई है।
यह होगी स्पेसिफिकेशन्स
लीक के अनुसार सीरीज़ में Huawei Nova 7 स्मार्टफोन को हुआवई के ही किरीन 985 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। इसी तरह सीरीज़ के Huawei Nova 7 SE फोन में किरीन 820 चिपसेट देखने को मिल सकता है तथा Huawei Nova 7 Pro स्मार्टफोन को हुआवई के किरीन 990 चिपसेट पर लॉन्च किए जाने की बात लीक में सामने आई है। बता दें कि किरीन 990 चिपसेट हुआवई का 5जी चिपसेट है जो डुअल मोड 5जी कनेक्टिविटी के साथ आता है।

पिछले दिनों Huawei Nova 7 SE को चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर देखा गया था। इस लिस्टिंग में कहा गया था कि हुआवई नोवा 7 एसई को 6.5 इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च किया जा सकता है। इसके साथ ही फोन के बैक पैनल पर 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी लेंस दिए जाने की बात लीक में सामने आई थी। हुआवई नोवा 7 एसई को लेकर कहा गया था कि इस फोन में 22.5वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट देखने को मिलेगा। बहरहाल Huawei Nova 7 सीरीज़ की स्पेसिफिकेशन्स के लिए अभी फोन लॉन्च का इंतजार किया जा रहा है।





















