
सस्ते स्मार्टफोन बनाने के लिए मशहूर टेक कंपनी टेक्नो ने इंटरनेशनल मार्केट में अपनी एक और दावेदारी पेश की है। कंपनी की ओर से नया मोबाइल फोन Tecno Spark 8 लॉन्च कर दिया गया है। Tecno Spark 7 का अपग्रेडेड वर्ज़न बनकर आया यह टेक्नो फोन कंपनी की ओर से फिलहाल नाइजीरियन मार्केट में उतारा गया है जो 2GB RAM, MediaTek Helio P22 चिपसेट, 13MP कैमरा और 5,000mAh Battery सपोर्ट करता है। चलिए जानते हैं इस सस्ते फोन की खासियतें
Tecno Spark 8 की स्पेसिफिकेशन्स
टेक्नो स्पार्क 8 को कंपनी की ओर से 1600 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.5 इंच की एचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। यह एक वॉटरड्रॉप नॉच स्क्रीन है जो आईपीएस एलसीडी पैनल पर बनी है। फोन डिसप्ले के दोनों साईड्स जहां बेजल लेस दिए गए हैं वहीं नीचे की ओर चौड़ा चिन पार्ट मौजूद है। फोन का उपरी हिस्सा नैरो बेजल्स वाला है और यहां ‘वी’ शेप नॉच दी गई है। फोन की स्क्रीन 480nits ब्राइटनेस और 269ppi पिक्सल पर इंच डेनसिटी सपोर्ट करती है।

Tecno Spark 8 को एंडरॉयड 11 पर लॉन्च किया गया है जो ‘गो’ वर्ज़न पर काम करता है। Android Go एडिशन होने के चलते कम रैम व स्टोरेज होने तथा हल्का प्रोसेसर दिए जाने के बावजूद यह फोन स्मूथली काम करने में सक्षम है। यह नया टेक्नो फोन गूगल की भी ‘गो’ ऐप्लीकेशन्स सपोर्ट करता है जो इंटरनेट की खपत कम करती है। प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में मीडियाटेक का हीलियो पी22 चिपसेट दिया गया है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Tecno Spark 8 डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। क्वॉड एलईडी लाईट के साथ फोन के बैक पैनल पर 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ एक क्यूवीजीए लेंस मौजूद है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए टेक्नो स्पार्क 8 स्मार्टफोन 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

Tecno Spark 8 डुअल सिम फोन है जो 4जी एलटीई सपोर्ट करता है। 3.5एमएम जैक और बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के बैक पैनल पर रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं साथ ही यह फोन फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। टेक्नो ने अपने इस फोन में रियर फिंगरप्रिंट सेंसर की प्लेसमेंट कुछ ‘डिफरेंट’ की है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए टेक्नो स्पार्क 8 स्मार्टफोन में 10वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस 5,000एमएएच की बैटरी दी गई है।
Tecno Spark 8 का प्राइस
टेक्नो ने अपने इस नए फोन को नाइजीरियन मार्केट में एक ही वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। यह स्मार्टफोन 2 जीबी की रैम मैमोरी सपोर्ट करता है जिसके साथ 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है। इंटरनेशनल मार्केट में इस फोन का प्राइस 55,000 Nigerian Naira है जो भारतीय करंसी अनुसार 9,500 रुपये के करीब है। उम्मीद है कि यह सस्ता फोन जल्द ही इंडिया में भी लॉन्च कर दिया जाएगा।





















