
लंबे इंतजार के बाद अखिर एचएमडी ग्लोबल द्वारा नोकिया के एंडरॉयड फोन को भारत में लॉन्च कर ही दिया गया है। कंपनी ने नोकिया 3, नोकिया 5 और नोकिया 6 सहित तीन एंडरॉयड फोन पेश किए हैं। कंपनी की ओर नोकिया 3 को महज़ 9,499 रुपये, नोकिया 5 को 12,899 रुपये तथा नोकिया 6 को 14,999 रुपये की कीमत पर देश में लॉन्च किया है।
नोकिया 3 जहां आगामी 16 जून से आॅफलाईन स्टोर्स पर सेल के लिए उपलब्ध हो जाएगा वहीं नोकिया 5 को 7 जुलाई से खरीद सकेंगे। कंपनी की ओर से नोकिया 6 को ई-कॉमर्स साइट अमेज़न इंडिया पर एक्सक्लूसिव सेल के लिए लिस्ट किया जाएगा, जो 14 जुलाई से प्री-आॅर्डर के लिए उपलब्ध होगा।
नोकिया 3
नोकिया 3 की बॉडी पॉलीकार्बोनेट की बनी जो देखने में आकर्षक है। फोन में 5-इंच की 2.5डी कर्व्ड आइपीएस स्क्रीन दी गई है। इसका स्क्रीन रेजल्यूशन एचडी (720 x 1280 पिक्सल) है। वहीं अच्छी बात यह कही जा सकती है कि फोन की स्क्रीन कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास कोटेड है जो इसे सुरक्षा प्रदान करती है। नोकिया 3 को मीडियाटेक 6737 चिपसेट पर पेश किया गया है। बेहतर प्रोसेसिंग के लिए इसमें 1.3गीगाहट्र्ज का कोर्टेक्स ए53 प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही 2जीबी रैम और 16जीबी की इंटरनल मैमोरी दी गई है। फोन में 128जीबी तक के मैमोरी कार्ड का उपयोग कर सकते हैं।

नोकिया 3 एंडरायड आॅपरेटिंग सिस्टम 7.0 नुगट पर कार्य करता है और इमसें फोटोग्राफी के लिए 8-मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8-मेगापिक्सल का ही सेल्फी कैमरा दिया गया है। यह फोन नोकिया 3 में सिंगल और डुअल सिम मॉडल में उपलब्ध होगा।
नोकिया 5
नोकिया 5 की बॉडी मैटल फ्रेम की बनी है और यह देखने में काफी स्टाइलिश है। इसमें 5.2-इंच की स्क्रीन दी गई है जिसका स्क्रीन रेजल्यूशन 720 x 1280 पिक्सल है। फोन की स्क्रीन गोरिल्ला ग्लास कोटेड है और स्क्रीन के नीचे होम बटन पर ही फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है।

नोकिया 5 को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 430 चिपसेट पर पेश किया गया है और इसमें 1.4गीगाहट्र्ज का कोर्टेक्स ए53 आॅक्टाकोर प्रोसेसर है। फोन की इंटरनल मैमोरी 16जीबी है और इसमें 2जीबी की रैम मैमोरी दी गई है। फोटोग्राफी के लिए नोकिया 5 में 13-मेगापिक्सल आॅटोफोकस रियर कैमरा और 5-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा भी उपलब्ध है। यह फोन एंडरॉयड आॅपरेटिंग 7.0 नुगट पर रन करता है। दोहरा सिम आधारित इस फोन में 3जी और 4जी वोलटीई सपोर्ट भी मिलेगा।
नोकिया 6
फिलहाल कंपनी का यह सबसे ताकतवर फोन है। नोकिया 6 की बॉडी 6000 सीरीज एल्यूमिनियम की बनी है और यह देखने में शानदार है और इसकी मोटाई मात्र 7.85 एमएम है। फोन में 5.5-इंच की 2.5डी कर्व्ड फुल एचडी स्क्रीन दी गई है जो कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास कोटेड है। इसका स्क्रीन रेजल्यूशन 1080×1920 पिक्सल है। इसके अलावा स्क्रीन पर पोलराइज्ड लेयर का उपयोग किया गया है जिससे कि आप तेज धूप में भी स्पष्ट व्यू पा सकें।

नोकिया 6 क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 430 चिपसेट पर कार्य करता है और इसमें 4जीबी के साथ 64जीबी की इंटरनल मैमोरी उपलब्ध है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 16-मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा दिया गया है। वहीं पावर बैकअप के लिए 3,000 एमएएच की बैटरी दी गई है। फोन में ओटीजी सपोर्ट है और आप आप पेन ड्राइव का भी उपयोग कर सकते हैं। यह फोन एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम् 7.0 नुगट पर कार्य करता है और इसमें होम स्क्रीन पर ही फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा।





















