
इंडियन टेलीकॉम बाजार में मची लड़ाई किसी से छिपी नहीं है। अधिक से अधिक ग्राहकों को लुभाने तथा अपने यूजर बेस बढ़ाने के लिए दूरसंचार कंपनियां एक से बढ़कर एक पैक और प्लान लाती हैं। इन प्लान्स में कपंनियों की कोशिश रहती है कि कम से कम कीमत पर अधिक से अधिक बेनिफिट दिया जा सके। वहीं साथ ही किसी एक कंपनी द्वारा कोई नया प्लान लाने के बाद अन्य कंपनी भी अक्सर समान कीमत पर अपना प्लान पेश कर देती है। टेलीकॉम कंपनियों की इस प्रतिस्पर्धा से यूजर्स को फायदा तो हो रहा है लेकिन साथ ही यह कन्फ्यूजन भी पैदा हो रही है कि किस कंपनी को अपनाया जाए और किसका प्लान बेहतर है। आज हमने Reliance Jio और Airtel द्वारा लॉन्च किए गए 299 रुपये वाले प्लान की तुलना की है और जाना है कि कौन-सी कंपनी दे रही है ज्यादा फायदा।
Airtel
भारती एयरटेल ने हाल ही में 299 रुपये वाला प्लान पेश किया है। यह प्लान खासतौर पर प्रीपेड ग्राहकों के लिए लाया गया है जो 28 दिनों की वैधता के साथ आता है। प्लान में मिलने वाले फायदों की बात करें तो Airtel इस प्लान में हर दिन 2.5जीबी 4जी डाटा दे रही है। प्रतिदिन 2.5जीबी के हिसाब से यूजर्स को पूरे महीने में कुल 70जीबी इंटरनेट डाटा प्राप्त होगा।
इसके साथ ही Airtel यूजर्स को प्लान में हर दिन 100एसएमएस भी प्राप्त होंगे। वॉयस बेनिफिट की बात करें तो एयरटेल अपने ग्राहकों को इस प्लान के तहत अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा देती है। ये कॉल लोकल व एसटीडी नंबरों के साथ ही रोमिंग के दौरान भी पूरी तरह से फ्री रहेंगी। लगे हाथ आपको बता दें कि 299 रुपये का रिचार्ज कराने वाले एयरटेल यूजर्स को अमेज़न प्राइम मेंबरशिप भी प्राप्त होगी।
Reliance Jio
जियो की ओर से 299 रुपये का प्लान एयरटेल से पहले लाया गया था। यह प्लान भी 28 दिनों की वेलिडिटी के साथ आता है तथा जियो इस प्लान में अपने ग्राहकों को हर दिन 3जीबी इंटरनेट डाटा दे रही है। इस तरह से जियो यूजर्स 299 रुपये के रिचार्ज में कुल 84जीबी 4जी डाटा प्राप्त होगा। इंटरनेट डाटा के अलावा एसएमएस और कॉलिंग बेनिफिट एयरटेल के समान ही है।
रिलांयस जियो भी अपने ग्राहकों को हर दिन 100एसएमएस की सुविधा दे रही है। इसके साथ ही जियो यूजर्स इस प्लान में अनलिमिटेड कॉलिंग का लाभ पाएंगे। ये वॉयस कॉल भी लोकल व एसटीडी नंबरों के साथ ही रोमिंग के दौरान भी मुफ्त रहेगी। जियो यूजर्स जियो सिनेमा व माय जियो ऐप पर इंटरटेनमेंट सुविधाओं का लाभ पा सकते हैं।
डाटा का अंतर
Reliance Jio और Airtel के 299 रुपये वाले प्लान में इंटरनेट डाटा का फर्क है। Airtel जहां 70जीबी 4जी डाटा दे रही है वहीं Jio की ओर से कुल 84जीबी 4जी डाटा दिया जा रहा है। यानि दोनों कंपनियों द्वारा दिए जा रहे डाटा बेनिफिट में 14जीबी का अंतर है।






















