Android फोन में Voicemail कैसे सेटअप करें, जानें आसान तरीका

भारत में ज्यादातर लोग व्हाट्सऐप, SMS और मिस्ड कॉल पर भरोसा करते हैं, इसलिए Voicemail फीचर उतना लोकप्रिय नहीं हो पाया है, जितना अमेरिका और दूसरे पश्चिमी देशों में है। लेकिन यह एक बेहद उपयोगी सुविधा है, क्योंकि जब आप किसी कॉल का जवाब नहीं दे पाते हैं, तो कॉल करने वाला व्यक्ति आपके लिए वॉयस मैसेज छोड़ सकता है। बाद में आप उस रिकॉर्ड किए गए मैसेज को सुन सकते हैं। iPhone यूजर्स को iOS 18 के साथ नेटिव Voicemail सपोर्ट मिल गया था, लेकिन Android यूजर्स के लिए इस फीचर की जानकारी काफी कम उपलब्ध है। अगर आप Android फोन इस्तेमाल करते हैं और Voicemail ऑन करना चाहते हैं, तो यह गाइड आपके लिए है।
Android में Voicemail कैसे काम करता है?
भारत में एंड्रॉयड पर वॉयसमेल कैसे काम करता है, इसे लेकर काफी भ्रम है। वॉयसमेल वास्तव में आपके नेटवर्क ऑपरेटर (SIM कंपनी) का एक फीचर है, इसका आपके फोन से कोई सीधा लेना-देना नहीं होता है। आपका मेलबॉक्स, स्टोरेज और रिकॉर्डिंग्स, यह सब आपके ऑपरेटर के सर्वर पर स्टोर होते हैं।
एंड्रॉयड फोन भारत में वॉयसमेल का बेसिक सपोर्ट जरूर देता है। यह आपको फोन ऐप (Phone App) के भीतर ‘1 नंबर’ को दबाकर रखने (Long-press) का शॉर्टकट और वॉयसमेल नंबर सेट करने का विकल्प देता है। हालांकि अगर आपका सिम कार्ड प्रोवाइडर यह सर्विस नहीं दे रहा है, तो इस सेटिंग का कोई फायदा नहीं है। वैसे, वॉयसमेल दो तरह के होते हैं:
- बेसिक वॉयसमेल (Basic Voicemail): इसमें आपको अपने मेलबॉक्स नंबर पर कॉल करना पड़ता है और फिर आप आए हुए मैसेज सुन सकते हैं।
- विजुअल वॉयसमेल (Visual Voicemail): यह इसका आधुनिक रूप है, जिसमें आपको फोन ऐप के अंदर ही मैसेज की एक लिस्ट मिल जाती है और साथ ही मैसेज का लिखा हुआ अनुवाद (Transcription) भी दिख जाता है।
जहां तक भारत में सपोर्ट की बात है, तो Jio पर वॉयसमेल की कोई सुविधा नहीं मिलती है। हालांकि Airtel एक सही वॉयसमेल सर्विस देता है और एक्टिवेट होने के बाद यह पूरी तरह से मुफ्त है। इसके बावजूद, भारत का कोई भी ऑपरेटर एंड्रॉयड पर ‘विजुअल वॉइसमेल’ का सपोर्ट नहीं करता है, इसलिए स्क्रीन पर टेक्स्ट लिखे दिखने का वह शानदार अनुभव अभी सिर्फ आईफोन्स तक ही सीमित है।
संक्षेप में कहें, तो अगर आप एयरटेल (Airtel) के नेटवर्क पर हैं तो आप बेसिक वॉयसमेल सेट कर सकते हैं। और अगर आप जियो (Jio) पर हैं, तो आपके पास थर्ड-पार्टी ऐप का विकल्प होता है।
एंड्रॉयड पर वॉयसमेल कैसे सेटअप करें (केवल एयरटेल यूजर्स)
यदि आप भारत में एयरटेल सिम का उपयोग कर रहे हैं, तो एंड्रॉयड पर वॉयसमेल सेट कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त है और इसे किसी भी एंड्रॉयड फोन पर आजमाया जा सकता है।
- स्टेप- 1: अपने एंड्रॉयड फोन पर Phone ऐप को ओपन करें और एयरटेल की वॉयसमेल सर्विस शुरू करने के लिए *321*671# डायल करें।
- स्टेप- 2: कॉल बटन दबाएं। अब स्क्रीन पर एक छोटा सा पॉप-अप दिखाई देगा, इसमें पुष्टि करने के लिए 1 दर्ज करें।
- स्टेप- 3: कुछ ही मिनटों में, एयरटेल आपको एक मैसेज भेजेगा कि आपकी वॉयस मेल सर्विस जीरो रेंटल (बिना किसी शुल्क) पर चालू कर दी गई है।
- स्टेप- 4: इस मैसेज में एयरटेल का वॉयसमेल नंबर भी लिखा होगा, जो कि 52555 है।
- स्टेप- 5: अब, अपने फोन ऐप के अंदर Settings > Voicemail पर जाएं।
- स्टेप- 6: यहां Voicemail number वाले विकल्प को ओपन करें, वहां 52555 दर्ज करें और OK पर टैप कर दें।
- स्टेप- 7: अब, फोन ऐप के डायलर पैड में बस 1 नंबर को कुछ देर दबाकर रखें (Long-press) और आप सीधे अपने वॉयसमेल से कनेक्ट हो जाएंगे।
एयरटेल पर वॉयसमेल बेहतरीन तरीके से काम करता है। यदि आप व्यस्त हैं या उपलब्ध नहीं हैं, तो कॉल करने वाले अपनी आवाज में मैसेज रिकॉर्ड कर सकते हैं और आप उन्हें बाद में वॉयसमेल के जरिए सुन सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि एयरटेल भारत में यह सब मुफ्त में दे रहा है। अगर आप कभी अपने एंड्रॉयड फोन पर वॉयस मेल बंद करना चाहें, तो फोन ऐप में जाकर *321*673# डायल कर सकते हैं।
Truecaller से एंड्रॉयड पर वॉयसमेल कैसे सेट करें
यदि आपको जानकारी नहीं है, तो बता दें कि ट्रूकॉलर (Truecaller) ने दिसंबर 2025 में भारत में एंड्रॉयड के लिए एक मुफ्त वॉयसमेल फीचर पेश किया है। चूंकि यह कॉल को नेटवर्क ऑपरेटर के बजाय अपने खुद के सिस्टम के जरिए रूट करता है, इसलिए यह Airtel, Jio, Vi और BSNL समेत सभी नेटवर्कों पर काम करता है। ट्रूकॉलर ऐप की मदद से आप एंड्रॉयड पर स्पैम कॉल्स को भी ब्लॉक कर सकते हैं। ध्यान रखें कि वॉयसमेल चालू करने के लिए आप ट्रूकॉलर के फ्री वर्जन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
साथ ही, यह भी जानना जरूरी है कि ट्रूकॉलर आपके व्यस्त या अनुपलब्ध होने पर कॉल्स को रूट करने के लिए बैकएंड में ‘कॉल फॉरवर्डिंग’ (Call Forwarding) का इस्तेमाल करता है। यदि आप अपनी कॉल्स को ट्रूकॉलर के सिस्टम पर फॉरवर्ड करने में सहज नहीं हैं, तो आप इस तरीके को छोड़ सकते हैं। हालांकि ट्रूकॉलर का कहना है कि यह रिकॉर्डिंग्स को आपके डिवाइस पर ही सुरक्षित रखता है और एआई (AI) की मदद से उन्हें 12 भारतीय भाषाओं में ट्रांसक्राइब (टेक्स्ट में तब्दील) भी करता है। इसे सेट करने का तरीका नीचे दिया गया है:
- स्टेप- 1: Truecaller ऐप को अपने एंड्रॉयड फोन पर इंस्टॉल करने के बाद ओपन करें। फिर नीचे की तरफ दिए गए Voicemail टैब पर जाएं।
- स्टेप- 2: अब Activate now पर टैप करें। आपके एंड्रॉयड फोन पर वॉयसमेल चालू होने में कुछ सेकंड का समय लगेगा।
- स्टेप- 3: एक बार यह सेट हो जाने के बाद जब भी आप फोन उठाने के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, तो आपको ट्रूकॉलर ऐप के अंदर वॉयसमेल मिल जाएगा।
- स्टेप- 4: आप ऐप के भीतर ही उस रिकॉर्डिंग को सुन भी सकते हैं और साथ ही कॉल का ट्रांसक्रिप्ट (लिखा हुआ टेक्स्ट) भी देख सकते हैं।
यदि आप ट्रूकॉलर वॉयसमेल को बंद करना चाहते हैं, तो आप ऐप में ऊपर दिए गए थ्री-डॉट (three-dot) मेनू से ऐसा कर सकते हैं। इसके अलावा, ऑपरेटर स्तर पर अपने सैमसंग फोन या किसी अन्य एंड्रॉइड फोन से सभी कॉल फॉरवर्डिंग को पूरी तरह हटाने के लिए आप डायल पैड पर ##002# भी डायल कर सकते हैं।
Airtel Voicemail या Truecaller, कौन बेहतर है?
अगर आप Airtel यूजर हैं, तो Airtel की मुफ्त Voicemail सेवा सबसे आसान और भरोसेमंद विकल्प है। इसमें किसी थर्ड-पार्टी ऐप की जरूरत नहीं पड़ती है।
वहीं Jio, Vi और BSNL यूजर्स के लिए Truecaller Voicemail फिलहाल सबसे अच्छा विकल्प है। यह सभी नेटवर्क पर काम करता है और वॉयस मैसेज के साथ AI आधारित ट्रांसक्रिप्शन भी देता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि दोनों सेवाएं आपके मोबाइल नंबर से जुड़ी होती हैं। इसलिए यदि आप फोन बदल भी लेते हैं, तब भी Voicemail सुविधा पहले की तरह काम करती रहेगी।
कुल मिलाकर देखें, तो Voicemail भारत में भले ही ज्यादा लोकप्रिय न हो, लेकिन कई बार यह बहुत काम आ सकता है, खासकर तब जब आप किसी जरूरी कॉल का जवाब नहीं दे पाते। Airtel यूजर्स मुफ्त नेटवर्क Voicemail का लाभ उठा सकते हैं, जबकि Jio, Vi और BSNL यूजर्स Truecaller के जरिए यह सुविधा आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं। सही तरीके से सेटअप करने के बाद कोई भी महत्वपूर्ण संदेश आपके हाथ से नहीं छूटेगा।