
Apple Watch सिर्फ स्टाईलिश ही नहीं बल्कि बेहद काम की भी है। इस स्मार्टवॉच के कई फीचर्स ऐसे हैं जो न सिर्फ यूजर्स की दिनचर्या में काम आते हैं बल्कि इमरजेंसी के दौरान भी साथ निभाते हैं। पहले भी एप्पल वॉच के फॉल डिटेक्टर फीचर से जुड़ी कई खबरें सामने आई है जिसमें यह घड़ी पहने शख्स को मुसीबत में मदद प्राप्त हुई है। वहीं अब फिर से ऐसी ही एक घटना की जानकारी मिली है जिसमें Apple Watch के fall detection feature के चलते 25 साल के युवक को नया जीवनदान मिला है।
कुछ ऐसे हुआ हादसा
Apple Watch द्वारा एक शख्स की जान बचाए जाने का एक मामला न्यूयॉर्क से सामने आया है। प्राप्त जानकारी अनुसार 25 साल के ब्रैंडन श्नाइडर नाम के एक युवक कुछ दिनों से पेट दर्द से परेशान थे और इसी का ईलाज कराने के लिए वह अपने पिता के साथ एक अस्पताल में गए हुए थे। अस्पताल में बैठे हुए ब्रैंडन को वॉशरूम जाने की जरूरत पड़ी तो वह अपनी सीट से उठकर वॉशरूम चले गए। यह हादसा अस्पताल के वॉशरूम में ही हुआ है जहां ब्रैंडन बेहोश होकर वहीं फर्श पर गिर पड़े।
ब्रैंडन वॉशरूम में अकेले थे और वहां आसपास कोई भी नहीं था, जिससे श्नाइडर के गिरने की भनक किसी को नहीं लग पाई और ब्रैंडन वहां बेहोशी की हालत में पड़े रहे। लेकिन जिस वक्त ब्रैंडन गिरे थे उसी वक्त Apple Watch के फॉल डिटेक्टर फीचर ने यह भांप लिया था कि यह एक इमरजेंसी फॉल है और एप्पल वॉच ने ब्रैंडन के पिता को SOS मैसेज भेज दिया था। मैसेज मिलते ही ब्रैंडन के पिता ने उसे कॉल किया लेकिन उन्हें फोन का जवाब नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल के स्टॉफ के साथ ब्रैंडन के पिता ने उन्हें ढूंढा तो ब्रैंडन वॉशरूम के फर्श में बेहोश पड़ा मिला। यह भी पढ़ें : JioPhone को टक्कर देने इंडिया आए ये तीन नए फीचर फोन, 62 दिन तक चलेगी बैटरी और कीमत सिर्फ 1399 रुपये
खोपड़ी में फ्रैक्चर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जब बेहोश ब्रैंडन को उठाकर सीटी स्कैन किया गया तो पता चला कि उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हो चुका था और सिर के अंदर मौजूद नसों से खून निकलकर बाहर जमा हो चुका था। ब्रैंडन का इमरजेंसी ऑपरेशन किया गया और समय रहते उसकी जान बच गई है। इस गंभीर हादसे और मौत के बाहर निकलने का श्रेय Apple Watch को दिया गया है क्योंकि इस वॉच के फॉल डिटेक्शन फीचर के चलते ही ब्रैंडन को समय रहते मिल पाई और उसका ईलाज हो पाया।
25 वर्षीय ब्रैंडन श्नाइडर का कहना है कि उन्होंने कुछ समय पहले ही फॉल डिटेक्शन फीचर को ऑन किया था और इसी फीचर से उसे जरूरत पर सहायता मिल पाई। श्नाइडर ने सभी लोगों को एप्पल वॉच के इस इमरजेंसी अलर्ट फीचर को इंस्टॉल करने की सलाह दी है।



















