जानें FaceApp की कड़वी सच्चाई, कहीं यह शौक पड़ न जाए महंगा

अपने भविष्य को लेकर हर कोई चिंतित रहता है। आगे ज़िन्दगी में क्या होने वाला है, हर कोई जानना चाहता है। अभी तक अपना भविष्य जानने के लिए लोग ज्योतिष बाबा के पास जाते थे। लेकिन आजकल फ्यूचर देखने के लिए लोग अपना हाथ किसी को दिखा नहीं रहे है बल्कि अपने हाथ में फोन उठा रहे हैं, और चला रहे हैं FaceApp. पिछले कुछ दिनों में सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर FaceApp पूरी तरह से छा गई है। इस ऐप का शौक लोगों के सिर ऐसा चढ़ा है कि इंडिया में कुछ ही दिनों में यह नंबर वन ऐप बन गई है। लेकिन FaceApp का यूज़ करने वाले लोग शायद खुद नहीं जानते होंगे FaceApp का यह कड़वा सच।
FaceApp पिछले हफ्ते में इतना तेजी से वायरल हुई है कि एंडरॉयड प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर यह ऐप नंबर वन की पॉजिशन पर पहुॅंच चुकी है। सबसे पहले तो आपको बता दें कि इस ऐप को 10 करोड़ से भी ज्यादा बार गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा चुका है। इस ऐप के वायरल होने की शुरूआत हुई थी एक चैलेंज से जहां पर लोग FaceApp पर अपनी फोटो को बुढ़ापे की फोटो में तब्दील कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए बोलते हैं।
FaceApp पर एडिट हुई फोटोज़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिये लोगों के बुढ़ापे की फोटो बनाती है। और बुढ़ापे की ये फोटोज़ लोगों को इतना पसंद आई कि FaceApp कुछ ही दिनों में सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर छा गई। एक दूसरे को देख देखकर लोगों ने अपने फोन में भी यह ऐप डाउनलोड कर ली और शौक से बुढ़ापे की फोटो बनाने लगे। लेकिन इस शौक में लोगों ने सबसे जरूरी बात को नज़रअदांज कर दिया जो है FaceApp की टर्म्स एंड कंडिशंस।
यह है कड़वी सच्चाई
FaceApp को जब डाउनलोड करते है तो यहां टर्म्स एंड कंडिशंस बताई जाती है जिन्हें एक्सेप्ट कर इस ऐप का यूज़ किया जाता है। FaceApp के शौक के चलते लोग इन FaceApp टर्म्स एंड कंडिशंस की ओर ज़रा भी ध्यान नहीं दे रहे है और सभी शर्तों पर हां कर दे रहे हैं। आपको बता दें कि इन टर्म्स एंड कंडिशंस में पर्पिचुअल, इररिवोकेबल, रॉयलटी फ्री और वर्ल्डवाइड जैसी टर्म शामिल है। इनका मतबल है कि FaceApp पर अपलोड की गई फोटोज़ अब फेसऐप की प्रॉपर्टी बन गई है।
FaceApp की शर्तों के अनुसार आपने जो भी फोटो यहां अपलोड की है उस फोटो पर FaceApp का पूरा हक हो चुका है और इन फोटोज़ का यूज़ FaceApp अपनी मर्जी के अनुसार कहीं भी, किसी भी वहज से लिए, किसी भी जगह, किसी भी काम में कभी भी यूज़ कर सकती है। यानि आपकी फोटो पर आपसे ज्यादा हक FaceApp का हो चुका है और कानूनी तौर पर अपनी फोटो को यूज़ किए जाने का विरोध भी आप नहीं कर सकते हैं। FaceApp सिर्फ इंडिया ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में आपकी फोटो का इस्तेमाल अपनी मर्जी के मुताबिक कर सकती है।
15 करोड़ से अधिक फोटोज
आपको जानकारी हैरानी होगी कि एक रिपोर्ट के अनुसार FaceApp के सर्वर पर अभी तक 15 करोड़ से भी ज्यादा लोगों की तस्वीरें सेव हो चुकी हैं। ये 15 करोड़ फोटोज़ पूरी तरह से FaceApp की प्रॉपर्टी बन चुकी है। यूजर्स के लिए चिंता की बात यह भी हो सकती है कि अगर आप अपना अकाउंट डिलीट भी कर देते हैं तो भी आपकी फोटोज़ FaceApp के सर्वर पर मौजूद रहती है।
FaceApp की सफाई
खुद पर लग रहे इल्ज़ामात पर FaceApp ने भी अपनी सफाई पेश की है। FaceApp का कहना है कि, ‘हां, उनकी ऐप पर जो फोटो अपलोड की जाती है वह उनके सर्वर में सेव हो जाती है। लेकिन यह सीमित अवधि के लिए ही होता है। FaceApp सीईओ का दावा है कि ये फोटोज़ सिर्फ 48 घंटों तक ही ऐप के सर्वर पर रहती है और 48 घंटेें पूरे होने के बाद खुद से ही फोटो सर्वर पर से डिलीट कर दी जाती है।
आपको बता दें कि FaceApp एक रशियन ऐप है जिसका निर्माण 2017 में हुआ था। दो साल पहले बन चुकी ऐप का अचानक से इंडिया में इस कदर वायरल होना वाकई में आश्चर्यजनक है। यह कहीं न कहीं इंडियन यूजर्स की सोच और परिपक्वता को भी दर्शाता है।