
गूगल को लेकर पिछले कई दिनों से खबरें आ रही है कि कंपनी जल्द ही नए पिक्सल स्मार्टफोन लाने वाली है। गूगल के ये नए पिक्सल स्मार्टफोन पिक्सल 3 और पिक्सल 3 एक्सएल के छोटे वर्ज़न होंगे। वहीं, अब पिक्सल सीरीज के फोर्थ जनरेशन हैंडसेट की जानकारी सामने आने लगी है। गूगल पिक्सल 4 को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। पिक्सल 4 स्मार्टफोन का डिजाइन स्लैशललीक्स वेबसाइट पर सामने आया है। लीक इमेज के अनुसार पिक्सल 4 में डुअल रियर कैमरा सेटअप होगा। इससे पहले पिछले साल लॉन्च किए गए गूगल पिक्सल 3एक्सएल में सिंगल रियर कैमरा सेटअप मौजूद था। इतना ही नहीं फोन में डुअल कैमरा होने की जानकारी के साथ और भी लीक सामने आए हैं।
पंचहोल डिसप्ले से होगा लैस
गूगल पिक्सल 4 में फ्रंट में भी डुअल कैमरा सेटअप मौजूद हो सकता है। इसके अलावा स्मार्टफोन में पंचहोल डिसप्ले दिया जा सकता है। पंचहोल डिसप्ले हम अब तक हॉनर और सैमसंग के फोन में देख चुके हैं। हालांकि, लीक इमेज में फिंगरप्रिंट स्कैनर नजर नहीं आ रहा। यानी उम्मीद की जा सकती है कि फोन में इन-डिसप्ले फोन फिंगरप्रिंट सेंसर दिया जा सकता है। इससे पहले यह स्मार्टफोन बेंचमार्किंग वेबसाइट गीकबेंच पर नजर आया था। गीकबेंच पर गूगल पिक्सल 4 ने सिंगल कोर टेस्ट में 744 और मल्टिकोर टेस्ट में 3201 प्वाइंट्स स्कोर हासिल किए थे।
एंडरॉयड क्यू ऑपरेटिंग सिस्टम से होगा लैस
गूगल ने हाल ही में अपने नए एंडरॉयड एक्यू ऑपरेटिंग सिस्टम के बीटा वर्जन को पेश किया है। वहीं, गीकबेंच पर लिस्टिंग के मुताबिक यह स्मार्टफोन एंडरॉयड क्यू ऑपरेटिंग सिस्टम पर कार्य करेगा। ऐसी उम्मीद इसलिए भी लगाई जा रही है कि क्योंकि गूगल हमेशा अपने फोन में सबसे पहले एंडरॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम को देती है।
वहीं, इससे पहले सामने आई जानकारी के अनुसार कंपनी गूगल पिक्सल 3 और पिक्सल 3 एक्सएल के छोटो वर्जन पर भी काम कर रही है। इन नए मॉडल्स को पिक्सल 3ए और पिक्सल 3ए एक्सएल नाम के साथ लॉन्च किया जा सकता है। गूगल अपने इन पिक्सल स्मार्टफोंस को मीड रेंज सेग्मेंट में लॉन्च करेगी। गूगल के ये नए फोन कीमत में जहां बेहद कम होंगे वहीं स्पेसिफिकेशन्स के मामले में दमदार होंगे। गूगल की ओर से हालांकि अभी तक इस बात की कोई जानकारी नहीं दी गई है कि पिक्सल 3ए और पिक्सल 3ए एक्सएल कब तक लॉन्च होंगे लेकिन इनमें से एक फोन को गीकबेंच पर लिस्ट कर दिया गया है। गीकबेंच की इस लिस्टिंग में फोन का नाम गूगल पिक्सल 3ए एक्सएल बताया गया है।
गीकबेंच पर पिक्सल 3ए एक्सएल को 4जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया है। इस लिस्टिंग से पता चला है कि गूगल पिक्सल 3ए एक्सएल एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया जाएगा तथा इस फोन में 1.71गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड स्पीड वाला ऑक्टा-कोर प्रोसेसर देखने को मिलेगा। वहीं गीकबेंच ने साफ कर दिया है कि पिक्सल 3ए एक्सएल क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन चिपसेट दिया जाएगा।


















