Google का कमाल: TikTok के अच्छे दिन फिर हुए शुरु, रेटिंग गिराने वालों को लगा झटका

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2019/04/tiktok-1.jpg

इंडिया में कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन में सबसे ज्यादा पॉपुलर हुए वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक बीते कुछ दिनों से खबरों में बना हुआ है। शुरुआत में यूट्यूब वीडियो बनाने वाले अजय नागर ने अपने कैरी मिनाटी नाम के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो डाला था जो कि अब डीलिट हो चुका है। इस वीडियो को देखकर लोगों में टिकटॉक पर परोसे जा रहे कंटेंट को लेकर गुस्सा आना शुरु हुआ। वहीं, यूट्यूब और टिकटॉक यूजर्स के बीच अचानक एक जंग छिड़ गई। इस लड़ाई के कारण कुछ ही समय में ट्विटर पर #BanTikTok ट्रेंड करने लगा और नतीजा यह हुआ की टिकटॉक की रेटिंग धड़ाम से नीचे गिरकर 1.2 रह गई। लेकिन, लगभग एक हफ्ते बाद टिकटॉक की रेटिंग में सुधार हुआ है और यह फिर 4.4 हो गई है। इससे सबसे ज्यादा बुरा रेटिंग गिराने वालों को लगा होगा। लेकिन, ऐसा क्या हुआ कि एक ही हफ्ते में रेटिंग में सुधार हो गया। आइए आगे आपको इसकी जानकारी देते हैं।

गूगल ने किया कमाल

टिकटॉक की रेटिंग में सुधार आना कोई चमत्कार नहीं है बल्कि गूगल का कमाल है। गूगल ने गूगल प्ले स्टोर की अपने टीम की मदद से इस कमाल को अंजाम दिया है। दरअसल, गूगल प्ले स्टोर से लगभग 80 लाख नेगेटिव रिव्यू को डिलीट किया गया है। यह वही रिव्यू हैं जो कि यूट्यूब-टिकटॉक विवाद के बाद सामने आए थे। लोगों ने ऐप को कम से कम रेटिंग दी, जिसके चलते ऐप की ओवरऑल रेटिंग 4.8 से गिरकर 1.2 हो गई थी।

गूगल के पास है हक
गूगल के पास इस बात का हक है कि अगर कोई गलत रिव्यू पोस्ट करे या फिर एक से ज्यादा अकाउंट से रिव्यू पोस्ट करे तो गूगल उसे हटा सकता है। टिकटॉक की रेटिंग के गिरने में भी गूगल ने अपनी इसी पॉलिसी को अपनाया है। इस पॉलिसी की मदद से लगभग 80 लाख नेगेटिव रिव्यू हटाया गया, जिससे टिकटॉक की रेटिंग फिर 4.4 पहुंच गई है।

आपको बता दें कि टिकटॉक ऐप पर परोसे जा रहे कंटेंट को लेकर कई बार सवाल भी उठ चुके हैं। वहीं दूसरी ओर टिकटॉक के चीनी ऐप होने के चलते भी इसके प्रति लोगों की नफरत बढ़ रही है तथा देश में फैले कोरोना वायरस की वजह से टिकटॉक को डिलीट कर चीन के प्रति गुस्सा निकाल जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में एक रिपोर्ट सामने आई थी, जिसके अनुसार इंडिया में 611 मिलियन यानि तकरीबन 61 करोड़ से भी अधिक लोगों ने फोन में TikTok डाउनलोड किया है। यह पूरी दुनिया में डाउनलोड हुए TikTok का तकरीबन 30 प्रतिशत है। वहीं, कुछ समय पहले टिकटॉक सेलिब्रेटी कहे जाने वाले फैज़ल सिद्दिकी ने एक वीडियो डाली थी, जिसे लेकर उनपर आरोप लगा कि वह एसिड अटैक को बढ़ावा दे रहे हैं। यह मामला इतना बढ़ा की इसमें राष्‍ट्रीय महिला आयोग को आना पड़ा। इतना ही नहीं मामले को बढ़ता देख Tiktok ने फैजल सिद्दिकी का अकाउंट भी सस्पेंड कर दिया था। लेकिन, इसे भी फिर रिएक्टिवेट कर दिया गया है।

Mitron से मिल रही टक्कर

बता दें कि चीनी ऐप की रेटिंग में गिरावट आने के बाद Tik Tok जैसा ही एक भारतीय ऐप मित्रों Mitron को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। कुछ ही समय में Mitron ऐप की पॉपुलैरिटी बढ़ी और फिलहाल प्ले स्टोर के मुताबिक ये भारत के पॉपुलर ऐप्स में से एक बन चुका है। गौरतलब है कि इसे महीने भर पहले ही लॉन्च किया गया था।महीने भर पहले लॉन्च हुए इस ऐप को अभी तक 50 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका है। शुरुआती में तो यह Tik Tok को टक्कर देता दिखाई दे रहा है।