
91मोबाइल्स ने पिछले महीने बताया था कि टेक कंपनी इनफिनिक्स अपनी ‘हॉट सीरीज़’ के नए स्मार्टफोन पर काम कर रही है जिसे Infinix Hot 9 नाम के साथ लॉन्च किया जाएगा। हमारी खबर के कुछ ही दिनों बाद यह फोन इंडोनेशिया में लॉन्च कर दिया गया था, जहां इसने लो बजट सेग्मेंट में एंट्री ली थी। वहीं अब खबर आ रही है कि इनफिनिक्स इस फोन को जल्द ही भारत में लॉन्च करने वाली है और इंडिया आने वाले इस फोन को नाम Infinix Hot 9 Pro होगा। फोन की घोषणा से पहले ही यह स्मार्टफोन गूगल पर भी सामने आ गया है।
Infinix Hot 9 Pro को दरअसल गूगल प्ले कंसोल पर लिस्ट हुआ है जिसे एमएसपी ने स्पॉट किया है। यहां लिस्टिंग में फोन के नाम के साथ ही इसकी फोटो और स्पेसफिकेशन्स की जानकारी भी मिली है। बता दें कि यह फोन लुक के मामले में इंडोनेशिया में लॉन्च हुए हॉट 9 जैसा ही है जिसके फ्रंट पैनल पर पंच होल डिसप्ले दी गई है। इसके अलावा लिस्टिंग में खुलासा हुआ है कि यह फोन एंडरॉयड 10 ओएस पर लॉन्च होगा तथा फोन में 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी की स्टोरेज देखने को मिलेगी। प्ले कंसोल पर Infinix Hot 9 Pro को 6.6 इंच की बड़ी डिसप्ले से लैस बताया गया है।
Infinix Hot 9
इनफिनिक्स हॉट 9 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो कंपनी की ओर से इस फोन को 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 6.6 इंच की एचडी+ पंच-होल डिसप्ले सपोर्ट करता है। यह फोन एंडरॉयड आधारित है जो एक्सओएस 6 पर काम करता है। हालांकि फोन में प्रोसेसर कौन सा दिया गया है यह जानकारी अभी सामने नहीं आई है लेकिन आशा है कि इनफिनिक्स हॉट 9 में मीडियाटेक हीलियो चिपसेट दिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : 5100एमएएच बैटरी और 144हर्ट्ज़ डिसप्ले पर लॉन्च हुआ यह पावरफुल गेमिंग फोन
इंडोनेशिया में इस फोन को 4 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Infinix Hot 9 क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एफ/1.8 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। यहां आपको बता दें कि इंडिया आने वाले Infinix Hot 9 में प्राइमरी रियर कैमरा सेंसर 48 मेगापिक्सल का होगा।
Infinix Hot 9 डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही फोन के बैक पैनल पर जहां सिक्योरिटी के लिए रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं पावर बैकअप के लिए यह फोन 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करता है। इंडोनेशिया में इनफिनिक्स हॉट 9 को भारतीय करंसी अनुसार 7,500 रुपये में लॉन्च किया गया है। उम्मीद की जा सकती है कि इंडिया में Infinix Hot 9 Pro स्मार्टफोन हॉट 9 की अपेक्षा कुछ अधिक एडवांस होगा।
Infinix Smart TV
यहां आपको बता दें कि Infinix भारत में स्मार्टटीवी लॉन्च करने की तैयारी में है। हमें प्राप्त जानकारी के मुताबिक इनफिनिक्स की योजना जनवरी में ही स्मार्ट टीवी की घोषणा कर देने की थी, लेकिन कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते उन्हें अपनी प्लानिंग में बदलाव करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार इनफिनिक्स आने वाले दिनों में बाजार की स्थिति सही रही तो अपने स्मार्ट टेलीविज़न को आधिकारिक तौर पर पेश कर देगी। Infinix के इस एंडरॉयड स्मार्टटीवी को लेकर हमें बताया गया है कि कंपनी का यह नया प्रोडक्ट 43 इंच की डिसप्ले वाला होगा और स्मार्टटीवी की कीमत 20,000 रुपये के करीब होगी। Infinix अपने Smart TV के साथ Realme और Xiaomi को कड़ी टक्कर देने वाले हैं।






















