15000mAh बैटरी वाला फोन हुआ पेश! 24GB RAM और दो 200MP कैमरा के साथ आया iQOO X

मोबाइल तकनीक हर दिन बदल रही है और खुद को एडवांस कर रही है। ज्यादा वक्त नहीं बीता है जब 6000mAh तक बैटरी, 8GB RAM और 50MP कैमरा वाले मोबाइल को फ्लैगशिप फोन की कैटेगरी में शामिल किया जाता था। लेकिन आज ये स्पेक्स बहुत ज्यादा पीछे छूट चुकी हैं। टेक ब्रांड आइकू ने अपनी ताकत और टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन करते हुए iQOO X को शोकेस किया है जिसमें 15000mAh बैटरी, 24GB RAM और डुअल 200MP कैमरा सेंसर लगे हैं।
सबसे पहले तो आपको बता दें कि iQOO X एक कॉन्सेप्ट फोन है। यानी इसे फिलहाल सिर्फ कागज़ो पर तैयार किया गया है जो अभी मार्केट में बिकेगा नहीं। यह आइकू का फ्यूचर प्लान है जो आने वाले समय में कर्मिशयली रोलआउट किया जा सकता है। आइकू एक्स स्मार्टफोन को प्रदर्शित करके फिलहाल कंपनी ने अपनी स्ट्रेटजी और ब्रांड की पहचान को मजबूत करने की कोशिश की है। आइकू एक्स को बाजार में आने में कुछ सालों का समय लगना तय है।
iQOO X की प्रोसेसिंग
अगर मोबाइल की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो ब्रांड के मुताबिक आइकू एक्स में Snapdragon 8 Elite Gen 10 Pro चिपसेट लगाया जाएगा। गौरतलब है कि अभी तक सिर्फ क्वालकॉम की ओर से Snapdragon 8 Elite Gen 6 Pro प्रोसेसर को मार्केट में लाए जाने की खबर हैं। स्नेपड्रैगन 8 एलिट जेन 10 कई जेनरेशन आगे का मोबाइल सीपीयू है जिसे बनने में टाइम लगेगा।
आइकू के मुताबिक इस क्वालकॉम प्रोसेसर के साथ ही QX gaming chip भी दी जाएगी। कंपनी के अनुसार यह आइकू की इन-हाउस चिप होगी जो स्मार्टफोन परफॉर्मेंस को बिल्कुल स्मूथ और लैगफ्री बनाए रखेगी। इस चिप का निर्माण खासतौर पर मोबाइल गेमिंग एक्सपीरियंस को बेहतर करने के लिए किया जाएगा जो e-sports में माहिर होगी। वहीं ब्रांड की मानें तो iQOO X का टॉप वेरिएंट 24GB RAM + 1TB Storage सपोर्ट करेगा।
iQOO X की बैटरी
फ्यूचर टेक परफॉर्मेंस के साथ ही आइकू एक्स स्मार्टफोन में बड़ी बैटरी भी लगाई जाएगी। ब्रांड के अनुसार यह अपकमिंग मोबाइल फोन पावर बैकअप के लिए 15000mAh battery सपोर्ट करेगा। इतनी बड़ी बैटरी तो आजकल के टैबलेट डिवाइस में भी देखने को नहीं मिलती है। आइकू के मुताबिक यह solid-state बैटरी होगी जो आज की silicon-carbon बैटरी टेक से एडवांस और भरोसेमंद होगी।
iQOO X की डिस्प्ले
कॉन्सेप्ट फोन आइकू एक्स को कंपनी ने 7-इंच स्क्रीन पर पेश किया है। इसमें Samsung M16 पैनल का इस्तेमाल किया गया है। ब्रांड के मुताबिक आइकू एक्स की स्क्रीन को LTPO 6.0 तकनीक पर बनाया जाएगा जिसपर 2K पिक्सल रेजोल्यूशन प्राप्त होगी। एलटीपीओ 6 एडवांस मोबाइल डिस्प्ले टेक है जिसपर हाई रिफ्रेश रेट और लो पावर कंजप्शन मैटेरियल का इस्तेमाल किया जाएगा।
iQOO X स्मार्टफोन को कंपनी ने फुल स्क्रीन डिजाइन पर पेश किया है। यानी इसमें स्क्रीन के चारों ओर बॉडी पार्ट बिल्कुल भी नजर नहीं आएगी। वहीं स्मार्टफोन का फ्रंट कैमरा भी स्क्रीन के नीचे लगाया जाएगा। इस मोबाइल डिस्प्ले पर 240Hz रिफ्रेश रेट और 400Hz टच सैंपलिंग रेट का सपोर्ट देखने को मिल सकता है। ब्रांड के मुताबिक इस फोन में ultrasonic फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक दी जाएगी और स्क्रीन के लोअर हाफ पार्ट पर कहीं भी टैप करके फोन को अनलॉक किया जा सकेगा।
iQOO X का कैमरा
फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के मामले में भी आइकू एक्स स्मार्टफोन को काफी एडवांस और पावरफुल बनाया गया है। यह आइकू का कॉन्सेप्ट फोन डुअल 200MP Camera के साथ पेश किया गया है। इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप लगाया गया है जो पिलशेप में हॉरिजॉन्टली प्लेस किया गया है। इस मोबाइल में 200 मेगापिक्सल Samsung HPC कैमरा लगाया गया है जो आइकू एक्स का मेन सेंसर है।
इसके साथ स्मार्टफोन में सैमसंग का ही 200 मेगापिक्सल periscope telephoto सेंसर दिए जाने की जानकारी कंपनी द्वारा दी गई है। iQOO X का थर्ड रियर सेंसर 50 मेगापिक्सल का है जो एक अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस है। फिलहाल मोबाइल के सेल्फी कैमरा की जानकारी सामने नहीं आई है।
iQOO X का प्राइस
आइकू ने अपने इस कॉन्सेप्ट स्मार्टफोन को कुल चार मेमोरी वेरिएंट्स में पेश किया है। बेस वेरिएंट में 12GB RAM + 512GB Storage दी गई है जिसका प्राइस 6999 युआन रखा गया है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार 99,300 रुपये के करीब है। इसी तरह 16GB RAM + 512GB Storage वेरिएंट का प्राइस 7399 युआन यानी 1,04,980 रुपये के करीब बताया गया है।
iQOO X 1TB Storage के साथ भी पेश किया गया है जो दो रैम वेरिएंट्स में लाया जाएगा। इसके 16GB RAM + 1TB Storage का रेट 7799 युआन यानी तकरीबन 1,10,660 रुपये बताया गया है। कॉन्सेप्ट फोन आइकू एक्स के टॉप वेरिएंट में 24GB RAM दी गई है जो 1TB Storage सपोर्ट करता है। इसका प्राइस ब्रांड ने 8599 युआन बताया है जो 1,22,000 रुपये के करीब है। यह मोबाइल मार्केट में सेल के लिए कब तक लाया जाएगा इस बारे में अभी कुछ पुख्ता नहीं कहा जा सकता है।