130-इंच तक स्क्रीन और 4K सपोर्ट वाले JUST CORSECA के दो स्मार्ट प्रोजेक्टर लॉन्च, कीमत 6,999 रुपये से शुरू

Join Us icon

JUST CORSECA ने होम एंटरटेनमेंट सेगमेंट में दो नए स्मार्ट प्रोजेक्टर लॉन्च किए हैं। इनमें JC STUDIOX (JST 830) और JC STUDIOX PRO (JST 832) शामिल हैं। दोनों प्रोजेक्टर में वायरलेस स्क्रीन मिररिंग, बिल्ट-इन स्पीकर और 4K कंटेंट प्लेबैक तक सपोर्ट मिलता है। कंपनी के अनुसार, इनसे घर पर 120 इंच और 130 इंच तक की स्क्रीन पर कंटेंट देखा जा सकता है। आइए, आगे फीचर्स और कीमत की डिटेल्स जानते हैं।

कीमत और उपलब्धता

JC STUDIOX (JST 830) की कीमत 6,999 रुपये और JC STUDIOX PRO (JST 832) की कीमत 10,999 रुपये रखी गई है। दोनों प्रोजेक्टर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, Amazon, Flipkart और भारत के चुनिंदा ऑफलाइन रिटेल स्टोर से खरीदे जा सकते हैं।

JC STUDIOX के फीचर्स 

JC STUDIOX में 1280×720 पिक्सल का HD नेटिव रिजॉल्यूशन मिलता है। यह 1080p और 4K कंटेंट को भी सपोर्ट करता है। प्रोजेक्टर में 170 ANSI ल्यूमेंस ब्राइटनेस और 4000:1 का FOFO कॉन्ट्रास्ट रेशियो दिया गया है। इसकी मदद से 40 इंच से लेकर 120 इंच तक की स्क्रीन पर कंटेंट प्रोजेक्ट किया जा सकता है।

इस प्रोजेक्टर में ऑटो कीस्टोन करेक्शन फीचर मिलता है। इसकी मदद से प्रोजेक्टर को थोड़ा तिरछा रखने पर स्क्रीन पर बनने वाली तस्वीर के आकार को ठीक किया जा सकता है। इसमें 16:9 और 4:3 आस्पेक्ट रेशियो का सपोर्ट भी है।

JC STUDIOX Android 11 पर काम करता है। इसमें H713 क्वाड-कोर ARM Cortex-A53 प्रोसेसर के साथ 1GB RAM और 8GB इंटरनल स्टोरेज मिलता है। इसमें Netflix, Prime Video और YouTube का सपोर्ट भी दिया गया है।

प्रोजेक्टर में 5GHz Wi-Fi, Bluetooth 5.4, HDMI, USB और ऑडियो पोर्ट मिलते हैं। इसमें AirPlay के जरिए iPhone और दूसरे iOS डिवाइस और Miracast के जरिए Android डिवाइस से वायरलेस स्क्रीन मिररिंग की जा सकती है। यही नहीं 3W का बिल्ट-इन स्पीकर दिया गया है। यूजर्स चाहें तो अपने Bluetooth स्पीकर और हेडफोन भी कनेक्ट कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने इसके LED लाइट सोर्स की लाइफ 50,000 घंटे से ज्यादा बताई है।

JC STUDIOX PRO के फीचर्स

JC STUDIOX PRO में 1920×1080 पिक्सल का फुल HD नेटिव रिजॉल्यूशन मिलता है। यह 4K कंटेंट को भी सपोर्ट करता है। इसमें 350 ANSI ल्यूमेंस ब्राइटनेस और 6000:1 का कॉन्ट्रास्ट रेशियो दिया गया है। इस मॉडल पर 40 इंच से लेकर 130 इंच तक की स्क्रीन पर कंटेंट देखा जा सकता है।

PRO मॉडल में ऑटो डिजिटल फोकस फीचर दिया गया है, जो तस्वीर को साफ बनाने के लिए फोकस अपने आप एडजस्ट करता है। इसमें ऑटो कीस्टोन करेक्शन भी मिलता है। इस मॉडल की खासियत इसका 360-डिग्री रोटेटिंग डिजाइन है। इसकी मदद से प्रोजेक्टर का एंगल जरूरत के हिसाब से बदला जा सकता है और दीवार के अलावा छत पर भी कंटेंट प्रोजेक्ट किया जा सकता है। इसका वजन 1.2 किलोग्राम है।

JC STUDIOX PRO Android 12 पर रन करता है। इसमें 1GB RAM और 8GB इंटरनल स्टोरेज मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए Bluetooth 5.4, डुअल-बैंड Wi-Fi और Wi-Fi 6 सपोर्ट दिया गया है। इसमें भी AirPlay, Miracast, HDMI, USB 2.0 और ऑडियो कनेक्टिविटी मिलती है।

ऑडियो के लिए 3W का बिल्ट-इन स्पीकर दिया गया है। कंपनी के अनुसार, इस मॉडल के LED लाइट सोर्स की लाइफ भी 50,000 घंटे से ज्यादा है। इसमें भी Netflix, Prime Video और YouTube का सपोर्ट मिलेगा। ब्रांड के दोनों प्रोजेक्टर के बॉक्स में रिमोट कंट्रोल, AC पावर केबल, यूजर मैनुअल और एक प्रोजेक्शन स्क्रीन दी जाएगी।

यदि आप कम कीमत में प्रोजेक्टर देख रहे हैं तो JC STUDIOX अच्छा विकल्प है। जबकि बजट थोड़ा बढ़ा सकते हैं तो JC STUDIOX PRO मॉडल अच्छा रहेगा। उम्मीद करते हैं जानकारी आपके काम आएगी। 91मोबाइल्स के साथ टेक से जुड़े अपडेट लेते रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here